Media24Media.com: कांग्रेस में गुटबाजी पर भाजपा का हमला, खुशवंत साहेब बोले - “सिंहदेव, बैज और भूपेश गुट सक्रिय”

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

कांग्रेस में गुटबाजी पर भाजपा का हमला, खुशवंत साहेब बोले - “सिंहदेव, बैज और भूपेश गुट सक्रिय”

Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही बयानबाजी और कथित अंदरूनी खींचतान पर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर गुटबाजी, संगठनात्मक अराजकता और परिवारवाद का आरोप लगाते हुए पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।


मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस में एक नहीं, बल्कि कई गुट सक्रिय हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस में सिंहदेव गुट है, बैज गुट है, भूपेश गुट है और समय-समय पर नए गुट भी बनते रहते हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में पद और कुर्सी को लेकर लगातार संघर्ष चलता रहता है, जिससे पार्टी की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस अपने आंतरिक विवादों को सुलझाने के बजाय सार्वजनिक मंचों पर आरोप-प्रत्यारोप में उलझी रहती है, जिससे उसकी कमजोरी उजागर होती है।

परिवारवाद पर भी साधा निशाना

खुशवंत साहेब ने कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी हमेशा एक खास परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रही है। उन्होंने कहा, “जो लोग अपनी पार्टी को एकजुट नहीं रख पा रहे हैं, वे देश की एकता की बात करते हैं, यह हास्यास्पद है।”

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस में विचारधारा की कमी है और वहां केवल सत्ता तथा स्वार्थ की राजनीति हावी है।

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे पर दी सफाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के विकास कार्यों, नई योजनाओं और राज्यहित के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार से मुलाकात करते हैं तथा छत्तीसगढ़ के लिए नई सौगातें लेकर आते हैं।

पेट्रोल-डीजल कीमतों पर भी दिया जवाब

पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खुशवंत साहेब ने कहा कि ईंधन की कीमतें वैश्विक परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं। हालांकि, राज्य सरकार आम जनता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास कर रही है।

भाजपा संगठन पर कही यह बात

भाजपा के संगठनात्मक प्रशिक्षण शिविर को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है, इसलिए कार्यकर्ताओं के नियमित प्रशिक्षण और संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाता है।

मंत्री ने अंत में कहा कि भाजपा का फोकस विकास, सुशासन और मजबूत संगठन पर है, जबकि कांग्रेस केवल बयानबाजी और आंतरिक कलह में उलझी हुई है।

 
 
Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.