Media24Media.com: भिलाई में दिनदहाड़े झपटमारी, महिला से 15 हजार रुपये समेत बैग लूटकर फरार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

भिलाई में दिनदहाड़े झपटमारी, महिला से 15 हजार रुपये समेत बैग लूटकर फरार

Document Thumbnail

 भिलाईनगर : दुर्ग जिले के भिलाई शहर में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से बाइक सवार तीन युवकों ने बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुरैना वार्ड नंबर 40 निवासी संध्या (33 वर्ष) 2 अप्रैल को अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ ऑटो से खुर्सीपार जा रही थीं। शाम करीब 5 बजे खुर्सीपार गेट चौक पर ऑटो से उतरने के बाद जैसे ही वे सर्विस रोड पर पहुंचीं, तभी पावर हाउस की ओर से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनके कंधे पर टंगे हैंडबैग को झपट्टा मारकर छीन लिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से रायपुर की ओर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि वह बाइक का नंबर नहीं देख पाई, हालांकि आरोपियों को पहचान सकती हैं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी पूरी वारदात देखी।

लूटे गए बैग में करीब 15 हजार रुपये नकद, बैंक ऑफ बड़ौदा की पासबुक और एसबीआई का एटीएम कार्ड रखा हुआ था। घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी।

घटना के लगभग एक सप्ताह बाद, 9 अप्रैल को पीड़िता ने अपने पति के साथ खुर्सीपार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0131/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.