Media24Media.com: “गौठान में गाय नहीं, सिर्फ घोटाला था”- CM साय का कांग्रेस पर करारा वार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

“गौठान में गाय नहीं, सिर्फ घोटाला था”- CM साय का कांग्रेस पर करारा वार

Document Thumbnail

 रायपुर। विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के रहंगी में कृषक उन्नति योजना के तहत आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया और गौठान योजना में भ्रष्टाचार हुआ।


“किसानों को बारदाने के लिए रोना पड़ता था”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान किसानों को धान खरीदी के लिए बारदाना समय पर उपलब्ध नहीं हो पाता था। उनकी सरकार ने जूट कमिश्नर के माध्यम से पर्याप्त और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की, जिससे अब किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती।

अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान

साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार अंतर की राशि चार किस्तों में देती थी, जबकि वर्तमान सरकार धान खरीदी समाप्त होते ही सप्ताह-दस दिन के भीतर एकमुश्त भुगतान कर रही है। उन्होंने बताया कि एमएसपी के तहत 33,431 करोड़ रुपये का भुगतान 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में किया गया।

अटल सरकार की पहल का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड योजना शुरू किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसानों को पूंजी के लिए भटकना नहीं पड़ता।

सहकारी ऋण पर ब्याज में कमी

उन्होंने कहा कि राज्य गठन (2000) के बाद सहकारी बैंकों का ब्याज 16–18% था, जिसे रमन सिंह के नेतृत्व में 7% और फिर 3% किया गया। वर्तमान में किसानों को ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा मिल रही है।

धान खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल

साय ने कहा कि राज्य सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। अधिया, रेगहा, पब्लिक ट्रस्ट और वनभूमि पट्टाधारकों से भी खरीदी की जा रही है। साथ ही 5.62 हजार से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।

सिंचाई और कृषि बजट पर जोर

उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने सिंचाई के लिए 5,700 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे, जबकि उनकी सरकार ने दो वर्षों में 10,700 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। इस वर्ष कृषि क्षेत्र के लिए 13,507 करोड़ रुपये (कुल बजट का 8%) का प्रावधान किया गया है।

“गौठान में भी भ्रष्टाचार”

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब पार्टी कार्यकर्ताओं ने गौठानों की स्थिति देखी, तो कई स्थानों पर सिर्फ साइन बोर्ड लगे थे—न गाय थीं, न वर्मी कम्पोस्ट। उन्होंने इसे “गौठान घोटाला” बताया।

किसानों को सशक्त बनाने का लक्ष्य

साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार का लक्ष्य किसानों को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि किसानों के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.