Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

फिर हाथी का कहर - जंगल गए बुजुर्ग को कुचल डाला, गांवों में दहशत

Document Thumbnail

 रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मानव-हाथी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज अंतर्गत ग्राम चुहकीमार में जंगली हाथी के हमले से 70 वर्षीय गंगाराम सारथी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, गंगाराम सारथी रोज की तरह सुबह जंगल लकड़ी लेने गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे जंगल के भीतर उनका सामना एक विशालकाय जंगली हाथी से हो गया। अचानक हुए हमले में हाथी ने उन्हें पटक-पटककर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद गांव में सन्नाटा

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

वन विभाग ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने की चेतावनी

वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल में अकेले न जाएं और हाथियों के संभावित मूवमेंट रूट से दूरी बनाए रखें। क्षेत्र में लगातार हाथियों की गतिविधि के चलते विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

रायगढ़ जिले में 101 जंगली हाथी, खतरा बरकरार

वन विभाग के अनुसार, रायगढ़ जिले में इस समय कुल 101 जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं।

  • रायगढ़ वन मंडल में – 59 हाथी
  • धरमजयगढ़ वन मंडल में – 42 हाथी

इनमें 32 नर, 48 मादा और 21 शावक शामिल हैं। ग्राम चुहकीमार के आसपास के जंगलों में फिलहाल 12 हाथियों का एक दल सक्रिय है, जिससे आसपास के गांवों में लगातार खतरा बना हुआ है।

रात में भी हाथियों का उत्पात

बीती रात लैलूंगा रेंज में भी दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया।
टोंगोटोला, झारआमा, पाकरगांव और सागरपाली गांवों में पांच ग्रामीणों के मकान ध्वस्त हो गए। वहीं प्रेमनगर और कुडेकेला क्षेत्रों में खड़ी फसलों और सिंचाई पाइपलाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

वन विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं और ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.