Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ऑपरेशन साइबर शील्ड की बड़ी सफलता: फर्जी ऐप से ठगी करने वाले आरोपी पकड़े गए

Document Thumbnail

 Raipur Cyber ​​Fraud : राजधानी रायपुर में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेंज साइबर थाना पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत की गई।



मामला तब सामने आया जब प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह के मोबाइल पर RTO ई-चालान के नाम से एक एसएमएस प्राप्त हुआ। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 4 लाख 52 हजार रुपये की राशि निकल गई। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ‘Task Complete’, ‘Instant Bonus’ जैसे लालच देकर लोगों को Winmate और Wingo जैसे अनधिकृत ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते थे। ऐप इंस्टॉल होते ही मोबाइल से फर्जी एसएमएस भेजे जाते थे। इन एसएमएस में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खाते से रकम पार कर ली जाती थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम को छिपाने के लिए आरोपी स्विगी और इंस्टामार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सामान मंगाकर अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी कराते थे, जिससे लेन-देन का ट्रैक छिपाया जा सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पृथ्वी बिश्नोई और नरसिंह सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही संदिग्ध ऐप डाउनलोड करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। मामले की आगे की जांच जारी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.