Media24Media.com: रात में आगजनी की साजिश, व्यापारी की कार पेट्रोल डालकर जलाई, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

रात में आगजनी की साजिश, व्यापारी की कार पेट्रोल डालकर जलाई, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Document Thumbnail

 कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात व्यापारी की कार में पेट्रोल डालकर आग लगाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना में शामिल तीन युवकों में से पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार, दर्री मुख्य मार्ग पर आशीष अग्रवाल की थोक राशन की दुकान है। मंगलवार को दुकान बंद होने के कारण उन्होंने अपनी कार दुकान के बाहर खड़ी की थी। देर रात तीन युवक पैदल मौके पर पहुंचे। इनमें से एक युवक ने डिब्बे से कार पर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा दी। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों की नजर पड़ने पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कार मालिक भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि घटना को अंजाम देने वाले युवक दुकान में पूर्व में काम कर चुके थे और किसी विवाद के चलते उन्होंने यह वारदात की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रामसागर पारा निवासी शिव बंजारे उर्फ दिल्ली (23 वर्ष) और चंदन गोड (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वहीं संतोष केवट उर्फ मोटू की तलाश जारी है। फुटेज में आरोपी दुकान संचालक को धमकाते और गाली-गलौज करते भी नजर आ रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी चंदन गोड आदतन अपराधी है और पूर्व में भी कई वारदातों में शामिल रहा है। वह मुंबई में रह रहा था और कुछ माह पहले ही कोरबा लौटा था।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.