Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

हज अवसंरचना का व्यापक आधुनिकीकरण: हज–2026 के लिए तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समन्वय को नई मजबूती

Document Thumbnail

भारत सरकार ने हज अवसंरचना का तीन प्रमुख क्षेत्रों—डिजिटल अवसंरचना, चिकित्सा अवसंरचना और भौतिक अवसंरचना—में व्यापक रूप से आधुनिकीकरण किया है। हज सुविधा मोबाइल ऐप और पूर्णतः डिजिटाइज्ड पोर्टल के माध्यम से अब तीर्थयात्रियों के लिए एंड-टू-एंड ऑनलाइन पंजीकरण, भुगतान, स्वास्थ्य विवरण अपलोड, रियल-टाइम ट्रैकिंग और फीडबैक की सुविधा उपलब्ध है, जिससे उन्हें एक सुगम और परेशानी-मुक्त अनुभव प्राप्त हो रहा है।

तीर्थयात्रियों की चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सऊदी अरब में 24×7 क्लीनिक, मोबाइल मेडिकल टीमें, दंत चिकित्सा इकाइयाँ और आपातकालीन सेवाएँ संचालित की जा रही हैं। इन सेवाओं को डॉक्टरों, पैरामेडिक्स और फार्मासिस्टों के साथ स्वास्थ्य निगरानी प्रणाली द्वारा समर्थित किया गया है।

सऊदी अरब में सुविधाओं की दृष्टि से, मक्का और मदीना में भवनों का महीनों पहले निरीक्षण एवं बुकिंग की जाती है ताकि तीर्थयात्रियों को अधिक नज़दीक और बेहतर आवास मिल सके। इसके साथ ही परिवहन बेड़े, एयरपोर्ट शटल सेवाएँ तथा मीना और अराफात में वातानुकूलित टेंटों को उन्नत किया गया है। हज हाउस, मुंबई और क्षेत्रीय केंद्रों में प्रशिक्षण सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया गया है।
भारत के सभी एम्बार्केशन प्वाइंट्स पर अवसंरचना का नियमित आकलन और विस्तार किया जाता है, जो राज्य हज समितियों और अन्य हितधारकों के साथ घनिष्ठ समन्वय में हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा क्रियान्वित किया जाता है। इन सभी पहलों से भारतीय हज यात्रियों के लिए आराम, सुरक्षा, दक्षता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

हज–2026 की तैयारियों हेतु समन्वय को सुदृढ़ करना

भारत सरकार ने हज–2026 की तैयारियों के लिए अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, हज कमेटी ऑफ इंडिया और राज्य हज समितियों के बीच समन्वय को बेहतर बनाने हेतु कई कदम उठाए हैं। इनमें—

  • नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से संस्थागत समन्वय को मजबूत करना,

  • सभी परिचालन गतिविधियों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और समय-सीमा जारी करना,

  • आवास, परिवहन, प्रशिक्षण और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए निरंतर परामर्श शामिल है।

तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष पहल

सरकार ने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार हज पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, सुविधा और लॉजिस्टिक सहायता बढ़ाने के लिए कई पहल की हैं। प्रमुख उपाय इस प्रकार हैं—

  • राज्य हज निरीक्षक (SHI) अनुपात को 1:300 से बढ़ाकर 1:200 तथा आगे 1:150 करना, ताकि जमीनी स्तर पर बेहतर सहायता मिल सके।

  • कंप्यूटर-आधारित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से SHIs की गुणवत्ता में सुधार, जिससे प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित हो।

  • प्रस्थान-पूर्व स्वास्थ्य जांच और हज संचालन के दौरान बेहतर चिकित्सा व्यवस्थाओं सहित चिकित्सा सहायता को सुदृढ़ करना।

  • हज सुविधा ऐप के माध्यम से रियल-टाइम जानकारी, मार्गदर्शन और शिकायत निवारण के लिए डिजिटल सुविधाओं को उन्नत करना।

  • हज–2026 के लिए सभी तीर्थयात्रियों को हज सुविधा स्मार्ट वॉच उपलब्ध कराना, जिससे सऊदी अरब में नेविगेशन, ट्रैकिंग और आपातकालीन अलर्ट में सहायता मिले।

  • एम्बार्केशन प्वाइंट्स पर सुविधाओं में सुधार तथा सऊदी अरब में आवास, परिवहन और आवागमन के लिए बेहतर समन्वय।

  • विशेष रूप से पहली बार हज पर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए केंद्रित अभिमुखीकरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना।

इन सभी उपायों का उद्देश्य सभी हज यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक हज अनुभव सुनिश्चित करना है।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.