रायपुर। गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित भारत पर्व में इस बार छत्तीसगढ़ की सुगंध और संस्कृति का रंग खूब बिखर रहा है।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भारत पर्व का अवलोकन किया और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन मंडल के अधिकारियों से राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों और योजनाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, परंपराएं और लोककला पूरे भारत में अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। राज्य अब तेजी से भारत के उभरते हुए पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है।”
पारंपरिक व्यंजनों ने खींचा ध्यान
मुख्यमंत्री साय ने स्टूडियो किचन में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईएचएम रायपुर की छात्राओं द्वारा तैयार पारंपरिक व्यंजनों — अमारी का शरबत, करील के कबाब, चौसेला रोटी, बफौरी और फरा — का स्वाद लिया। इन व्यंजनों ने आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध पाक-कला और लोकसंस्कृति से परिचित कराया।
मुख्यमंत्री ने आईएचएम की छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि “ये छात्राएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर की संवाहक हैं, जो अपनी प्रतिभा से राज्य का गौरव बढ़ा रही हैं।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य एवं जीएम वेदव्रत सिरमौर उपस्थित रहे।
हस्तकला और लोकसंस्कृति पर गर्व
मुख्यमंत्री साय ने अंबिकापुर के बुनकरों द्वारा तैयार कोसा वस्त्रों की खरीदारी की और शिल्पकारों से मुलाकात की। उन्होंने भारत पर्व में प्रस्तुति दे रहे छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल का उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, वेशभूषा और लोकनृत्य हमारी पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। हमारा उद्देश्य है कि इन परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर और सशक्त रूप में प्रस्तुत किया जाए।”
भारत पर्व में छत्तीसगढ़ के लोकनृत्य, हस्तशिल्प, पारंपरिक खानपान और पर्यटन स्थलों की झलक देखने बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंच रहे हैं और राज्य की सजीव संस्कृति से अभिभूत हो रहे हैं।

.gif)