Media24Media.com: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की

Document Thumbnail

 केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली के सी.एच.सी, साकेत में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागिता की और सभी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में धार, मध्य प्रदेश से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध, शक्तिशाली, विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया में भारत की छवि मजबूत करने का काम किया है। आज दुनिया में भारत की साख बढ़ी है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। प्रधानमंत्री ने अपना सारा जीवन देश की जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। उनका जीवन साधना और तपस्या का उदाहरण है। प्रधानमंत्री जब बतौर मुख्यमंत्री गुजरात की कमान संभाल रहे थे, तब उन्होंने देश को विकास का नया मॉडल दिया, गुजरात को एक अद्भुत प्रदेश बना दिया। उसके बाद 2014 में देश ने नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताते हुए स्पष्ट बहुमत के साथ उन्हें देश का प्रधानमंत्री चुना और अब भारत तीसरी बार उनके सफल नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है।   

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सदैव देश के हितों को सर्वोपरि रखा है। प्रधानमंत्री दुनिया के सामने भारत का पक्ष मजबूती से रखते हैं। पहलगाम की आतंकी घटना का भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम  से उन्होंने कड़ा जवाब दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेना के शौर्य का प्रदर्शन पूरी दुनिया ने देखा। आगे उन्होंने कहा कि हाल ही में व्यापार समझौते को लेकर भी प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि दुनिया में किसी भी देश के साथ कोई भी समझौता अगर होगा तो वह हमारी शर्तों पर ही होगा।   

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज देशभर में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए हैं। आज से ही ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ का भी शुभारंभ हो रहा है। केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिल्ली में पिछली सरकार के कामकाज को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि पिछली सरकार में मात्र खानापूर्ति के लिए स्वास्थ्य केंद्र खोले गए थे। लेकिन अब खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ के जरिए व्यापक स्तर पर जन स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावी रूप से लोगों तक पहुंच पा रही हैं।

शिवराज सिंह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़े’ की शुरुआत एक खास पहल है। आरोग्य मंदिर में महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वस्थ रहेंगी तभी परिवार स्वस्थ रहेगा। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सदैव महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया है। महिलाओं और बेटियों के कल्याण के लिए उन्होंने कई योजनाएं बनाई हैं। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’  की उन्होंने ही शुरुआत की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान उन्होंने भी लाडली बहना योजना की शुरुआत कर महिलाओं के कल्याण को सदैव प्राथमिकता दी है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में महिलाओं को स्वयं के स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ संवेदनीय पक्ष जुड़ा हुआ है, महिलाएं सभी का ध्यान रखती हैं, किंतु अपने स्वास्थ्य की चिंता करना भूल जाती है, सरकार ने अब उनके स्वास्थ्य की चिंता की है और इसलिए आज से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान की शुरुआत हो रही है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भविष्य में बड़ी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी है कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच होती रहे। प्रारंभिक स्तर पर ही बीमारी का पता चलने से सही समय पर सही उपचार संभव हो पाता है। केंद्रीय मंत्री ने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि जांच शिविर में जाकर अवश्य मुक्त जांच की सुविधा का लाभ लें और अपने आस-पास की अन्य महिलाओं को भी इसके प्रति जागरुक करें।

केंद्रीय मंत्री ने सभी महिलाओं से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने, पोषणयुक्त आहार लेने, योग, प्राणायाम करने का भी आह्वान किया। प्रधानमंत्री मोदी का उदाहरण देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री तमाम व्यस्तताओं के बीच एक स्वस्थ दिनचर्या का पालन करते हुए, जो हम सब सबके लिए बड़ी प्ररेणा का स्रोत है।      

अंत में केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘स्वदेशी’ अपनाने के संकल्प का भी जिक्र किया और सभी देशवासियों से आह्वान किया कि आने वाले त्यौहारों के अवसर पर एवं दैनिक उपयोग की चीजों के लिए यथासंभव स्वदेशी उत्पाद ही खरीदें। इससे अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूती मिलेगी।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.