Media24Media.com: ग्रामीण विकास मंत्रालय और कुडुम्बश्री ने त्रिवेंद्रम में ग्रामीण उद्यम इनक्यूबेटर पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ग्रामीण विकास मंत्रालय और कुडुम्बश्री ने त्रिवेंद्रम में ग्रामीण उद्यम इनक्यूबेटर पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की

Document Thumbnail

नई दिल्ली/त्रिवेंद्रम, ग्रामीण विकास मंत्रालय (MoRD) ने केरल स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन (कुडुम्बश्री) के सहयोग से “ग्रामीण उद्यम इनक्यूबेटर” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन बुधवार को केरल की राजधानी त्रिवेंद्रम में किया। यह कार्यशाला दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत आयोजित की गई।

अपने वर्चुअल उद्घाटन संबोधन में ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि इनक्यूबेटर कार्यक्रम महिलाओं के नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि DAY-NRLM के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को 90 लाख स्वयं सहायता समूहों (SHGs) में जोड़ा गया है, जिनमें से कई महिलाएँ पहली पीढ़ी की उद्यमी बनी हैं। उन्होंने असम, बिहार, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में हुए सफल पायलट प्रोजेक्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में इसे प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की साझेदारी में आगे बढ़ाया जा रहा है।

केरल के स्थानीय स्वशासन मंत्री एम.बी. राजेश ने कहा कि केरल, कुडुम्बश्री के माध्यम से महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह कार्यशाला सहयोग और नवाचार का मंच बनेगी।

ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव (RL) स्वाति शर्मा ने कहा कि मंत्रालय का लक्ष्य इस इनक्यूबेटर कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का मंच बनाना है, जिससे महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को सशक्त किया जा सके।

ग्रामीण विकास मंत्रालय की निदेशक (RL) राजेश्वरी एस.एम. ने DAY-NRLM और इनक्यूबेटर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। कुडुम्बश्री के कार्यकारी निदेशक एच. दिनेशन ने प्रतिभागियों का स्वागत किया, असम कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिद्युत सी. डेका ने संबोधन दिया और कुडुम्बश्री के मुख्य परिचालन अधिकारी सी. नवीन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस कार्यशाला में परामर्श, वित्तपोषण, प्रौद्योगिकी, बाज़ार तक पहुँच और अभिसरण जैसे विषयों पर पैनल चर्चाएँ आयोजित की जा रही हैं। इसमें शैक्षणिक जगत, उद्योग और सामाजिक उद्यम नेटवर्क से जुड़े विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय विचार-विमर्श से ग्रामीण उद्यम इनक्यूबेशन को राज्यों में विस्तारित करने हेतु ठोस रणनीतियाँ सामने आने की उम्मीद है, जिससे विकसित भारत @ 2047 की परिकल्पना के अनुरूप DAY-NRLM के अंतर्गत महिला उद्यमियों को सशक्त किया जा सके।


Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.