Media24Media.com: दुनियाभर में नया साल हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दुनियाभर में नया साल हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा

Document Thumbnail

नई दिल्ली। रायपुर. दुनियाभर सहित छत्तीसगढ़ में नया साल हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लोगों ने वर्ष दो हजार तेईस का स्वागत पूरे जोश और उल्लास के साथ किया। रात बारह बजते ही लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर नये साल की खुशियां मनाईं। नये साल के पहले दिन आज मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नववर्ष पर लोगों को बधाई दी है।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नववर्ष राजधानी रायपुर में चावड़ी के मजदूरों के साथ मनाया। इस मौके पर उन्होंने श्रमिकों को चार नई सौगातें दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ भवन और सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पंजीकृत श्रमिकों के लिए संचालित मुख्यमंत्री श्रमिक सहायता योजना की राशि दस हजार से बढ़ाकर बीस हजार रूपये एकमुश्त देने की घोषणा की। साथ ही बघेल ने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क कोचिंग की  सुविधा देने की बात कही। उन्होंने चौथी और पांचवीं कक्षाओं के बच्चों को सैनिक स्कूल, नवोदय और अन्य निजी संस्थाओं में प्रवेश के लिए कोचिंग और प्रशिक्षण देने के लिए मुख्यमंत्री आधारभूत शिक्षा प्रशिक्षण सहायता योजना शुरू करने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के लिए संचालित मेधावी छात्र-छात्रा शिक्षा प्रोत्साहन योजना के नाम में परिवर्तन करते हुए मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा योजना करने की घोषणा की। इस योजना के तहत मुख्यमंत्री ने नये कोर्स - इंजीनियरिंग, आईआईटी, बीटेक, ट्रिपल आईटी, एम. टेक और एमबीबीएस की पढ़ाई सहित विदेशों में अध्ययन करने के लिए भी श्रमिकों के बच्चों को सहायता देने की घोषणा की। बघेल ने इन सभी पाठ्यक्रमों में पढ़ाई के लिए श्रमिकों के बच्चों को प्रवेश शुल्क, शैक्षणिक शुल्क, आवास और भोजन शुल्क में सहायता प्रदान करने के साथ ही हर वर्ष स्टेशनरी के लिए भी दो हजार रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री-नववर्ष मिलन समारोह में हुए शरीक

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि बस्तर संभाग में माओवादी अब छोटे से क्षेत्र में सिमटकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विश्वास, विकास और सुरक्षा की रणनीति पर चलते हुए सुरक्षा बलों ने आदिवासियों और वनवासियों का विश्वास जीतने में सफलता पाई है। बघेल आज राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड मैदान में पुलिस के अधिकारियों और जवानों के लिए आयोजित नववर्ष मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के साहस, समर्पण और बहादुरी से बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया का निर्माण संभव हो सका है। अंदरूनी इलाकों में लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के अंदरूनी इलाकों में एक वर्ष में तेईस कैम्प खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, अपराधों के नियंत्रण के साथ-साथ कोरोना काल में मानवता की सेवा करने में पुलिस और मिलिट्री फोर्स के जवानों ने देश के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न अंचलों में दस नवनिर्मित थानों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने हमर बेटी-हमर मान अभियान के तहत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ जिले के लिए एक-एक महिला सुरक्षा पुलिस पेट्रोल वाहन का भी लोकार्पण किया।

वहीं, मुख्यमंत्री, रायपुर के प्रेस क्लब में आयोजित नववर्ष मिलन समारोह में भी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सहायता के लिए हमेशा तैयार है। राज्य में प्रस्तावित पत्रकार सुरक्षा कानून पूरे देश के लिए नजीर बनेगा।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.