Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शुरू की तैयारियां

दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत भाजपा नेताओं का प्रदेश दौरा लगातार जारी है। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन आज दुर्ग पहुंचे। यहां रैली निकाली गई। इस मौके पर नबीन ने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और दुर्ग नगर निगम के पार्षदों की बैठक ली।

इससे पहले, पत्रकारों से चर्चा करते हुए नबीन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक दृष्टिकोण से यह बैठक काफी महत्वपूर्ण है। पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं को मैदानी स्तर तक जाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है।

वहीं, भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने राजनांदगांव जिले के शक्ति केन्द्रों में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

उधर, बिलासपुर प्रवास पर पहुंचे प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड ही यह तय करता है कि किसी भी राज्य में पार्टी किसी नेता के चेहरे को आगे करके चुनाव लड़ेगी या फिर बिना चेहरे के। माथुर ने कहा कि भाजपा देश की अकेली ऐसी पार्टी है, जो सालभर संगठन को विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रखती है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.