Media24Media.com: जोधपुर में 2 पक्षों में विवाद के बाद बढ़ा तनाव, कई इलाकों में लगाया गया कर्फ्यू

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

जोधपुर में 2 पक्षों में विवाद के बाद बढ़ा तनाव, कई इलाकों में लगाया गया कर्फ्यू

Document Thumbnail

देश में साम्प्रदायिक दंगे लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा मामला राजस्थान के जोधपुर का है, जहां ईद से पहले 2 समुदायों के लोगों के बीच झंडे को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।  तनाव इतना बढ़ गया कि दोनों समुदायों के बीच भीषण पत्थरबाजी हुई, जिसमें थानेदार समेत तीन पुलिसकर्मी और 4 पत्रकार घायल हो गए। फिलहाल हालात पर काबू पाने के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई है। रात करीब एक बजे से जोधपुर में सभी इंटरनेट सेवाएं बंद है।  

विवाद की शुरुआत सोमवार को आधी रात के बाद हुई, जब अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोग ईद पर जालोरी गेट के पास एक चौराहे पर धार्मिक झंडे लगा रहे थे। इन लोगों ने चौराहे में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर झंडा लगाया, जिसका हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध किया। राजस्थान के जोधपुर शहर में सांप्रदायिक तनाव के बाद मंगलवार को 10 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। 

वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की और उच्च स्तरीय बैठक के बाद हालात पर काबू पाने के लिए गृह राज्यमंत्री राजेंद्र यादव समेत आला अधिकारियों को तत्काल जोधपुर जाने के निर्देश दिए। जानकारी के मुताबिक हिंदू समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि वहां परशुराम जयंती पर लगाए गए ध्वज को हटाकर इस्लामी ध्वज लगाया गया। इसको लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए और झड़प हो गई।

पुलिस नियंत्रण कक्ष ने दी जानकारी

पुलिस नियंत्रण कक्ष के मुताबिक स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पथराव में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने भीड़ को अलग करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। फिलहाल हालात काबू में कर लिए गए और आज सुबह जालोरी गेट के पास ईदगाह पर ईद की नमाज अदा की गई, लेकिन नमाज के बाद कुछ लोगों ने वहां खड़े वाहनों पर पथराव किया। इसमें कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई।

BJP-कांग्रेस का आरोप-प्रत्यारोप

हालात पर काबू पाने के लिए जोधपुर के कार्यपालक मजिस्ट्रेट राजकुमार चौधरी ने शहर के दस थाना क्षेत्रों, उदयमंदिर, सदर कोतवाली, सदर बाजार, नागोरी गेट, खांडा फलसा, प्रतापनगर, प्रतापनगर सदर, देवनगर, सूरसागर और सरदारपुरा में बुधवार रात तक कर्फ्यू लगाने के आदेश जारी किए। जालौरी गेट और कबूतर चौक इलाके में हुई हिंसा के लिए कांग्रेस जहां BJP को दोषी ठहरा रही है तो वहीं बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि एक सनकी साजिश के तहत जोधपुर में ये सब हो रहा है। 

मुख्तार अब्बास नकवी ने कसा तंज

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जोधपुर में एक सनकी साजिश के तहत यह सब हो रहा है। राजस्थान सरकार के लिए धर्मनिरपेक्षता बस एक वोट बैंक का जरिया रह गया है। राजस्थान सरकार अपनी साजिश में ही फंस कर रह गई है। हिंसा की एक घटना BJP विधायक सूर्यकांत व्यास के घर के बाहर हुई। उपद्रवियों ने घर के बाहर खड़े वाहनों को आग लगा दी और विधायक के घर के बाहर हंगामा किया।  

 युवक के पीठ पर मारा चाकू

राजस्थान के जोधपुर में ईद के मौके पर जमकर बवाल के बाद तनाव बना हुआ है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस घटना पर रिपोर्ट मांगी है। जोधपुर में दो गुटों के बीच हुए विवाद के 12 घंटे बाद भी पुलिस उपद्रवियों को रोकने में नाकाम रही। शहर को जलाने में उपद्रवी एक बार फिर सफल रहे। प्लानिंग के साथ आए उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। तेजाब से भरी बोतलें घरों पर फेंकी। दहशत फैलाने के लिए तलवारें लहराई। कबूतरों का चौक में दीपक परिहार नाम के युवक की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। युवक को महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां ऑपरेशन कर चाकू निकाला गया।   

उपद्रव करने की कोशिश

जोधपुर के कई इलाकों में तलवारबाजी, पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं। आज पत्थरबाजी में एक और पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि कल रात को 4 पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे। इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा के विरोध में लोगों ने हनुमान चालीसा का भी पाठ करना शुरू कर दिया है। वहीं शहर के इन इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है। इससे पहले सोमवार रात को झंडे और लाउडस्पीकर लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी हुई थी। मंगलवार सुबह एक समुदाय के लोग जालोरी गेट इलाके में जुटकर फिर से उपद्रव करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया।

CM गहलोत ने हाई लेवल बैठक बुलाई

जोधपुर में मंगलवार सुबह उपद्रवियों ने 20 से ज्यादा गाड़ियों के कांच तोड़ दिए और कई ATM में भी तोड़फोड़ की। देर रात से ही जालोरी गेट और ईदगाह इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं, इंटरनेट बंद कर दिया गया है। CM अशोक गहलोत ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं CM गहलोत ने मामले पर DGP समेत अन्य अधिकारियों संग हाई लेवल मीटिंग ली। सोमवार रात जोधपुर के जालोरी गेट चौराहे पर देर रात जमकर पत्थरबाजी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया तो एक समुदाय की ओर से पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें 4 पुलिसकर्मी घायल हुए।

'राजस्थान में सरकार की कानून व्यवस्था फेल' 

राजस्थान के करौली के बाद जोधपुर में हुई हिंसा को लेकर एक बार फिर गहलोत सरकार विपक्ष के निशाने पर है। BJP के कई नेताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अब केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस पूरे मामले को लेकर CM अशोक गहलोत को घेरा है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले कुछ समय से राजस्थान में सरकार की कानून व्यवस्था फेल हुई है। भारत की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को सरकार की तरफ से छूट दी गई। सुनोयिज तरीके से स्वतंत्रता सेनानी बालमुकंद के मुंह में हरा झंडा लगाया गया, लेकिन पुलिस ने पीड़ितों पर ही लाठीचार्ज किया। पुलिस के अधिकारियों ने बिना सोचे समझे पत्रकारों और अन्य लोगों पर लाठीचार्ज किया। 

'रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था' 

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर जल रहा था और मुख्यमंत्री जन्मदिन के गुलदस्ते लेने में व्यस्त थे। समुदाय विशेष के लोगों ने घरों में घुसकर महिलाओं से बदतमीजी की, लोगों के घरों पर हमला किया। सोमवार रात 12 बजे से लेकर मंगलवार दोपहर तक सीएम ने न कोई अपील की, न ट्वीट किया। यह वही बात हो गई कि रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था। सीएम का खुद का शहर जल रहा था।

केंद्रीय मंत्री ने सरकार पर लगाए आरोप

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगातार पथराव हो रहा था। एक ही तरह और रंग के पत्थर थे। करौली से लेकर अन्य जगह जैसी घटनाएं हुईं ऐसा लगता है पहले से तैयारी थी। सुबह ईद की नमाज में ऐसा क्या हुआ। शहर में गाड़ियों को तोड़ा, घर में लोगों के साथ मारपीट, कपड़े फाड़ देना, दुकानों के शीशे तोड़ दिए गए। पुलिस और प्रशासन ने पहले से क्यों तैयारी नहीं की। जिस तरह का तांडव जोधपुर में हुआ। ऐसा कभी नहीं हुआ। लोगों के घर में जाकर हमला किया गया। 

BJP ने दी प्रदर्शन की चेतावनी 

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा लगता है पुलिस अदृश्य दवाब में काम कर रही है। एक तरफा कार्रवाई हो रही है। जब प्रशासन पर दवाब डाला गया तब FIR दर्ज हुई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो जालौरी गेट पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रशासन और सरकार की इसमें क्या भूमिका थी, इसकी भी जांच होनी चाहिए। 

कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति से बढ़ रही हिंसा: BJP सांसद 

जोधपुर हिंसा को लेकर BJP सांसद राज्यवर्धन राठौड़ ने राजस्थान की गहलोत सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आज जिस तरह का माहौल है उसके लिए सीएम अशोक गलहोत ही जिम्मेदार हैं। उनकी तुष्टिकरण की नीति की बदौलत एक समुदाय विशेष के हौसले बढ़ गए हैं और वह लगातार उपद्रव मचा रहा है। वह न लॉ एंड ऑर्डर संभाल पा रहे हैं न ही प्रदेश में बेसिक सुविधाओं को मैनेज कर पा रहे हैं। 

'एक समुदाय का खास ध्यान रखा जा रहा'

उन्होंने अशोक गहलोत पर आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की नीति के चलते वह अलग-अलग समुदाय के लिए अलग-अलग नियम बना रहे हैं। एक समुदाय का खास ध्यान रखा जा रहा है। राजस्थान में एक तरफ सरकार राम दरबार गिराती है, राम नवमी की यात्रा पर रोक लगाती है तो दूसरी तरफ रमजान के दौरान बिजली से लेकर सुरक्षा के खास इंतजाम करने के आदेश देती है। यह तुष्टिकरण नहीं है तो क्या है।

'एक खास समुदाय को बचाते हैं CM गहलोत'

हिंसा को लेकर राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि करौली में हिंसा होती है। CM को इस हिंसा को लेकर पूरी जानकारी थी, उन्हें पता था कि हिंसा होगी, लेकिन फिर भी उन्होंने कुछ नहीं किया। हिंसा होने के बाद CM ने कहा कि जय श्रीराम के नारे लगे, इसलिए हिंसा हुई। यह सरासर गलत है। इसका मतलब है कि आप दूसरे समुदाय को बचा रहे हैं और उनके हौसले बढ़ा रहे हैं। आपके ऐसा करने से वे आगे भी ऐसा करेंगे। एक मिनट को मान लिया कि करौली में जय श्रीराम के नारे की वजह से हिंसा हुई, लेकिन जोधपुर में कौन सा नारा लगा। वहां स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की प्रतिमा पर लगे झंडे को उतारने की क्या जरूरत थी। प्रदेश में तालिबान जैसा माहौल है।   

'सिर्फ आरोप लगाने का काम करती है कांग्रेस'

दंगे के लिए कांग्रेस द्वारा बीजेपी को जिम्मेदार ठहराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ आरोप लगा सकती है। राजस्थान में सत्ता में कांग्रेस ही बैठी है। अगर हम गलत कर रहे हैं तो आप क्या कर रहे हैं। आप कार्रवाई कीजिए। राजस्थान सरकार पूरी तरह से फेल हो रही है। वह न लोगों को पीने का पानी मुहैया करा पा रहे हैं, न महिलाओं को सुरक्षा दे पा रहे हैं। आज महिला उत्पीड़न में राजस्थान पूरे भारत में नंबर-1 पर है। इन दोनों चीजों के लिए सीएम किस पर आरोप लगाएंगे। उनके पास पुलिस फोर्स है, बीजेपी कैसे माहौल खराब कर देगी। 

BJP शासित राज्यों में हो रहा विकास: सांसद  

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने हाल ही में BJP पर बांटों और राज करो वाले आरोप पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल सिर्फ आरोप लगा सकते हैं। जबकि सही मायनों में BJP शासित प्रदेश में ही सबका साथ, सबका विकास हो रहा है। सबसे ज्यादा काम वहीं हो रहा है, जहां BJP है। इसलिए बीजेपी को बार-बार मौका मिल रहा है, जबकि कांग्रेस जहां सत्ता में है, वहां से बेदलखल हो रही है। कांग्रेस के विधायक रेप पीड़िता का मजाक उड़ाते हैं, विधायक खड़े होकर कहते हैं कि हमें गांधी परिवार की गुलामी करने में आनंद आता है। 

खरगोन में अभी भी तनाव

मध्य प्रदेश के खरगोन में दंगों के 22 दिन बाद कर्फ्यू के बीच ही त्योहार मनाए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तय किया कि आज कर्फ्यू में ढील नहीं दी जाएगी। ईद की नमाज घर पर ही हुई। अक्षय तृतीया पर शहर में कहीं सार्वजनिक रूप से शादी भी नहीं हो सकेगी। न ही कहीं परशुराम जयंती की शोभायात्रा निकलेगी। शहर में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। सबसे ज्यादा निगरानी तालाब चौक, पहाड़सिंगपुरा, काजीपुरा, मोहन टॉकिज, गुरुव मोहल्ला, भावसार मोहल्ला आदि में की जा रही है। प्रभारी SP रोहित काशवानी ने बताया कि शहर में 1300 जवान तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड सहित तमाम इमरजेंसी सेवाएं भी अलर्ट पर हैं। उधर, पुलिस मुख्यालय ने निमाड़, मालवा और महाकौशल के संवेदनशील जिलों को अलर्ट भेजा है।

ईद की नमाज के बाद सुरक्षाबलों पर पथराव

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आज सुबह पथराव की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक यहां ईद की नमाज के बाद एक मस्जिद के बाहर पत्थरबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंके। पुलिस ने बताया कि फिलहाल हालात काबू में हैं। संभल में ईद की नमाज के बाद लौटते वक्त हुई मारपीट में घायल बच्चे का इलाज चल रहा है।

UP में युवकों पर फायरिंग 

उत्तर प्रदेश के संभल में ईद की नमाज पढ़ने के बाद लौट रहे युवकों पर फायरिंग कर दी गई। इसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग भी हुई। बवाल के दौरान दो बच्चों समेत चार लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण हालात हैं। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। घटना असमोली थाना क्षेत्र के सदीरनपुर गांव की है।

2 अप्रैल को करौली में हुई थी ऐसी ही घटना

करौली में 2 अप्रैल को हिंदू नववर्ष के मौके पर हिंदू संगठनों ने बाइक यात्रा निकाली थी। आरोप है कि इस यात्रा में शामिल एक डीजे गाड़ी से कथित तौर पर मुसलमानों को लेकर विवादित गाने बज रहे थे। इसी दौरान कुछ घरों की छतों से यात्रा पर पत्थर फेंके गए और रैली में शामिल लोगों पर लाठियों से हमला किया गया। इसमें कई लोग घायल हो गए।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.