Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

इनामी नक्सली दंपती ने किया सरेंडर, 'लोन वर्राटू' अभियान के तहत फिर हुए मुख्यधारा में शामिल

छत्तीसगढ़ पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त कार्रवाई की वजह से नक्सली समाज की मुख्य धारा की तरफ फिर लौटते नजर आ रहे हैं। दंतेवाड़ा जिले में इनामी नक्सली दंपती ने सुरक्षाबलों के सामने सरेंडर किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चल रहे लोन वर्राटू यानी घर वापस आइए अभियान से प्रभावित होकर इनामी नक्सली दंपत्ति मलांगेर एरिया कमेटी के अंतर्गत कार्यरत प्लाटून नंबर 24 का सेक्शन कमाण्डर हुर्रा कुंजाम और उसकी पत्नी प्लाटून नंबर 24 की पार्टी सदस्य बुधरी माड़वी ने आत्मसमर्पण किया है। 

अधिकारियों ने बताया कि नक्सली हुर्रा कुंजाम पर पांच लाख रुपए और उसकी पत्नी बुधरी पर दो लाख रुपए का इनाम है। नक्सली दंपती बीते सात सालों से नक्सली संगठन में सक्रिय थे। उन्होंने बताया कि नक्सली दंपती के खिलाफ 2017 में सुकमा जिले के बुरकापाल गांव के करीब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर हमला करने समेत अन्य बड़े नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। बुरकापाल हमले में 25 जवानों की मौत हुई थी। 

अब तक 539 नक्सलियों ने किया सरेंडर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों की घर वापसी के लिए थाना, शिविरों और ग्राम पंचायतों में संबंधित क्षेत्र के सक्रिय नक्सलियों का नाम चस्पा कर उनसे आत्मसमर्पण कर सम्मान पूर्वक जीवन यापन करने लिए आह्वान किया जा रहा है। लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक जिले में 130 इनामी नक्सलियों समेत 539 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। 

लोन वर्राटू अभियान

बस्तर में इन दिनों पुलिस लोन वर्राटू अभियान चला रही है। जिसमें माओवाद का रास्ता छोड़ नक्सलियों की घर वापसी कराई जा रही है। बुधवार को लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर एक इनामी नक्सली ने समर्पण किया। नक्सली माओवादियों की खोखली विचारधारा को छोड़कर मुख्यधारा से लगातार जुड़ रहे हैं।

क्या है ‘लोन वर्राटू’ अभियान ?

दंतेवाड़ा में नक्सलियों के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। जिसका नाम लोन वर्राटू दिया गया है, जिसका अर्थ है घर वापस लौट आइए। इसके लिए पुलिस के जवानों द्वारा गांव-गांव में प्रचार करवाया जा रहा है।गांव-गांव में पुलिस अधिकारियों के फोन नंबर भी दिए जा रहे हैं, ताकि समर्पण की इच्छा रखने वाले नक्सली सीधे उनसे संपर्क कर सकें। इस अभियान के तहत अब धीरे-धीरे पूरे दंतेवाड़ा जिले से स्थानीय कैडर के नक्सली इस अभियान के तहत पुलिस से संपर्क कर सरकार की मुख्य धारा में लौट रहे हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.