Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

अपराधों का गढ़ बना कवर्धा जिला, 15 दिन के अंदर हत्या की 5 वारदात

Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ का कवर्धा जिला अपराधों का गढ़ बन गया है, यहां 15 दिन के अंदर हत्या की 5 वारदात सामने आई है। सिटी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक अधेड़ की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। उसका शव रविवार सुबह सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या हादसा स्पष्ट हो सकेगा। हालांकि इसे हत्या न भी मानें तो 15 दिनों में हत्या की 4 वारदातें हो चुकी हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक सरोधा मार्ग के तारो गांव स्थित फार्म हाउस के सामने रविवार सुबह अधेड़ का शव मिला। उसकी पहचान भुवन गंधर्व के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भुवन घोठिया मार्ग पर रहता था और मजदूरी करता था। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार भुवन अक्सर शराब पीकर फार्म हाउस की ओर जाता था। शनिवार शाम को भी वह नशे में फार्महाउस पहुंचा था। वहां चौकीदार से विवाद भी किया। उसे नशे में देख चौकीदार घर चला गया।

परिजन ने लगाया हत्या का आरोप

अगले दिन सुबह जब चौकीदार पहुंचा तो फार्म हाउस के पास ही कॉम्पलेक्स के सामने भुवन की लाश पड़ी थी। उसके सिर से खून बह रहा था। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने मालिक और पुलिस को दी। पुलिस के मौके से कोई हथियार या अन्य चीज नहीं मिली है, जिससे हत्या का पता चले। दूसरी ओर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। एडिशनल SP मनीषा ठाकुर रावटे ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान भुवन गंधर्व के रूप में हुई है। वह शहर के ठाकुर देव चौक पर ठेला लगाता था। कभी-कभी मजदूरी भी करता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या है या सामान्य मौत या फिर हादसा, ये पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

15 दिनों में हत्या की 5 वारदात

बीते 15 दिनों में कवर्धा में 4 हत्याएं हो चुकी हैं। 5वीं कल की घटना को लेकर आशंका है। पुलिस ने अभी तक दो मामलों की गुत्थी को सुलझा लिया है। इसमें दो नाबालिग समेत 3 आरोपी पकड़े जा चुके हैं, लेकिन दो वारदातों को लेकर अभी भी पुलिस के हाथ खाली हैं। 7 मई को पिपरिया थाना क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव में बुजुर्ग महिला भगवंती की हत्या कर दी गई। वह घर के बाहर खाट पर सो रही थी। गमछे से गला दबाकर उसे मारा गया। पति जब टॉयलेट करने उठा तो घर के सभी दरवाजे खुले थे। जब बाहर निकला तो खाट पर पत्नी की लाश मिली।

वहीं 6 मई को तरेगांव जंगल क्षेत्र के दुल्लापुर गांव में पवन धुर्वे ने अपनी पत्नी पूजा धुर्वे की टंगिया से मारकर हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराबी है और आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। 26 अप्रैल को पंडरिया थाना क्षेत्र में बुजुर्ग की हत्या हुई थी। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। सभी शादी में गए थे। रात को कोठार में फसल रखवाली करने सो रहे किसान छन्नू सतनामी (उम्र 52) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं।

23 अप्रैल को कलेक्ट्रेट के पास 35 साल के युवक की जली हुई लाश मिली थी। युवक का गला घोंटने के बाद रेता गया था। फिर शव को आग लगाई गई थी। युवक की हत्या अवैध संबंधों में की गई थी। इस मामले में दो नाबालिग पकड़े जा चुके हैं। जिले में लगातार हो रही वारदातों के बाद अब लंबे समय से जमे पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। SP लाल उम्मेद सिंह ने एक SI, 3 ASI और 17 हेड कांस्टेबल समेत 58 पुलिसकर्मियों का तबादला कर दिया है। इन सभी के कार्य क्षेत्र बदले गए हैं। जिले में लगातार हो रही वारदातों से कानून व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.