देश में बच्चियों और महिलाओं पर होने वाले अपराध लगातार बढ़ जा रहे हैं। रोजाना देश के अलग-अलग राज्यों से दुष्कर्म (rape in UP) की खबरें सामने आ रही है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का है, जहां एक गांव में 9वीं की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक नाबालिग लड़के ने पहले छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे जहर खिला दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि इस बीच अस्पताल में पीड़िता ने मजिस्ट्रेट को बयान दे दिया। इसमें लड़की ने दूसरे समुदाय के नाबालिग लड़के पर दुष्कर्म कर जहर देने का आरोप लगाया है।
लड़की के चचेरे भाई ने बताया कि उसने लड़के को फोन किया। इस पर उसने कहा कि तेरी बहन बीजोपुरी के जंगल में पड़ी है। जाकर उसे ले आओ। इधर, परिजनों का आरोप है कि वो लड़की को बहला-फुसलाकर साथ ले गया था। मामला थाना देहात कोतवाली क्षेत्र का है। लड़की के भाई ने बताया कि उसकी बहन बेहट रोड के गांव टोपरी के एक इंटर कॉलेज में 9वीं की छात्रा थी। गुरुवार सुबह वो एग्जाम देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची।
एग्जाम दिलाने जा रही थी छात्रा
परिजनों का कहना है कि स्कूल से प्रधानाचार्य और अन्य टीचरों ने फोन पर बताया कि आपकी बेटी एग्जाम देने के लिए नहीं पहुंची है। परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने लड़की की हर तरफ तलाश की। इसी बीच उन्हें पीड़िता जंगल में तड़पती मिली। लड़की के भाई का कहना है कि उसने स्कूल की सहेली से पूछा तो उसने आरोपी लड़के का नाम बताया। इसके बाद भाई ने उस लड़के को फोन किया। आरोप है कि लड़के ने गाली-गलौच से बात की। साथ ही कहा कि तेरी बहन बीजोपुरी के जंगल में पड़ी है जाकर उसे ले आओ।
जल्द की जाएगी आरोपी की गिरफ्तारी: SSP
परिजन बीजोपुरी के जंगल में पहुंचे,जहां लड़की पड़ी तड़प रही थी। परिजनों ने बताया कि उन्हें नहीं पता था कि बेटी ने जहर खा रखा है। इस कारण वो उसे घर लेकर आ गए, लेकिन जब उसके मुंह से झाग निकलते देखा तो शक हुआ। इसके बाद लड़की ने पूरी बात बताई। परिजनों का कहना है कि उसने गांव के ही एक लड़के का नाम बताया। लड़की ने बताया कि लड़का जबरन उसे गाड़ी में बैठाकर जंगल में ले गया था। इसके बाद लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता के भाई का कहना है कि आरोपी दूसरे समुदाय से है। उससे हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी उनके पास है। SSP आकाश तोमर का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी हो जाएगी। बता दें कि UP में आए दिन दुष्कर्म की वारदात सामने आ रही है।