Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

Corona Alert: चीन में कोरोना फिर बरपा रहा कहर, कई हिस्सों में लगा सख्त लॉकडाउन

सबसे पहले कोरोना मरीज की पहचान (Identification of corona patient) होने वाले चीन (China) में एक बार फिर से कोरोना का कहर शुरू हो गया है। बता दें कि चीन के वुहान में इसका सबसे पहला मामला मिला था, जिसके बाद अब चीन के कई शहरों में एक बार फिर से कोरोना वायरस कहर बरपा रहा है। कई शहरों में कोरोना के नए मामलों में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। चीन में 5 हजार 280 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। महामारी की शुरुआत के बाद पहली बार इतनी संख्या में कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं। नेशनल हेल्थ कमीशन ने कहा कि देश में इस साल अब तक 2021 में दर्ज किए गए मामलों से भी ज्यादा केस दर्ज हो चुके हैं। 

कोरोना के मामले बढ़ने से कई शहरों में लॉकडाउन की स्थिति है। वहीं कुछ शहरों में स्कूल बंद कर दिए गए। कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लोग घरों में कैद हो गए हैं। वहीं कई और प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। इधर, WHO वैज्ञानिक मारिया वान करखोव ने चेतावनी देते हुए कहा है कि दुनिया में ओमिक्रॉन और डेल्टा के मिश्रण से नया वैरिएंट विकसित हो रहा है। सोमवार को दुनियाभर में 13 लाख से ज्यादा नए केस सामने आए थे। जबकि इस बीमारी की वजह से 3579 लोगों की मौत हुई है। 

इससे पहले चीन में रविवार को करीब 3300 मामले सामने आए थे। कोरोना संक्रमण का ये मामला बीते 2 साल में सबसे ज्यादा था। कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए चीन के शेनजेन में लॉकडाउन लगा दिया गया है। भारी संख्या में लोग घरों में कैद रहने के लिए मजबूर हुए हैं। इसके साथ ही शंघाई में पहले ही स्कूलों को बंद कर दिया गया है, ताकि संक्रमण के प्रसार को फैलने से रोका जा सके।

WHO के वैज्ञानिक ने दी चेतावनी

बीते एक हफ्ते में बीजिंग, शंघाई समेत शेनजेन, जिआंग्सु, शेडोंग और झेजियांग प्रांतों में कोरोना के नए केस सामने आए हैं। इससे चीनी अर्थव्यवस्था एक बार फिर गंभीर रूप से प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में कई जगहों पर कुल 3 करोड़ से ज्यादा आबादी लॉकडाउन में कैद है। वहीं WHO वैज्ञानिक मारिया वान करखोव ने कहा है कि दुनिया में ओमिक्रॉन और डेल्टा के मिश्रण से नया वैरिएंट विकसित हो सकता है, जो महामारी की चौथी लहर ला सकता है। बता दें कि चीन के वुहान में ही पहली बार वायरस का पता चला था। इसके बाद से चीन में जीरो कोविड पॉलिसी लागू है। चीन ने काफी सख्ती दिखाते हुए लॉकडाउन, ट्रैवल बैन समेत कई प्रतिबंध लागू किए थे। चीन पर ही इस वायरस को फैलाने के आरोप भी लगे थे। एक बार फिर से चीन में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ने से दुनियाभर में इस बीमारी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

कोरोना के 2 हजार 568 नए केस 

बता दें कि भारत में 24 घंटे के अंदर कोरोना के 2 हजार 568 नए केस सामने आए हैं और 97 लोगों की मौत हो गई है। कल कोरोना के 2 हजार 503 केस दर्ज किए गए थे और 27 लोगों की मौत हुई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में 4 हजार 722 लोग ठीक हुए, जिसके बाद अब एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 33 हजार 917 हो गई है। वहीं इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5 लाख 15 हजार 974 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक अभी तक 4 करोड़ 24 लाख 46 हजार 171 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 180 करोड़ के पार 

देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 180 करोड़ के पार पहुंच गया है। कल 19 लाख 64 हजार 423 डोज दी गई थी, जिसके बाद अब तक वैक्सीन की 180 करोड़ 40 लाख 28 हजार 891 डोज दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक स्वास्थ्यकर्मियों, कोरोना वॉरियर्स और 60 साल से ज्यादा आयु वाले अन्य बीमारियों से ग्रस्त लोगों को 2 करोड़ से ज्यादा टीके लगाए गए हैं। देश में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 से शुरू हुआ था। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। वहीं कोरोना वॉरियर्स के लिए टीकाकरण अभियान दो फरवरी से शुरू हुआ था, जिसका आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.