Media24Media.com: फाग गीत गाकर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब में मनाई होली, फूलगोभी और कटहल से किया गया स्वागत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

फाग गीत गाकर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब में मनाई होली, फूलगोभी और कटहल से किया गया स्वागत

Document Thumbnail

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर प्रेस क्लब की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब भवन में आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री कवासी लखमा भी उपस्थित रहे। मंच पर पहुंचने पर रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री बघेल का स्वागत फूल गोभी और कटहल से किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को विशेष तौर पर बनाई गई सुनहरी टोपी और माला भी पहनाया गया।


मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं देते हुए देश और प्रदेश के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री बघेल ने होलिका के साथ ही समाज की सारी बुराइयों के भी नष्ट होने की प्रार्थना करते हुए कोरोना महामारी के पूरी तरह खत्म होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री बघेल भी होली के रंग सराबोर नजर आए और मंच से उन्होंने फाग गीत गाते हुए पत्रकारों के साथ होली मनाई। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दामू आम्बेडारे समेत प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

महापौर ने गोबर से बने गुलाल का CM को लगाया तिलक 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज रंगों के पर्व होली के अवसर पर राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में आयोजित होली मिलन समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने निगम परिवार द्वारा आयोजित समारोह में प्रदेशवासियों, निगम के पदाधिकारियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई कामगारों को होली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। महापौर ढेबर ने गौठान में महिला स्वसहायता समूहों द्वारा गोबर से बने गुलाल से तिलक लगाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली रंगों और खुशियों का त्यौहार है। पुराने गिले-शिकवे भुलाकर सभी इस त्यौहार को मिल-जुलकर मनाते हैं, तभी जीवन में खुशियों के रंग चढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि इस पर्व के दौरान शहर में सौहार्द्रपूर्ण अच्छा वातावरण रहे, बच्चे, बूढ़े, नौजवान सभी मिलकर इस पर्व को मनाएं और आपस में होली की खुशियां बांटे। 

मुख्यमंत्री ने नगर निगम के महापौर से कहा कि होली के पर्व के दौरान शहर की साफ-सफाई और पानी सप्लाई की व्यवस्था को सुचारू रखने की जरूरत है। क्योंकि इस पर्व में सबसे ज्यादा उपयोग पानी का होता है। इस अवसर पर नगर निगम रायपुर के सभापति प्रमोद दुबे, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष  किरणमयी नायक, राज्य योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, नगर निगम के कई पदाधिकारी, पार्षद और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

 

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.