Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

5 राज्यों में से 4 में BJP की जीत, पंजाब में पहली बार बनेगी 'आप' की सरकार

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के विधानसभा चुनाव में BJP की जीत हुई है। जबकि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में नया इतिहास रच दिया है। इधर, UP में साढ़े तीन दशक बाद किसी पार्टी की सरकार रिपीट हुई है। आजादी के बाद ये पहली बार होगा कि अपनी पार्टी को सत्ता में वापसी कराने वाले योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार सीएम बनेंगे। वहीं आम आदमी पार्टी ऐसी पहली क्षेत्रीय पार्टी बन गई है, जो एक राज्य से आगे बढ़कर दूसरे राज्य यानी दिल्ली से आगे बढ़कर पंजाब में सरकार बनाएगी।  

BJP की UP में एक बार फिर सरकार बन रही है, लेकिन इस बार 2017 में मिली सीटों के बराबर सीटें हासिल नहीं हुई हैं। हालांकि BJP ने आसानी से बहुमत हासिल कर लिया है। गोवा में सभी 40 सीटों के नतीजे आ गए हैं। 40 में से बीजेपी को 20, कांग्रेस गठबंधन को 12, एमजीपी को 2, आप को 2, रिवॉल्यूशनरी गोअन पार्टी को 1 और निर्दलीयों को तीन सीटें मिलीं। पोंडा सीट पर एमजीपी ने दोबारा वोट गिनने को कहा। वहीं नवेलिम और वेलिम में भी इस तरह की मांग हुई, लेकिन एप्लीकेशन सही नहीं होने पर मांग खारिज हो गई।

भारत के लोकतंत्र का दिन: PM मोदी

UP समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद बीजेपी मुख्यालय में PM मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पांच राज्यों के नतीजों पर PM मोदी ने कहा कि आज का दिन भारत के लोकतंत्र के लिए है। उन्होंने सभी मतदाताओं को बधाई दी। PM मोदी ने बीजेपी की जीत के लिए महिलाओं और युवाओं को क्रेडिट दिया। उन्होंने कहा कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बीजेपी की जीत पक्की की। पांच राज्यों के नतीजों पर PM मोदी ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा था कि 10 दिन पहले ही होली शुरू हो जाएगी। ऐसा ही हुआ। कार्यकर्ताओं की जितनी तारीफ करूं उतनी कम है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम से एनडीए के लिए जीत का चौका लगाया है।

चारों दिशाओं से BJP को आशीर्वाद मिला:  PM मोदी

PM मोदी ने UP के नतीजों पर कहा कि UP ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं। लेकिन पहली बार किसी मुख्यमंत्री को दोबारा चुना है। 37 साल बाद पहली बार दोबारा सरकार रिपीट हुई। गोवा में जीत की हैट्रिक लगी है। उत्तराखंड में पहली बार सरकार दोहराई गई है। भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है। PM मोदी ने कहा कि UP की जनता ने जाति की बातें करने वालों को बड़ा संदेश दिया है। जातिवाद के नाम पर बदनाम करने वालों जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि जाति का मान देश को जोड़ने में होना चाहिए था तोड़ने में नहीं।

PM मोदी ने जनता का किया धन्यवाद

PM मोदी ने कहा कि UP की जनता ने जाति की बातें करने वालों को बड़ा संदेश दिया है। जातिवाद के नाम पर बदनाम करने वालों जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि जाति का मान देश को जोड़ने में होना चाहिए था तोड़ने में। PM मोदी ने कहा कि 'मैं गरीब के घर तक उसका हक पहुंचाए बिना चैन से बैठने वाला नहीं। गरीबों तक योजनाए पहुंची हैं। जहां-जहां माताओं-बहनों ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा वोट किया है, वहां BJP बंपर जीती है। हमने चार-चार चुनावों में करके दिखाया। भारत की बहन और बेटियां BJP पर भरोसा कर रही हैं। चुनावों ने ये बात साफ कर दी है।'

गिरती राजनीति भारत के लिए चिंता: PM मोदी

पांच राज्यों के चुनावों में बीजेपी को पंजाब में निराशा झेलनी पड़ी। यहां उसे केवल 2 सीटें मिलीं। इस पर PM मोदी ने कहा कि पंजाब में बीजेपी और उभरेगी। कार्यकर्ताओं ने खूब मेहनत की है। पंजाब के लोगों को अलगाववादी ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। PM मोदी ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीति के स्तर को गिरा रहे हैं। कोरोना काल में देश को गुमराह करने की कोशिश की गई। यूक्रेन में फंसे छात्रों को निकालने के लिए चलाए गए ऑपरेशन गंगा को प्रदेशवाद में बांटने की कोशिश की। बच्चों के परिजनों को चिंता में डाला गया। उन्हें गुमराह किया गया। गिरती राजनीति भारत के लिए चिंता की बात है।

सबका प्रयास के नारे के साथ राज्यों के विकास की बात

PM मोदी ने परिवारवाद की राजनीति पर भी हमला बोला। कहा कि मैं किसी परिवार के खिलाफ नहीं। लेकिन मैं लोकतंत्र के खिलाफ हूं। परिवारवाद ने कई राज्यों को नुकसान पहुंचाया है। मेरे शब्द लिखकर रखिए। मेरा यकीन है कि देश में एक दिन जनता परिवारवाद की राजनीति का अंत करेगी। एक दिन परिवारवाद का सूर्यास्त होगा। PM मोदी ने भ्रष्टाचार के मसले पर कहा कि लोगों में इसके खिलाफ नफरत है। क्या भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। हमारी ईमानदारी के चलते हम 2019 में फिर से जीते। भ्रष्ट लोग जांच एजेंसियों को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। उन्हें बदनाम कर रहे हैं। घोटालों में फंसे हुए लोग जांच एजेंसियों को रोक रहे हैं। उन पर दबाव बना रहे हैं। बदनाम कर रहे हैं। घोटालों में फंसे हुए लोग किसी भ्रष्टाचारी पर कार्रवाई करते हुए उसे धर्म का एंगल दे देते हैं। उसे प्रांत का एंगल दे देते हैं। इस तरह के माफियाओं को लोगों को खुद से अलग करना होगा। PM मोदी ने कि UP के प्यार ने मुझे भी UPवाला बना दिया है। UP के लोगों का ध्यान केवल विकास पर रहना चाहिए। PM मोदी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास के नारे के साथ राज्यों के विकास की बात कही। 

चुनाव नतीजे ऐतिहासिक: जेपी नड्डा

बीजेपी मुख्यालय में बीजेपी वर्कर्स को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने नतीजों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल गणित या अर्थमैटिक नहीं है। यह कैमिस्ट्री है। आज देश का युवा, दलित, शोषित, वंचित, महिलाएं किसी से कैमिस्ट्री जोड़ते हैं तो वे मोदी से जोड़ते हैं। मोदी सरकार ने पिछड़ों को सशक्त करने का काम किया है। बीजेपी मुख्यालय में बीजेपी वर्कर्स को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि इन चुनाव नतीजों ने PM मोदी की ओर से जारी की गई योजनाओं पर मुहर लगाई है। लोगों ने लगातार बीजेपी को वोट दिया है। 2014 में लोग बीजेपी को आशीर्वाद दे रहे हैं। पहली बार है जब UP में कोई सीएम फिर से सत्ता में आया है। हमने गोवा में हैट्रिक लगाई है।

 मणिपुर CM ने जनता को कहा शुक्रिया

मणिपुर में बीजेपी की जीत के बाद मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह ने जनता को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा आज की जीत PM मोदी की जनता से जुड़ी योजनाओं पर लोगों के भरोसे का प्रतीक है। बीजेपी के कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई। विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ ही एक बार फिर मायावती को झटका लगा है। 2012, 2014, 2017, 2019 और अब 2022 यह लगातार पांचवां चुनाव है, जहां मायावती के नेतृत्व वाली बसपा अपनी छाप छोड़ने में विफल रही। बसपा कभी UP चुनावों में एक प्रमुख खिलाड़ी हुआ करती थी, लेकिन इस साल 12 फीसदी से अधिक के वोट शेयर के साथ सिर्फ 5 सीटों पर सिमट गई है। यह 2017 की तुलना में 10 प्रतिशत से अधिक की सीधी कमी है। मायावती की बसपा एक ऐसी पार्टी में सिमट गई है जो सपा उम्मीदवारों के वोट काटती है।

योगी 2022 के चुनावों के एक और बड़े विजेता

आप के अलावा UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2022 के चुनावों के एक और बड़े विजेता हैं। 2017 में बीजेपी ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए बिना चुनाव लड़ा था। 2022 में योगी बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा थे। UP में बीजेपी को ऐतिहासिक जीत की ओर ले जाना योगी के लिए बड़ी राहत की तरह होगा। इस जीत के साथ योगी ने 37 साल से चल रही उस प्रथा को तोड़ने में भी कामयाबी हासिल की है, जिसमें कभी भी UP में मौजूदा मुख्यमंत्री ने दोबारा जीत हासिल नहीं की है।

उत्तराखंड में भी बड़ी सफलता 

बीजेपी ने उत्तराखंड में भी बड़ी सफलता हासिल की है, क्योंकि अक्सर राज्य में एक बार कांग्रेस तो एक बार बीजेपी की सरकार रही है। लेकिन इस बार बीजेपी ने यहां पर जीत की राह पकड़ते हुए इतिहास रच दिया है। 2001 में पहाड़ी राज्य के गठन के बाद से हर पांच साल में सत्ता बदलती रही है। चुनावी नतीजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए बड़ी राहत हैं, जिन्होंने चुनाव से सिर्फ सात महीने पहले सत्ता संभाली थी।

BJP को आगे के चुनाव में मिलेगा फायदा

लोकसभा चुनाव से महज दो साल पहले आए आज के नतीजे बीजेपी के लिए शुभ संकेत हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति से ही देश की राजनीति तय होती है। ऐसे में बीजेपी के लिए राज्य में जीत हासिल करना बड़ी बात है। बीजेपी का इरादा अब इस जीत को बरकरार रखना और 2024 में केंद्र में एक बार फिर काबिज होने पर है। UP में लोकसभा की 80 सीटें हैं, जिस पर बीजेपी को आगे के चुनाव में फायदा मिल सकता है।

PM की लोकप्रियता को दिखाता है जीत

चुनावी नतीजों ने दिखा दिया है कि ब्रांड मोदी अभी भी बरकरार है। हमेशा की तरह बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और राष्ट्रीय अपील के आधार पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में फायदा हासिल किया है। PM मोदी ने UP में 28 रैलियां कीं, जो 2017 के मुकाबले दो गुना थीं। वहीं, उत्तराखंड और मणिपुर में भी PM ने कई रैलियां की। इनका फायदा सीटों के साथ देखा जा सकता है और PM की लोकप्रियता को दिखाता है।

खतरे में कांग्रेस का अस्तित्व!

इधर, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के उत्साही अभियान कांग्रेस के लिए कारगर साबित नहीं हुए हैं। प्रियंका ने जहां उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के अभियान का नेतृत्व किया, वहीं राहुल ने पंजाब और गोवा जैसे राज्यों में मोर्चा संभाला। लेकिन इन सभी राज्यों में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन से पता चलता है कि गांधी परिवार कांग्रेस को जरूरी समर्थन देने में विफल रहा है। अगर पार्टी का हारना इसी तरह से जारी रहता है तो कांग्रेस के अस्तित्व पर खतरा मंडरा सकता है। इसे लेकर कांग्रेस नेताओं ने आत्ममंथन करने की बात कही है।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.