Media24Media.com: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तेंदुए का शिकार करने वाले 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तेंदुए का शिकार करने वाले 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Document Thumbnail

मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देश के मुताबिक राज्य में वन विभाग की टीम वन अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई कर रही है। इस कड़ी में टीम ने बिलासपुर के सोठी सर्किल के बिटकुला बीट में तेंदुए का शिकार करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से वन्य प्राणियों के अवशेष भी बरामद किए हैं। वन विभाग की टीम ने बताया कि 7 फरवरी को उन्हें बिटकुला बीट के कक्ष क्रमांक 12 के नाले में एक तेंदुए की लाश मिलने की सूचना मिली थी। 

सूचना मिलते ही बिलासपुर के मुख्य वनसंरक्षक नाविद शुजाउद्दीन, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, सुनिल कुमार और वन परिक्षेत्र बिलासपुर के वन परिक्षेत्र अधिकारी ए. एस. नाथ समेत बिलासपुर परिक्षेत्र के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल पर मौका मुआयना किया। इस दौरान टीम को शिकार होने का शक हुआ। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार 7 फरवरी को शाम होने के कारण वनकर्मियों ने तेंदुए के शव को सुरक्षित रख लिया। वहीं 8 फरवरी को वनमंडलाधिकारी और वन परिक्षेत्र अधिकारी बिलासपुर समेत परिक्षेत्र के वनकर्मियों की उपस्थिति में शासकीय पशु चिकित्सकों ने शव का पोस्टमॉर्टम किया।

पोस्टमॉर्टम के बाद डॉक्टर्स ने करंट से तेंदुए की मौत होने की आशंका जताई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू की। इसके लिए बिलासपुर वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पारूल माथुर से चर्चा कर पुलिस और वन विभाग की टीम का गठन किया, जिन्होंने 11 फरवरी को 2 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार और नंदकुमार पटेल शामिल है, जिनसे कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने करंट लगाकर शिकार करना स्वीकार कर लिया। साथ ही दोनों ने 3 और आरोपियों के वारदात में शामिल होने की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने वीजराम पटेल, समारू उर्फ संजय और फूल सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया।

कुएं के अंदर पानी में छिपाया था अवशेष

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तेंदुए का एक नाखून, 2 दांत, धारदार हथियार, 10 तीर, एक धनुष, 5 बंडल GI तार, एक कुदाल, एक खून लगा हुआ स्टील टिफिन, शिकार के लिए प्रयोग किए लकड़ी का 9 खुंटी और खून लगा हुआ 13 पन्नी जब्त किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नंदकुमार पटेल ने तेंदुए के एक  नाखून और 2 दांत को पॉलीथिन में भरकर अपने घर के बाड़ी में स्थित कुएं के अंदर पानी में छिपा रखा था, जिसे जांच टीम ने कुएं में मोटर पंप लगाकर पानी को खाली करवाया। इसके बाद वन्य जीव के अवशेष को कुएं से बाहर निकाला। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए पांचों को कोर्ट में पेश किया। 

इनका रहा सराहनीय योगदान 

पेशी के बाद कोर्ट ने पांचों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक रिमांड में बिलासपुर केंद्रीय जेल भेज दिया है। वहीं इस कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने जंगली सुअर का शिकार करने वाले बलदेव सिंह और रहस राम पटेल को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके घर में जंगली सुअर के अवशेष भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में सीपत थाना प्रभारी राजकुमार सोरी, महादेव खुंटे और थानी स्टाफ समेत वन वन परिक्षेत्र के वेद प्रकाश शर्मा वनपाल और उनकी पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.