Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

संसद भवन में कोरोना विस्फोट, 400 से ज्‍यादा स्‍टाफ हुए कोरोना पॉजिटिव, 50 से ज्यादा डॉक्टर्स भी संक्रमित

देश में कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है। इसी बीच संसद भवन में कोरोना विस्फोट हुआ है। दरअसल,  संसद भवन के 400 से ज्‍यादा स्‍टाफ के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है 6-7 जनवरी को सभी का कोरोना टेस्‍ट हुआ था। देश में हर दिन के साथ कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कई राज्यों में मंत्री और नेता ओमिक्रॉन और कोरोना की चपेट में आ गए हैं। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1 लाख 53 हजार से ज्यादा केस मिले हैं। जबकि 324 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। वहीं 40 हजार से ज्यादा लोग रिकवर हुए हैं। भारत में ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रॉन के मामले सामने आ चुके हैं। देश में ओमिक्रॉन के कुल 3,071 मामले सामने आए हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 1,203 है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने की समीक्षा बैठक

वहीं महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि पूरी दुनिया में ओमिक्रॉन का फैलाव हुआ है। इसलिए सभी देशों से महाराष्ट्र इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड होने वाले सभी व्यक्तियों के लिए हम 7 दिन का क्वारंटाइन अनिवार्य कर रहे हैं। एक स्पेशल ऐप के जरिए इसको मॉनिटर किया जाएगा। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना वायरस पर भोपाल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

महाराष्ट्र में 41 हजार 434 नए मामले

महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना के 41 हजार 434 नए मामले सामने आए। वहीं 9,671 लोग डिस्चार्ज हुए और 13 लोगों की कोरोना से मौत हुई। नए केसों को मिलकर एक्टिव मरीजों की संख्या 1 करोड़ 73 लाख 238 हो गई है। वहीं महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के 133 नए मामले आए। इसी के साथ राज्य में अब तक ओमिक्रॉन के कुल 1009 मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में 10 जनवरी से नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा। नाइट कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। पांच या इससे ज्यादा लोगों की एक साथ आवाजाही पर रोक लगाई गई है। स्विमिंग पूल, जिम, स्पा, ब्यूटी सैलून, चिड़ियाघर, संग्रहालय और मनोरंजन पार्क बंद रहेंगे।

दिल्ली में 20 हजार 181 नए ​​​​मामले

दिल्ली में 24 घंटे के अंदर कोरोना के 20 हजार 181 नए ​​​​मामले सामने आए हैं। इस दौरान 11,869 लोग डिस्चार्ज हुए और 7 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 48,178 है। दैनिक पॉजिटिविटी दर 20 फीसदी (19.6) के पास पहुंच गया है। अब तक दिल्ली में कोरोना से 25,143 लोगों की मौत हुई है।

चेन्नई में 50 से ज्यादा डॉक्टर पॉजिटिव

वहीं तमिलनाडु में भी हर दिन नए केस की संख्या बढ़ती जा रही है। चेन्नई में 50 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मचारी कोविड पॉजिटिव मिले हैं। जानकारी के मुताबिक चेन्नई में 3 मुख्य सरकारी मेडिकल कॉलेज कोविड अस्पतालों में 50 से ज्यादा डॉक्टर्स और स्वास्थ्य कर्मचारी टेस्टिंग के बाद कोरोना से संक्रमित पाए गए, जिसके बाद सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया है। 

चेन्नई में कोरोना का कहर जारी

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी चेन्नई के स्टेनली मेडिकल कॉलेज में ऊटी और कूर्ग दौरे पर गए कम से कम 30 छात्र कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए। इसी कैंपस में दो पोस्ट ग्रेजुएट डॉक्टर और सात नर्स समेत 14 अन्य स्टाफ सदस्य भी संक्रमित हुए। स्टेनली कॉलेज के एक मेडिकल छात्र ने बताया कि सभी को क्वारंटाइन कर दिया गया है और वो सुरक्षित हैं। उनके साथ जो भी लोग संपर्क में आए थे उनकी भी पहचान कर ली गई और जांच में अगर वे पॉजिटिव पाए जाते हैं तो उन्हें भी क्वारंटाइन कर दिया जाएगा।

कई डॉक्टर और नर्स भी पॉजटिव

चेन्नई के किलपौक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बीते एक हफ्ते में कम से कम 12 डॉक्टर्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले साल दिसंबर में भी चेन्नई के राजीव गांधी सरकारी मेडिकल अस्पताल में कम से कम 50 स्वास्थ्य कर्मचारी संक्रमित हुए थे। स्वास्थ्य कर्मियों के बीच वायरस फैलने से मरीजों के इलाज पर असर पड़ा है। वहीं सरकार की ओर से लोगों को सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.