Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ के इन संभागों में शीतलहर की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ के कई जिलों के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर से शुष्क और ठंडी हवाएं प्रदेश में आ रही हैं। इसकी वजह से मौसम अचानक सर्द होने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की संभावना भी जताई जा रही है।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवा आने के कारण प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 27 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। 27-28 जनवरी को प्रदेश में एक दो हिस्सों में शीतलहर की स्थिति निर्मित होने की भी संभावना है। 

शीतलहर की स्थिति

ये सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिले हो सकते हैं। इस अवधि में प्रदेश उत्तरी भाग के एक-दो क्षेत्रों में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बनने की भी संभावना बन रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद इस क्षेत्र में मौसम ज्यादा ठंडा हो जाता है। अगर अचानक से न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट आए तो शीतलहर की स्थिति बनती है।

पौधों पर जम गई थी ओस

सोमवार-मंगलवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से ज्यादा है। बिलासपुर में 14 डिग्री और अंबिकापुर में 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ये सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। दुर्ग में इसे 11.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। ये सामान्य से कम था। मध्य दिसंबर और जनवरी महीने की शुरुआत में शीतलहर का दौर आया था। उस समय पौधों पर ओस जम गई थी। 

शीतलहर से इस तरह बचें 

शीतलहर से बचने के लिए जहां तक संभव हो, बाहर न निकलें। अगर बाहर निकलना है तो पूरी तरह से शरीर को गर्म कपड़े से ढक लें। ठंडी हवा से बचाव के लिए गैर जरूरी यात्राओं से बचें। खुद को सूखा रखें। अगर भीग गए तो शरीर की गर्मी को बचाने के लिए तुरंत कपड़े बदलें। सर्दी में भी शरीर को पानी की जरूरत होती है, इसलिए पर्याप्त पानी पिएं। गर्म पेय का सेवन करें। शीतलहर से बचने के लिए शराब न पीएं। अल्कोहल आपके शरीर का तापमान कम कर देता है यह खतरनाक होगा। शीतलहर के दौरान अगर आपके हाथ-पैर में ज्यादा ठंड लगती है तो इसे रगड़ने के बजाय गुनगुने पानी में रखें। अगर हाथ या पैर का रंग काला पड़ गया है तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। इस तरह आप अपने आप को शीतलहर से बचा सकते हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.