Media24Media.com: केंद्र सरकार ने किया पद्म पुरस्कारों का ऐलान, CDS जनरल बिपिन रावत समेत इन लोगों को सम्मान

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

केंद्र सरकार ने किया पद्म पुरस्कारों का ऐलान, CDS जनरल बिपिन रावत समेत इन लोगों को सम्मान

Document Thumbnail

केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले यानी 25 जनवरी को पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया, जिसमें विमान हादसे में शहीद हुए CDS जनरल बिपिन रावत और BJP के दिवंगत नेता कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। वहीं प्रभा अत्रे को कला, राधेश्याम खेमका को साहित्य और शिक्षा, जनरल बिपिन रावत को सिविल सर्विस और कल्याण सिंह को लोक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।

केंद्र सरकार ने जो सूची जारी की है, उसमें विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए 128 लोगों को सम्मानित करने का ऐलान किया है। इनमें 4 लोगों को पद्म विभूषण, 17 लोगों को पद्म भूषण और 107 लोगों को पद्म श्री से नवाजा जाएगा। पद्म भूषण से सम्मानित लोगों में गुलाम नबी आजाद, पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और पूर्व सचिव राजीव महर्षि का नाम शामिल है। साथ ही माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला, अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई, SII के MD साइरस पूनावाला को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं 107 लोगों को पद्म श्री दिया जाएगा। इनमें ओलंपियन नीरज चोपड़ा, प्रमोद भगत, वंदना कटारिया और गायक सोनू निगम का नाम शामिल है। कुल 128 लोगों को पद्म अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

वहीं टोक्यो ओलिंपिक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा मेडल से  भी सम्मानित किया गया है। वे सेना की 4 राजपूताना राइफल्स रेजिमेंट में सुबेदार हैं। 73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्वारा नीरज चोपड़ा समेत सेना के कुल 384 लोगों के लिए वीरता पुरस्कार का ऐलान किया गया है। इसमें 12 शौर्य चक्र, 29 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 अति विशिष्ट सेवा मेडल, 13 युद्ध सेवा मेडल शामिल हैं। इनके साथ 122 विशिष्ट सेवा मेडल भी दिए जाएंगे।

2021 के लिए जीवन रक्षा पदक सीरीज के तहत 51 लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें 6 लोगों को सर्वोत्तम रक्षा पदक, 16 को उत्तम जीवन रक्षा पदक और 29 को जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा। 5 लोगों को मरणोपरांत ये पुरस्कार दिया जा रहा है। ये पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है जो अपने प्राणों की बाजी लगाकर दूसरों की जान बचाते हैं।

सेना के 6 जवानों को शौर्य चक्र 

केंद्र सरकार ने मंगलवार को विभिन्न केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के कर्मियों के लिए वीरता के लिए 189 समेत कुल 939 सेवा पदकों की घोषणा की। गृह मंत्रालय की ओर से जारी वीरता पदक की सूची में उन कर्मियों के नाम शामिल हैं, जिन्हें वीरता के लिए पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। सेना के 6 जवानों को शांतिकाल के तीसरे सबसे बड़े सम्मान शौर्य चक्र से नवाजा गया है। 5 जवानों को ये सम्मान मरणोपरांत मिला है। 17 मद्रास के नायब सूबेदार श्रीजीत एम को जुलाई 2021 में जम्मू-कश्मीर में तलाशी अभियान के दौरान एक ऑपरेशन में एक आतंकवादी को मारने के लिए शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया।

वहीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 18 कर्मियों को वीरता पदक समेत विभिन्न पुलिस सेवा पदकों से नवाजा गया है। तीन कर्मियों को वीरता के लिए पुलिस पदक (PMG) से सम्मानित किया गया है। 3 को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और 12 को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में फरवरी 2018 में एक भीषण मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों का मुकाबला करने के लिए सहायक कमांडेंट अशोक कुमार, निरीक्षक सुरेश लाल और नीला सिंह की टीम को PMG दिया गया है।

इस अभियान में 2 नक्सली मारे गए थे और इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया था। विशिष्ट सेवा पदक पाने वालों में उप महानिरीक्षक (DIG) अजय पाल सिंह हैं, जो 1990 में एक अधिकारी के रूप में इसमें शामिल हुए थे। सिंह वर्तमान में उत्तराखंड के मसूरी में ITBP अधिकारियों की प्रशिक्षण अकादमी में तैनात हैं। उन्होंने ITBP की विभिन्न प्रशिक्षण इकाइयों के अलावा अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के साथ-साथ जम्मू कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों सेवाएं दी है। 

DIG रमाकांत शर्मा और जीसी उपाध्याय को भी विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। सबसे ज्यादा 115 वीरता पदक जम्मू-कश्मीर पुलिस को दिए गए हैं। वहीं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को 30, छत्तीसगढ़ पुलिस को 10, ओडिशा पुलिस को 9 और महाराष्ट्र पुलिस को 7 पदक हासिल हुए हैं। इसी तरह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) को तीन-तीन, जबकि सीमा सुरक्षा बल (BSF) को 2 वीरता पदक मिले हैं। 88 जवानों को विशिष्ट सेवा पदक और 662 जवानों को सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया है।

गणतंत्र दिवस पर 939 वीरों को गैलेंट्री अवॉर्ड

गणतंत्र दिवस पर वीरता पुरस्कार पाने वाले वीरों के नामों की घोषणा हो गई है। इस बार 939 पुलिस कर्मियों को उनके शौर्य के लिए गैलेंट्री अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। इसमें 189 वीरों को पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं विशिष्ट सेवा के लिए 88 वीरों को राष्ट्रपति का पुलिस मेडल (PPM) और 662 को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल (PM) दिया गया। पुलिस मेडल पाने वाले 189 वीरों में से 134 कर्मियों को जम्मू और कश्मीर क्षेत्र में उनकी वीरता के लिए सम्मानित किया गया। बता दें कि देश की सुरक्षा में अदम्य साहस का प्रदर्शन करने वाले वीर जवानों को हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।

 26 जनवरी को भारत का संविधान हुआ था लागू 

बता दें कि 26 जनवरी के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था। भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजादी तो मिल गई थी, लेकिन 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित हुआ। इस दिन राजधानी में राजपथ पर होने वाले मुख्य आयोजन में भारत की सांस्कृतिक झलक के साथ ही सैन्य शक्ति और परंपरागत विरासत की झांकी पेश की जाती है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.