Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

तेंदूपत्ता संग्रहण साल 2022 की पहली निविदा में 914 करोड़ रूपए का विक्रय

छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2022 की प्रथम निविदा में अधिसूचित मात्रा की 68 प्रतिशत मात्रा का विक्रय औसत दर 8 हजार 067 रूपए प्रति मानक बोरा की दर से 914 करोड़ रूपए में किया गया, जो कि पिछले चार सालों के प्रथम निविदा के विक्रय की तुलना में सर्वाधिक रहा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप वन मंत्री मोहम्मद अकबर के निर्देशानुसार राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा इस साल छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता के संग्रहण से पूर्व उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि संग्राहक उच्च गुणवत्ता के तेंदूपत्ता का संग्रहण करें और उन्हें संग्रहण पारिश्रमिक अधिक से अधिक प्राप्त हो सके। 

इस साल तेंदूपत्ता की मांग अच्छी होने के कारण विक्रय दर में बढ़ोतरी हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य की अच्छी गुणवत्ता के तेंदूपत्ता को ध्यान में रखकर तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2022 की प्रथम निविदा में सम्पूर्ण देश के 174 निविदाकारों ने प्रथम निविदा में भाग लिया। इसी कड़ी में वन मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में बीते दिन वनोपज राजकीय व्यापार अंतर्विभागीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में लिए गए निर्णयानुसार तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2022 की प्रथम निविदा में अधिसूचित मात्रा के 68 प्रतिशत मात्रा का विक्रय 914 करोड़ रूपए में किया गया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन मनोज पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षकऔर वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, प्रबंध संचालक राज्य लघु वनोपज संघ संजय शुक्ला,  सचिव वन प्रेम कुमार समेत संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा साल 2019 से तेंदूपत्ता संग्रहण दर 2500 रूपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4000 रूपए प्रति मानक बोरा निर्धारित की गई है। राज्य में साल 2022 में संग्रहित होने वाले 902 प्राथमिक बनापेज सहकारी समितियों के 954 लाटों की अधिसूचित मात्रा 16.72 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता के अग्रिम विक्रय के लिए 07 दिसंबर 2021 से 14 दिसंबर 2021 तक प्रथम चक्र की ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई थी। अवशेष लाटों की अधिसूचित मात्रा तेंदूपत्ता के अग्रिम विक्रय के लिए 04 जनवरी 2022 से 06 जनवरी 2022 तक द्वितीय चक्र की ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई है।

तेंदूपत्ता संग्रहण साल 2019 में प्रथम निविदा में अधिसूचित मात्रा की 25 प्रतिशत मात्रा का विक्रय 240 करोड़ रूपए में किया गया था। तेंदूपत्ता संग्रहण साल 2020 में प्रथम निविदा में अधिसूचित मात्रा की 18 प्रतिशत मात्रा का विक्रय 172 करोड़ रूपए में किया गया था। तेंदूपत्ता संग्रहण साल 2021 में प्रथम निविदा में अधिसूचित मात्रा की 62 प्रतिशत मात्रा का विक्रय 704 करोड़ रूपए में किया गया था।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.