Media24Media.com: सावधान: देश में तेजी से फैल रहा ओमिक्रोन, 5 राज्यों में 5 नए मरीज मिले, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 38

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सावधान: देश में तेजी से फैल रहा ओमिक्रोन, 5 राज्यों में 5 नए मरीज मिले, कुल संक्रमितों की संख्या हुई 38

Document Thumbnail

दुनिया के कई देशों के साथ ही भारत में भी ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में नए वैरिएंट से संक्रमित 5 मरीजों की पहचान हुई है, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है। रविवार को आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में ओमिक्रोन वैरिएंट के एक-एक मरीजों की पुष्टि हुई है।

आंध्र प्रदेश और चंडीगढ़ में नए ओमिक्रोन वैरिएंट का पहला मामला सामने आया है। इसके अलावा महाराष्‍ट्र के नागपुर से आमिक्रोन वैरिएंट का एक मामला सामने आया। वहीं कर्नाटक में भी एक और मामला सामने आने के बाद राज्य में आमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। इसके अलावा केरल के कोच्चि में ओमिक्रोन वैरिएंट का पहला मामला सामने आया है।

कर्नाटक में तीसरे मरीज की पुष्टि 

कर्नाटक में रविवार को ओमिक्रोन के तीसरे मामले की पुष्टि हुई। ये व्यक्ति दक्षिण अफ्रीका से आया था और कोरोना संक्रमित था। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने ट्वीट किया कि 'कर्नाटक में ओमिक्रोन स्वरूप से संक्रमण के तीसरे मामले का पता चला है। दक्षिण अफ्रीका से लौटा 34 साल का व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। उसे अलग कर सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उसके प्राथमिक संपर्क में पांच लोगों के और द्वितीयक संपर्क में 15 लोगों के आने की जानकारी मिली है, जिनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।' 

नागपुर और केरल में नए केस 

इधर, महाराष्ट्र में एक दक्षिण अफ्रीकी से नागपुर लौटे 40 साल के व्यक्ति में ओमिक्रोन स्वरूप की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में अब तक इस स्वरूप के 18 मामले सामने आ चुके हैं। इस बीच केरल के कोच्चि में ओमिक्रोन का पहला मामला सामने आया है। शख्स 06 ​​दिसंबर को ब्रिटेन से कोच्चि लौटा था और 8 दिसंबर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसकी जानकारी केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने दी।

20 साल का युवक ओमिक्रोन संक्रमित

वहीं विदेश से अपने रिश्तेदारों से मिलने चंडीगढ़ पहुंचा 20 साल का एक युवक ओमिक्रोन स्वरूप से संक्रमित पाया गया है। चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉक्टर सुमन सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 'युवक इटली में रह रहा था। हाल में वह अपने रिश्तेदारों से मिलने यहां आया था। जीनोम अनुक्रमण की उसकी रिपोर्ट 11 दिसंबर को देर रात मिली और इसमें ओमिक्रोन स्वरूप से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।'

व्यक्ति में संक्रमण के नहीं थे लक्षण 

युवक ने टीके की खुराक ले रखी है और वो फिलहाल सांस्थानिक आइसोलेशन में है। एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि व्यक्ति 22 नवंबर को भारत आया था। वह चंडीगढ़ में अपने रिश्तेदारों से मिलने आया था और आइसोलेशन में था और 01 दिसंबर को दोबारा जांच में संक्रमित पाया गया। बयान में बताया गया कि इसके बाद उसे सांस्थानिक क्वारंटाइन में भेज दिया गया और उसके नमूने को जीनोम अनुक्रमण के लिए नई दिल्ली भेजा गया। उच्च जोखिम का सामना कर रहे उसके परिवार के 7 सदस्यों को भी आइसोलेशन में भेजा गया है। उनमें से किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई। ऐसा बताया गया कि व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण नहीं थे।

आंध्र प्रदेश में ओमिक्रोन की पुष्टि

आंध्र प्रदेश में आयरलैंड से पहुंचे 34 साल के एक विदेशी यात्री में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई है। ये व्यक्ति पहले मुंबई पहुंचा था और कोविड-19 जांच में उसके संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बाद 27 नवंबर को उसे विशाखापत्तनम जाने की अनुमति मिल गई। लोक स्वास्थ्य निदेशक ने एक विज्ञप्ति में कहा कि 'विजयनगरम में दूसरी बार RT-PCR जांच में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके नमूने को जीनोम अनुक्रमण के लिए हैदराबाद स्थित कोशिकीय और आणविक जीवविज्ञान केंद्र भेजा गया और इसके जांच परिणाम में ओमिक्रोन की पुष्टि हुई।' निदेशक ने कहा कि व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण नहीं थे और 11 दिसंबर को फिर से जांच में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। उन्होंने कहा कि राज्य में ओमिक्रोन का और मामले नहीं है। 

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.