Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सावधान: देश में तेजी से फैल रहा ओमिक्रोन, 5 राज्यों में 21 मरीजों की पहचान

भारत में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में नए वैरिएंट से संक्रमित 16 और मरीजों की पहचान हुई है। राजस्थान के जयपुर में ओमिक्रोन के 9 मामले सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका से लौटे 4 लोगों में ओमिक्रोन वैरिएंट मिला है। चारों लोगों को RUHS में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा इन लोगों के संपर्क में आने वाले 5 और लोगों में भी ओमिक्रोन वैरिएंट की पुष्टि हुई है। सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। इसी तरह महाराष्ट्र में ओमीक्रॉन संक्रमित मरीजों की संख्या 9 हो गई है। नए मामलों के साथ ही अब देश में ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 21 तक पहुंच गई है। 

चिकित्सा सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि संक्रमित लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई गई थी, जिसमें 9 लोग कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रोन से संक्रमित पाए गए हैं। गालरिया ने बताया कि विभाग ने दक्षिण अफ्रीका से लौटे परिवार के सभी 4 सदस्यों को पहले ही RUHS अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। वहीं उनके संपर्क में आए 5 अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए हैं। उन्हें भी RUHS में भर्ती कराया गया है।  

उन्होंने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से लौटे परिवार समेत उनके संपर्क में आए 34 लोगों के नमूने लिए गए थे, जिनमें से 9 लोगों के ओमिक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जबकि 25 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि परिवार के संपर्क में सीकर जिले के अजीतगढ़ का एक परिवार भी आया था, उन सभी की भी जांच कराई गई है, लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि संपर्क में आए सभी लोगों की व्यापक स्तर पर कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर नमूने लिए जा रहे हैं।

नए मरीजों ने बढ़ाई चिंता

ओमिक्रोन वैरिएंट देश में तेजी से अपना पैर पसार रहा है। कर्नाटक और गुजरात के शुरुआती मामलों के बाद इस वैरिएंट के प्रसार में तेजी आई है। रविवार को नए वैरिएंट से दिल्ली में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया। इसके बाद महाराष्ट्र में 8 और लोगों के संक्रमित होने की जानकारी मिली। बता दें कि एक शख्स महाराष्ट्र में पहले ही संक्रमित हो चुका है। वहीं रविवार शाम तक राजस्थान में ओमिक्रोन के 9 मरीजों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। 

महाराष्ट्र में दो दिनों में 9 लोग संक्रमित 

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड में एक 44 साल की महिला अपनी दो बेटियों के साथ नाइजीरिया से आई थी। वो यहां अपने भाई के परिवार से मिलने आई थीं। उनके संपर्क में आई उनकी दो बेटियां, एक भाई और उनकी दो बेटियां यानी कुल 6 लोग पिंपरी-चिंचवड में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से तीन लोगों की उम्र 18 साल से कम है और उन लोगों ने वैक्सीन नहीं ली है। पिंपरी-चिंचवड में 6 मरीज के साथ ही पुणे से 2 ओमिक्रोन संक्रमित मरीज पाए गए हैं। 

फिनलैंड से लौटा है युवक

पुणे में पाया गया युवक फिनलैंड घुम कर आया है। वो 18 से 25 नवंबर के बीच फिनलैंड घुम कर आया है। 29 तारीख को उसे हल्का बुखार आया। टेस्ट करवाने पर वह कोविड पॉजिटिव पाया गया। इसके अलावा पुणे के ग्रामीण इलाके आलंदी से एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इन सबके सैंपल को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजा गया। उन सबकी रिपोर्ट सामने आई और पिंपरी चिंचवड में छह लोग और पुणे में दो लोग ओमिक्रोन से संक्रमित पाए गए हैं।

कोरोना टास्क फोर्स की अहम बैठक

ओमीक्रोन संक्रमितों की संख्या महाराष्ट्र और राजस्थान में 9- 9 हो जाने के बाद देश में अब सबसे अधिक ओमीक्रोन संक्रमित  मरीजों की संख्या महाराष्ट्र और राजस्थान में है। महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक में 2 ओमीक्रोन संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली में रविवार को 1 ओमीक्रोन संक्रमित मरीज पाया गया और शनिवार को गुजरात के जामनगर में 1 मरीज पाया गया। इस तरह से देश भर में कुल 22 ओमीक्रोन संक्रमित मरीज अब तक पाए जा चुके हैं।

ओमिक्रोन वैरिएंट से जुड़े विशेषज्ञों से चर्चा

एक दिन में पुणे और पिंपरी-चिंचवड में 8 ओमीक्रोन संक्रमितों के पाए जाने के बाद महाराष्ट्र सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। सोमवार को संकट से निपटने के लिए राज्य कोरोना टास्क फोर्स के साथ मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एक अहम बैठक करने वाले हैं। इस बैठक में ओमीक्रॉन के इस खतरे से निपटने की आगे रणनीति पर चर्चा होगी और अफ्रीका के ओमिक्रोन वैरिएंट से जुड़े विशेषज्ञों से चर्चा की जाएगी।

जयपुर CMHO ने दी जानकारी

अभी तक कर्नाटक, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली में ओमिक्रोन के मामले सामने आए थे। अब राजस्थान में एक साथ 9 मरीजों के मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। राजस्थान देश का 5वां राज्य बन गया है, जहां नए वायरस के केस मिले हैं। भारत में सबसे पहला मामला कर्नाटक के बेंगलुरु में मिला था। जयपुर CMHO डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि 25 नवंबर को जब ये परिवार दक्षिण अफ्रीका से निकला था तब इनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव थी। वहां से ये लोग दुबई होते हुए मुंबई पहुंचे थे। दुबई और मुंबई में भी सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।

9 लोगों में मिला नया वैरिएंट

28 नवंबर को ये परिवार जयपुर में सिटी पैलेस में एक शादी समारोह में हुआ था। यूनिवर्सिटी में भर्ती परिवार के सदस्यों का 3 दिसंबर को HR सीटी स्कैन कराया था। सभी की रिपोर्ट नॉर्मल आई थी। इन लोगों में खांसी, जुकाम और बुखार के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। सभी का जीनोम सीक्वेंस टेस्ट किया गया था। जिसमें नए वायरस की पुष्टि हुई है।

3 दिनों में 5 राज्यों तक पहुंचा ओमिक्रोन

  • राजस्थान में 9 मरीजों की पुष्टि 
  • महाराष्ट्र में 8 मरीजों की पहचान
  • कर्नाटक में 2 मामले मिले
  • गुजरात में एक मरीज की पुष्टि
  • दिल्ली में एक मरीज की पहचान

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.