Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नहीं रहे JCCJ विधायक देवव्रत सिंह, हार्ट अटैक से हुई मौत, CM भूपेश ने जताया दुख

JCCJ विधायक देवव्रत सिंह का आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक हार्ट अटैक के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया जा रह था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। राजनांदगांव के CMHO मिथलेश चौधरी ने विधायक की मौत की पुष्टि की है। 

देवव्रत सिंह को बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 3 बजे दिल का दौरा पड़ा था। देवव्रत के निधन से उनके परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है। उनके निजी निवास पर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। समर्थकों का कहना है कि इस बार राज परिवार की दिवाली काली हो गई है।

राजनांदगांव से सांसद रह चुके थे देवव्रत

काफी समय तक कांग्रेस में रहने के बाद देवव्रत सिंह ने विधानसभा चुनाव 2018 से पहले पूर्व CM अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ में शामिल हो गए थे। पार्टी ने उन्हें टिकट भी दिया। देवव्रत उन पांच लोगों में शामिल थे, जिन्हें विधानसभा चुनाव में जीत मिली थी। इससे पहले वो कांग्रेस की टिकट पर एक बार खैरागढ़ के विधायक और एक बार राजनांदगांव से सांसद रह चुके थे।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

बीते कुछ समय से कयास लगाए जा रहे थे देवव्रत सिंह JCCJ का साथ छोड़कर कांग्रेस में दोबारा शामिल हो सकते हैं। बीते कुछ समय से वो कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात भी कर रहे थे। दिवाली को देखते हुए सिंह अपने निवास पर ही थे। शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। फिर रात को उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

मां के निधन के बाद बने थे विधायक

खैरागढ़ राजपरिवार के दूसरी पीढ़ी से राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह के बेटे शिवेंद्र बहादुर सिंह राजनांदगांव से तीन बार सांसद रहे। साल 1998 में कांग्रेस ने उनको टिकट नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने जनता दल की टिकट से चुनाव लड़ा, लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस के मोतीलाल वोरा की जीत हुई। खैरागढ़ राजपरिवार के दूसरे बेटे रविंद्र बहादुर सिंह की पत्नी रानी रश्मिदेवी सिंह खैरागढ़ से 1995 से लगातार चार बार विधायक रहीं। उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनके बेटे देवव्रत सिंह विधायक बने। तब से वे राजनीति में सक्रिय थे।

CM भूपेश बघेल ने जताया शोक

CM भूपेश बघेल ने देवव्रत सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि 'खैरागढ़ के विधायक और राज परिवार के अहम सदस्य देवव्रत सिंह का आकस्मिक निधन छत्तीसगढ़ की एक राजनीतिक क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने का संबल प्रदान करें।'

नेता प्रतिपक्ष धरमपाल कौशिक ने भी जताया दुख

वहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि 'अल्पायु में उनका दुखद निधन हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है, वह एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.