Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

SP पर हाथी ने किया हमला, गम्भीर अवस्था में बिलासपुर रेफर

बिलासपुर/ जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एसपी त्रिलोक बंसल हाथी के हमले से गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। उनकी पत्नी के भी घायल होने की खबर है। 

संवेदनशील पुलिस अधीक्षक श्री बंसल, गांव में हाथियों के उत्पात मचाने की सूचना पर मौका मुआयना करने गए थे। इस दौरान हाथियों के झुंड में से एक मादा हाथी ने हमला कर दिया। हमले से बचने सरपट भागते समय उन्हें सिर और पैर में गंभीर चोंटें आयी है। त्रिलोक बंसल महासमुन्द के मूल निवासी हैं। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है। 

मिली जानकारी के अनुसार अमारू के जंगल में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के एसपी त्रिलोक बंसल और उनकी पत्नी पर हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। त्रिलोक बंसल की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी पत्नी और 4 वनकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है । सभी को उपचार के लिए पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से बिलासपुर रेफर किया गया है।

एसपी को हाथी ने दौड़ाया

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक जंगली हाथियों के गांव में लगातार मूवमेंट की सूचना मिलने पर एसपी त्रिलोक बंसल बुधवार 3 नवम्बर की शाम अपनी पत्नी, डीएफओ संजय त्रिपाठी और अन्य वनकर्मियों के साथ हाथी का लोकेशन देखने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान त्रिलोक बंसल पर हाथियों ने हमला कर दिया। वे बचने के लिए सरपट भागे। सूंड से हथिनी ने धकेल दिया।

निरीक्षण के दौरान हाथी ने किया हमला

मीडिया को मरवाही डीएफओ संजय त्रिपाठी ने बताया कि एसपी बंसल पर एक मादा हथिनी ने हमला किया है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सिक्योरिटी गार्ड और अन्य पुलिसकर्मी भी थे। लेकिन हाथी के हमला करते ही वे सभी भाग निकले। उनका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि एसपी श्री बंसल हाथियों के बहुत नजदीक तक चले गए थे। इसके चलते हाथियों ने उन पर हमला कर दिया।

एसपी को बिलासपुर किया गया रेफर

बताया गया कि उनकी हालत गंभीर है। चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताया है। उनकी पत्नी भी घायल हुई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल पेंड्रा लाया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम जिला अस्पताल पहुंची। बाद बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।

देर रात हाथियों ने मचाई थी भारी तबाही

एसपी और उनकी पत्नी को बिलासपुर अपोलो ले जाने ग्रीन कारीडोर बनाया जा रहा है। बता दें कि पेंड्रा इलाके में मौजूद दो दर्जन से ज्यादा हाथियों के दल ने सोमवार देर रात भरी तबाही मचाई थी। गांवों में घुसे हाथियों ने फसलों को रौंद दिया। हाथियों की मौजूदगी से इलाके में दहशत है। मौका मुआयना करने तीसरे दिन एसपी गए हुए थे। 

आईपीएस त्रिलोक बंसल के साथ मीडिया24मीडिया की टीम और सहयोगी साथीगण

दुःखद घटना, नहीं मनाएंगे दीवाली-आनंद

इस गंभीर हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए 'मीडिया24मीडिया' के डायरेक्टर व प्रेस क्लब महासमुन्द अध्यक्ष आनंदराम साहू ने कहा है कि त्रिलोक बंसल उनके अभिन्न मित्र हैं। इस दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात लगा है। उन्होंने श्री बंसल की कुशलता के लिए प्रार्थना करने के साथ ही इस साल स्वयं दीवाली का पर्व नहीं मनाने की बात कही है। गौरतलब है कि श्री बंसल लंबे अर्से तक राजभवन में एडीसी पदस्थ थे। हाल ही में जीपीएम जिले में एसपी पदस्थ हुए हैं। मिलनसार और साहसी त्रिलोक बंसल के अविलम्ब स्वस्थ होकर लौटने के लिए मिन्नतें की जा रही है। इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही महासमुन्द क्षेत्र में शुभचिंतक कुशलता के लिए प्रार्थना करने के साथ ही एक दूसरे से घटना की गम्भीरता की जानकारी ले रहे हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.