Media24Media.com: सस्ती दवा के लिए जेनेरिक मेडिकल स्टोर में दिन भर रही भीड़, दूर के इलाकों से पहुंचते रहे लोग

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सस्ती दवा के लिए जेनेरिक मेडिकल स्टोर में दिन भर रही भीड़, दूर के इलाकों से पहुंचते रहे लोग

Document Thumbnail

धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना के तहत शुरू किए गए मेडिकल स्टोर में ग्राहकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सस्ती दवाइयां उपलब्ध होने की वजह से यहां पहले ही दिन से ग्राहकों की भीड़ लगी रही। रायपुर के सुभाष स्टेडियम स्थित धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर में रायपुर के दूर के इलाकों के लोग भी आ रहे हैं। ग्राहकों से मिले अच्छे रिस्पॉन्स से उत्साहित दुकान के संचालक ने बताया कि उनकी पूरी कोशिश है कि यहां आने वाले हर कस्टमर को उनकी जरूरतों के हिसाब से दवाइयां उपलब्ध करा सकें। इस दुकान में आने वाले खरीददारों ने बताया कि उन्हें यहां पर ब्रांडेड कंपनियों की सस्ती दवाइयां मिलने से उनके काफी पैसे बच रहे हैं।


इस योजना के लिए उन्होंने राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया है। शुभाष स्टेडियम स्थित धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर के संचालक  ओमप्रकाश देवांगन ने बताया कि मेडिकल स्टोर खुलने के बाद से यहां ग्राहक अच्छी-खासी संख्या में आ रहे हैं। 21 अक्टूबर की शाम तक लगभग 20 हजार से ज्यादा की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने बताया कि यहां पर समता कॉलोनी,चौबे कॉलोनी कबीर नगर, मोवा, दलदल सिवनी, फाफाडीह, अवंतीविहार, जैसे दूर के इलाकों से भी लोग आ रहे हैं। 

पेनकिलर की दवा खरीदने आए अवंति विहार निवासी आर के बनर्जी ने बताया कि पेनकिलर की ब्रांडेड दवा की स्ट्रिप 100 रूपये की आती थी। उसी कंपोजिशन की दवा उन्हें यहां मात्र 14 रूपये में मिल गई। उन्होंने कहा कि वे इस योजना से बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि वे डायबिटिज और ब्लड प्रेशर के भी मरीज हैं। दवा दुकान संचालक से पूछने पर पता चला कि उनकी डायबिटिज और ब्लड प्रेशर की दवा लगभग आधी कीमत पर उन्हें उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने कहा की अब वे सारी दवाइयां इसी मेडिकल स्टोर से खरीदेंगें।

इसी तरह दवाइयां लेने पहुंचे बैरन बाजार के मुकेश कोसरिया ने बताया कि 71 रूपए की दवाइयां उन्हें यहां पर 31 रूपए में मिली। छोटापारा निवासी किंशुक हाजरा को  424 की दवाइयां मात्र 161 रूपए में मिली। कटोरा तालाब की पूर्णिमा कोडवानी ने बताया की वह अपनी बच्ची गोविनेश कोडवानी के लिए स्किन डिशीज की दवाई लेने आई हैं। यहां पर वह दवाइयां उन्हें एक तिहाई कीमत में मिल गई। उन्होंने सरकार की इस योजना की सराहना की और कहा कि यह गरीब वर्ग के लोगों के लिए कल्याणकारी योजना है। महंगाई के दौर में ये बहुत ही अच्छी योजना है। 

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.