देश के अलग-अलग हिस्सों से हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। देश के अलग-अलग राज्यों से रोजाना हत्या की खबरें सामने आ रही है। ताजा मामला उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का है, जहां एक मंदिर के महंत की गला काटकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी महंत की जीभ और आधी मूंछें काट कर ले गए। लोगों के मुताबिक चुनावी रंजिश के कारण इस हत्या को अंजाम दिया गया है। महंत के पोते की पत्नी वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं, इसलिए हत्या के पीछे चुनावी रंजिश को नकारा नहीं जा सकता है।
वहीं पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामला बदायूं जिले के उझानी कोतवाली इलाके के अढौली गांव का है, जहां रहने वाले निजी मंदिर के महंत खेमकरन हमेशा की तरह खाना खाने के बाद मंदिर में सोने चले गए। जहां रात में अज्ञात हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी। हत्यारे जीभ और उसकी आधी मूंछों को भी काटकर अपने साथ ले गए, जो किसी साजिश की तरफ इशारा कर रहा है।
परिजन ने पुलिस को दी सूचना
परिजन का कहना है कि उन्हें खेमकरन की हत्या के बारे में तब पता चला जब खेमकरन का पोता देर रात खाना खाने के बाद लौट रहा था। तभी उसने देखा कि उसके बाबा महंत के खाट के पास खून बिखरा पड़ा हुआ है। ये बात उसने अपने बड़े भाई पोप सिंह को बताई। पोप सिंह ने देखा कि उनके बाबा की हत्या कर दी है। फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची उझानी कोतवाली पुलिस ने महंत के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि महंत खेमकरन के पोते पोप सिंह की पत्नी भी ग्राम प्रधान हैं और उनके घर के लोगों का कहना है कि इसके पीछे चुनावी रंजिश हो सकती है। वहीं महंत की हत्या की जानकारी मिलने के बाद SSP ओपी सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। SSP ने दावा किया है कि पुलिस जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। फिलहाल परिजनों की शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।