Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

5 जवानों की शहादत का बदला, 24 घंटे के अंदर 5 आतंकी ढेर

जम्मू और कश्मीर  (Jammu & Kashmir) में  सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है, जिसमें सुरक्षाबलों ने 5 जवानों की शहादत का बदला ले लिया है। दरअसल, सुरक्षाबलों ने शोपियां में एनकाउंटर के दौरान तीन आतंकियों को ढेर कर दिया है। इनमें से एक आतंकी की पहचान गांदरबल के मुख्तार शाह के रूप में हुई है, जिसने बिहार के एक रेहड़ी वाले वीरेंद्र पासवान की हत्या कर दी थी। 

सुरक्षाबलों का आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। सुबह पुंछ सेक्टर से सटे राजौरी के देहरा की गली इलाके में एक मुठभेड़ और तलाशी अभियान चल रहा है। पुंछ में सोमवार को आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान एक JCO और चार जवान शहीद हो गए थे। इससे पहले कल जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को एक मुठभेड़ के दौरान कम से कम तीन आतंकवादी मारे गए हैं।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस के मुताबिक आतंकियों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। 11 अक्टूबर को कश्मीर के शोपियां इलाके में दो एनकाउंटर चल रहे हैं, जिसमें जवानों ने तीन आतंकियों को घेर लिया है। एक एनकाउंटर शोपियां के तुलरान इलाके में चल रहा है, तो दूसरा एनकाउंटर शोपियां के ही खोरीपेड़ा इलाके में किया गया। इससे पहले सोमवार को ही पुंछ जिले में हुए तीन मुठभेड़ में एक जूनियर कमीशंड अधिकारी समेत सेना के 5 जवान शहीद हो गए।

इलाज के दौरान शहीद हुए जवान

वहीं इस दौरान दो आतंकवादी भी ढेर कर दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती जिले पुंछ के सुरनकोट इलाके में डेरा की गली के पास एक गांव में आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में सैनिक शहीद हो गए। सेना और पुलिस ने नियंत्रण रेखा पार कर यहां आए आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद संयुक्त अभियान शुरू किया था। अधिकारियों ने कहा कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के नियंत्रण रेखा पार कर चमरेर के जंगल में छिपे होने की खबर मिली थी। आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर भारी गोलीबारी की, जिससे 5 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान पास के एक सैन्य अस्पताल में सभी पांच सैनिकों ने दम तोड़ दिया।  

घाटी में लगातार बढ़ रही आतंकी गतिविधियां

बता दें कि आतंकवादियों के घाटी में खौफ फैलाने का ये नया हथकंडा है। दहशत की बिसात पर अब वो देश के जवानों और नेताओं के साथ-साथ आम लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं और उनमें भी गैर मुस्लिमों की पहचान करके उनको मारा जा रहा है। आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद जम्मू कश्मीर में आतंक का तेजी से सफाया जरूर हुआ था, लेकिन इस साल बदली हुई रणनीति से आतंकवाद फिर पैर फैलाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि सुरक्षबल के जवान उनके हर कोशिश पर पानी फेर रहे हैं।

साल 2021 में आतंकवाद संबंधी 103 घटनाएं  

साल 2021 के 10 महीनों में घाटी में 103 आतंकी हमले हो चुके हैं, जिसमें 22 आम नागरिकों की मौत हुई है। जबकि 30 जवान शहीद हुए हैं। साथ ही हमारे जांबाज जवानों ने 134 आतंकियों को भी ढेर किया है। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर में इस साल 203 आतंकवादी मारे गए और उनमें से 166 स्थानीय थे और 37 पाकिस्तानी या फिर विदेशी मूल के थे। वहीं साल 2020 में आतंकवाद संबंधी 96 घटनाएं (96 terrorism related incidents) हुईं। इन घटनाओं में 43 नागरिकों की भी जान गई। जबकि 92 अन्य घायल हो गए। वहीं हताहत नागरिकों की संख्या में 2019 के मुकाबले कमी आई है, पिछले साल जहां 47 नागरिकों की मौत हुई थी और 185 अन्य घायल हुए थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.