Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

लड़के ने लड़की बनकर डॉक्टर को अपने जाल में फंसाया, फिर लूट लिए दो करोड़

देश में दूसरे गंभीर अपराधों के साथ ही साइबर अपराध (Cyber crime in india) के मामले भी रोजाना बढ़ते जा रहे है। शातिर बदमाश अलग-अलग तरीके से ठगी (fraud) के वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला महाराष्ट्र का है, जहां एक महिला से चैटिंग करते-करते दिल्ली का बड़ा डॉक्टर उसके जाल में फंस गया। दोनों के बीच बात बढ़ी और डॉक्टर से 2 करोड़ की लूट हो गई। इसकी शिकायत डॉक्टर ने थाने में की, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। इस बीच आरोपी के सामने आते ही डॉक्टर का माथा ठनक गया, क्योंकि जिससे वो बात कर रहा था वो लड़की नहीं, लड़का निकला। आरोपी महाराष्ट्र के यवतमाल में बैठे-बैठे दिल्ली के नामचीन अस्पताल के बड़े डॉक्टर को फंसा कर पैसे निकलवा रहा था। अब वह पुलिस की गिरफ्त में है।


जानिए क्या है पूरा मामला

पुलिस को शिकायत मिली थी कि महाराष्ट्र के यवतमाल में रहने वाली एक महिला ने दिल्ली के एक जाने माने अस्पताल के एक बड़े डॉक्टर से करीब दो करोड़ रुपए ठग लिए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से उसने डॉक्टर से दोस्ती बढ़ाई। चैटिंग करते-करते उन्हें अपने प्रेम जाल में फंसाया और करीब दो करोड़ रुपए की रकम और कुछ आभूषण ठग लिए। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो यह जांच यवतमाल के अरुणोदय सोसाइटी तक पहुंची। जब पुलिस ने आरोपी के घर के दरवाजे का बेल दबाया तो अंदर से अनन्या सिंह के बदले संदेश मानकर नाम का व्यक्ति सामने आया। दरअसल संदेश मानकर ने सोशल मीडिया में अनन्या सिंह नाम से लड़की बन कर डॉक्टर को अपने प्रेम जाल में फंसाया था।

ऐसे की ठगी

आरोपी के पास से 1 करोड़ 76 लाख 6 हजार 198 रुपए कैश और आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा। शनिवार को हुई इस कार्रवाई के बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. दिलीप पाटील भुजबल ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में इसकी पूरी जानकारी दी। 'मैं एक बड़े खानदान की हूं। मेरा परिवार फिलहाल मुश्किल में है। मुझे दो करोड़ रुपए की जरूरत है। मेरी बहन को किडनैप कर लिया गया है। मुझे सामने वाले शख्स को पैसे देने हैं।' यह कहकर अनन्या शर्मा उर्फ संदेश मानकर ने डॉक्टर से पैसे वसूले। इतना ही नहीं यवतमाल शहर के दो ज्वेलरी शॉप से RTGS के माध्यम से उसने सोने के आभूषण भी खरीदे।

पुलिस गिरफ्तार में धोखाधड़ी का आरोपी 

इस बीच आरोपी ने सोशल मीडिया में अनन्या सिंह के नाम से अपना अकाउंट अचानक बंद कर दिया। इसके बाद डॉक्टर को यह समझ आ गया कि वे लुट चुके हैं। उन्होंने सीधा यवतमाल के पुलिस अधीक्षक दिलीप पाटील भुजबल से शिकायत की और सारा किस्सा सुनाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनजान आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। यवतमाल की साइबर सेल सामने यह केस आया। 

साइबर सेल ने किया खुलासा

साइबर सेल ने जांच में पाया कि आरोपी लड़की नहीं लड़का है। इसके बाद पुलिस टीम सीधे अरुणोदय सोसाइटी के पते पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 1 करोड़ 72 लाख 700 रुपए कैश, 4 लाख के सोने के आभूषण, 4 अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल सेट यानी इस तरह से कुल 1 करोड़ 76 लाख 6 हजार 198 रुपए की रकम और सामान बरामद कर लिया। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.