Media24Media.com: PM नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन आज, राष्ट्रपति, गृहमंत्री समेत कई बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

PM नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन आज, राष्ट्रपति, गृहमंत्री समेत कई बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Document Thumbnail

PM नरेंद्र मोदी का आज यानी 17 सितंबर को 71वां जन्मदिन है। इस मौके पर BJP आज से अगले 20 दिनों तक सेवा और समर्पण अभियान चलाएगी। PM मोदी के जन्मदिन के मौके पर आज सरकार की ओर से दो करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है।  बता दें कि 7 अक्टूबर को PM मोदी के 'जन सेवा के दो दशक' पूरे हो रहे हैं। इसलिए BJP की ओर से 20 दिन का 'सेवा और समर्पण' अभियान चलाया जाएगा। मोदी के PM और CM पद पर रहते हुए 7 अक्टूबर को 20 साल पूरे हो रहे हैं और इसी वजह से ये 20 दिनों तक कार्यक्रम चलेगा। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी पहली बार गुजरात के CM पद की शपथ ली थी, तब से मोदी लगातार संवैधानिक पद पर बने हुए हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आज BJP कार्यकर्ता देश भर में एक विशेष अभियान चलाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना टीके के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि एक दिन में टीकाकरण के सभी पुराने रिकॉर्ड पीछे छूट जाएं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश भर के पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता टीकाकरण में लोगों की मदद करेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन के मौके पर पक्ष और विपक्ष के नेता उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा 'भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्‍छा है कि आप स्‍वस्‍थ रहें और दीर्घायु प्राप्‍त कर ‘अहर्निशं सेवामहे’ की अपनी सर्वविदित भावना के साथ राष्‍ट्र सेवा का कार्य करते रहें।'

एम वेंकैया नायडू ने भी दी बधाई

भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। एम वेंकैया नायडू ने ट्वीट कर लिखा 'प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! राष्ट्र की सेवा में समर्पित आपके स्वस्थ, सुदीर्घ यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।'

देश को सशक्त और निर्णायक नेतृत्व मिला: गृहमंत्री शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, 'देश के सर्वप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। मोदी जी ने न सिर्फ देश को समय से आगे सोचने और परिश्रम की पराकाष्ठा से संकल्प को सिद्ध करने की सोच दी बल्कि उसको चरितार्थ करके भी दिखाया। मोदी जी के रूप में देश को एक ऐसा सशक्त और निर्णायक नेतृत्व मिला है, जिसने दशकों से अपने अधिकारों से वंचित करोड़ों गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर न सिर्फ उन्हें समाज में गरिमामयी जीवन दिया बल्कि अपने अथक परिश्रम से विश्वभर को यह दिखाया कि एक प्रजावत्सल नेतृत्व कैसा होता है।'

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा 'पीएम मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। अपने निर्णय लेने की क्षमता, कल्पनाशीलता और दूरदृष्टि के लिए विख्यात मोदीजी ने भारत को एक ‘आत्मनिर्भर भारत’ का स्वरूप देने का जो संकल्प लिया है, वह उनके विज़न और प्रबल इच्छाशक्ति का प्रतीक है। अपने अब तक के कार्यकाल में प्रधानमंत्रीजी ने विकास और सुशासन के कई नए अध्याय लिखे हैं। भारत को सशक्त, समृद्ध और स्वाभिमानी देश के रूप में विकसित करने का उनका स्वप्न पूरा हो, उनके जन्मदिन पर यही शुभकामना है। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और लम्बी आयु प्रदान करें।'

मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा हो: नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा 'जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं आदरणीय नरेंद्र भाई। अत्यंतिक राष्ट्र प्रेम, कठोर परिश्रम करने की तैयारी, निर्णय करने की क्षमता और मां भारती को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए आपने जो आत्मबल दिखाया वो अभूतपूर्व है। आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें और आपके नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा हो यही कामना है।' 

आपको दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो: CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा 'अंत्योदय से आत्मनिर्भर भारत' की दिव्य संकल्पना को साकार कर रहे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हृदयतल से बधाई। प्रभु श्री राम की कृपा से आपको दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो। आजीवन मां भारती की सेवा का परम सौभाग्य आपको प्राप्त होता रहे।'

राहुल गांधी ने PM मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

पीएम मोदी के धुर राजनीतिक विरोधी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।

युवा कांग्रेस आज मनाएगी 'राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस'

कांग्रेस की युवा इकाई ने आज PM मोदी के जन्म दिन के अवसर पर 'राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस' मनाएगी। भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि 'राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस' के तहत देश भर में संगठन द्वारा कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने कहा कि मोदी सरकार 2 करोड़ रोजगार हर साल देने के बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आई थी, लेकिन आज केंद्र सरकार रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह मौन है। देश में एक साल में बेरोजगारी दर 2.4 प्रतिशत से बढ़कर 10.3 प्रतिशत हो गई है। सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.