Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मनाही के बावजूद जानबूझकर हाथी के विचरण मार्ग पर आवाजाही करने वाले लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

राज्य में मानव-हाथी द्वंद पर नियंत्रण के लिए हाथी के पास और उनके विचरण मार्ग में मनाही के बावजूद जान-बूझकर आवाजाही करने वाले लोगों के खिलाफ अब वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। वन मंत्री  मोहम्मद अकबर ने  राजधानी के शंकर नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में मानव-हाथी द्वंद्व पर नियंत्रण और प्रबंधन संबंधी आयोजित बैठक में इसे लेकर निर्देश दिए हैं। 


वन मंत्री अकबर ने बैठक में समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य में मानव-हाथी द्वंद को गंभीरता से लें और किसी तरह की लापरवाही न बरतते हुए मानव-हाथी द्वंद में कमी लाने सहित नियंत्रण और समुचित प्रबंधन के लिए समन्वित प्रयास करें। 

उन्होंने इस दौरान जंगली हाथियों के साथ साहचर्य के लिए ग्रामीणों में जनजागरूकता, प्रचार-प्रसार और ग्रामीणों को शिक्षा, उनके साथ द्वंद से बचने के लिए उपायों को आदान-प्रदान करने पर भी विशेष जोर दिया। इसके तहत उन्होंने राज्य के जंगली हाथियों से प्रभावित वनमंडलों में हाथियों के संरक्षण और मानव-हाथी द्वंद को न्यूनतम करने के लिए विभिन्न प्रकार के नवाचार, क्षमता विकास प्रशिक्षण और जनजागरूकता के कार्यक्रमों को भी बेहतर ढंग से संचालित करने के संबंध में निर्देशित किया। 


वन मंत्री अकबर ने वन मंडलाधिकारियों को जंगली हाथियों से प्रभावित वनमंडलों में विचरण कर रहे हाथियों के दलों के नामकरण के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रस्ताव देने के संबंध में निर्देश दिए, ताकि वहां विचरण कर रहे जंगली हाथियों के सुगमतापूर्वक निगरानी का कार्य किया जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य में जंगली हाथियों पर कुशलतापूर्वक निगरानी के लिए जल्द ही चिन्हित 12 हाथियों पर रेडियो कॉलरिंग का कार्य भी किया जाएगा। 

14 विभिन्न दलों में 266 जंगली हाथी कर रहे विचरण

इसी तरह उन्होंने विचरण कर रहे जंगली हाथियों के बारे में क्षेत्र के आस-पास के गांवों में मुनादी के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विचरण कर रहे हाथियों की सुरक्षा के संबंध में भी विभागीय अधिकारियों को सजग होकर काम करने के लिए कहा। राज्य में वर्तमान में 14 विभिन्न दलों में 266 जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं।

गांव में मुनादी करने के निर्देश

बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि राज्य में मानव-हाथी द्वंद पर नियंत्रण के लिए जन-जागरूकता लाने सहित अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनमें जंगली हाथियों के समूह के आगमन की पूर्व सूचना गांव में वायरलेस, मोबाइल और माइक के माध्यम से मुनादी कर दी जा रही है। हाथी विचरण क्षेत्र और आसपास के ग्रामीणों को हाथियों के साथ साहचर्य बनाए रखने के लिए आवश्यक समझाइश दी जा रही है। 

 ग्रामीणों को समय पर मुआवजे का भुगतान करने के निर्देश

हाथियों के प्रति बदले की भावना को कम करने के लिए प्रभावित ग्रामीणों को समय पर मुआवजे का भुगतान किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव वन  मनोज पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) पी.व्ही. नरसिंग राव और मुख्य वन संरक्षक एच.एल. रात्रे और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।  

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.