Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

सबकी भागीदारी से ही संभव होता है समाज का विकास : CM भूपेश

महासमुंद। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार 26 सितम्बर को चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज, छत्तीसगढ़ प्रदेश के 51 वें केंद्रीय महाधिवेशन में शरीक हुए।  उन्होंने मुख्य अतिथि की आसंदी से सम्बोधित करते हुए कहा कि समाज में सबकी भागीदारी आवश्यक है। सबकी भागीदारी से ही समाज का विकास होता है। समाज में समाजिक समरसता आती है। समाज का नेता वह है, जो सबको साथ लेकर चले।  समारोह महासमुंद-बागबाहरा रोड स्थित शांत्रीबाई स्कूल परिसर में आयोजित हुआ। यहां चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सामाजिक एकता बनाये रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।  


समारोह में पहुंचते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चंद्रोदय पब्लिक स्कूल और शांत्रीबाई महाविद्यालय के द्वितीय तल पर निर्मित अतिरिक्त कक्ष  का लोकार्पण किया। दोनों द्वितीय तल पर निर्मित कार्यों की लागत करीब 70 लाख रुपए है। इसका निर्माण छत्तीसगढ़ चंद्रनाहूँ शिक्षण समिति और विधायक निधि से किया गया है। 

किसान-मजदूर हो रहे हैं चिंतामुक्त

छत्तीसगढ़ चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज के 51 वें केंद्रीय महाधिवेशन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि इस समाज के पुरखों और महान विभूतियों ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने शिक्षा, कृषि, सहकारिता के साथ-साथ समाज सुधार जैसे उल्लेखनीय क्षेत्रों में भी अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं में कोई कमी नही की जाएगी। उन्होंने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं से किसान, गरीब, मज़दूर चिन्ता मुक्त हुए हैं।

महिला समूह आत्मनिर्भर बन रही

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्त्रोत निकले हैं। वे लोग जिसके पास कोई रोजगार नहीं होता था, वे भी गोबर बेचकर रोजगार के साथ लाभ कमा रहे हैं। महिला समूह आत्मनिर्भर बन रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मज़दूर न्याय योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सालाना 6000 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में आएगी। छत्तीसगढ़ में वृक्षारोपण कार्य को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत जिन किसानों ने खरीफ वर्ष 2020 में धान की फसल ली है, अगर वो धान की फसल के बदले अपने खेतों में वृक्षारोपण करते हैं, तो उन्हें आगामी 3 साल तक प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। 


मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में सुराजी गांव योजना के तहत स्वीकृत गोठानों में ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों से गोबर खरीदी की जा रही है। खरीदे गए गोबर से वर्मी कंपोस्ट बन रहा है। वर्मी कंपोस्ट की बिक्री की जा रही है । छत्तीसगढ़ के हजारों महिला स्वयं सहायता समूह गोठनों में गोबर से वर्मी कंपोस्ट तैयार करने का काम कर रहे हैं। वर्मी कंपोस्ट की विक्रय से उनकी आय में इजाफा हो रहा है।

अब छत्तीसगढ़ी बच्चे बोलेंगे फर्राटेदार अंग्रेजी

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए सरकारी अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले हैं। प्रदेश के सभी ब्लॉक में एक आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं। इससे अब छत्तीसगढ़ के बच्चे फर्राटेदार अंग्रेज़ी बोलने लगेंगे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में भर्ती की कार्रवाई शुरू हो गई है। लोगों को उनकी योग्यताओं के अनुसार नौकरी मिलेगी। कार्यक्रम को राज्यसभा सदस्य श्रीमती छाया वर्मा, संसदीय सचिव एवं महासमुन्द विधायक विनोद चंद्राकर और चंद्रनाहूँ कुर्मी क्षत्रिय समाज के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी चंद्राकर ने भी सम्बोधित किया । इस अवसर पर समाज के द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह बसना, विधायक खल्लारी द्वारिकाधीश यादव, पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर व बीज निगम के अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर सहित निगम मंडल के अध्यक्ष जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में समाजजन  उपस्थित थे।


चंद्रहास की मांग पर सीएम ने ली चुटकी

चन्द्रनाहू शिक्षण समिति के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने मांग पत्र का वाचन किया। उन्होंने करीब तीन करोड़ रुपये की कार्ययोजना बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने इशारों-इशारों में चुटकी लेते हुए कहा कि अभी तक इंतजार कर रहे थे? गौरतलब है कि चंद्रहास चंद्राकर भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। प्रदेश में लगातार 15 साल तक भाजपा की सत्ता थी।

घोषणा नहीं, धनराशि देंगे !

मुख्यमंत्री ने महाधिवेशन में कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार के लिए एक-डेढ़ करोड़ रुपये घोषणा की बात नहीं है। इसके लिए जितनी राशि की आवश्यकता होगी, व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने घोषणा नहीं कर, हर संभव मदद करने आश्वस्त किया। 

हेलीपैड में अगुवानी, जगह-जगह आत्मीय स्वागत

चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रीय समाज रायपुर राज के केंद्रीय महाधिवेशन में महासमुन्द पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आत्मीय स्वागत किया गया। हेलीपेड पर मुख्यमंत्री श्री बघेल का संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर, बीज निगम अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर आदि ने  अगुवानी की। 


 मचेवा स्थित हेलीपेड पर  मुख्यमंत्री  पहुंचे। जहां संसदीय सचिव ने अगुवानी करते हुए बुके भेंटकर स्वागत किया। यहां संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, विधाक देवेन्द्र बहादुर सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जनपद अध्यक्ष यतेंद साहू, ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष खिलावन बघेल, जसबीर ढिल्लो, हरदेव ढिल्लो, हुलासगिरी गोस्वामी, सोमेश दवे, गुरमीत चावला आदि ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री बघेल के साथ संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर का काफिला कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुआ। 

मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी, देवांगन समाज, साहू समाज, यादव समाज, आदिवासी समाज, मनवा कुर्मी समाज, राजपूत क्षत्रिय समाज, ब्राह्मण समाज, सिंधी समाज, अघरिया समाज, गुजराती समाज, स्वर्णकार समाज, सतनामी समाज, सिख समाज, ढीमर समाज, मुस्लिम समाज, गोस्वामी समाज, कुम्हार प्रजापति समाज, मसीही समाज, बंग समाज, कोलता समाज, बंजारा समाज, चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय महिला समाज, उत्कल समाज, निषाद समाज सहित विभिन्न समाज के पदाशिकारियों तथा अधिवक्ता संघ, राईस मिल एसोसिएशन, पेंशनर संघ, मितानिन संघ, सचिव संघ, दिव्यांग संघ, मिशन क्लीन सिटी, स्काउट गाइड संघ, खेल संघ के सदस्यों ने आत्मीय स्वागत किया। प्रेस क्लब की ओर से कार्यक्रम स्थल पर अध्यक्ष आनंदराम साहू, महासचिव रविन्द्र विदानी ने स्वागत किया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.