देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर अभी थमा नहीं है। अभी भी रोजाना 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। वहीं रोजाना 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। इसी बीच हरियाणा सरकार ने लॉकडाउन को 15 दिन के लिए बढ़ा दिया है। देश में अभी कोरोना के 3.53 लाख एक्टिव मामले हैं। बीते 24 घंटे में देशभर में कुल 403 मौतें हुई, जिसमें से 200 से ज्यादा मौतें केरल और महाराष्ट्र में हुई। केरल में कोरोना के मामलों में कमी की दर अभी भी काफी सुस्त है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए हरियाणा ने अपने यहां कोरोना लॉकडाउन को 15 दिन के लिए बढ़ा दिया है। वहीं गोवा ने भी 30 अगस्त तक के लिए कोरोना कर्फ्यू लागू कर दिया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 30,948 नए मामले सामने आए। जिसमें से 10,402 नए मामले केरल से सामने आए। केरल में सबसे ज्यादा मामले मलप्पुरम जिले से दर्ज किए गए। बीते 24 घंटे में मलप्पुरम जिले से 1,577 नए मामले सामने आए। इसके अलावा कोझीकोड में 1,376 और पलक्कड़ में 1,133 मरीज मिले। बीते 24 घंटे के दौरान राज्यभर में कुल 66 मौतें इस महामारी की वजह से हुई।
केरल के बाद महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा मामले
24 घंटे में केरल के बाद सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं। रविवार को महाराष्ट्र से कोरोना के 4,141 नए मामले सामने आए। नए मामले सामने के साथ ही महाराष्ट्र में 53,182 सक्रिय मामले हो गए हैं। बीते 24 घंटे में महाराष्ट्र में 145 लोगों की मौत इस महामारी की वजह से हो गई। इतनी ही अवधि में कुल 4780 लोग कोरोना महामारी से ठीक हुए। महाराष्ट्र में अभी मृत्यु दर 2.11 फीसदी है। कोरोना के घटते मामलों के बावजूद हरियाणा सरकार ने 15 दिन के लिए कोरोना लॉकडाउन को बढ़ाने का निर्णय लिया है। हालांकि पहले दी गई छूट को जारी रखने की अनुमति दी गई है। इस दौरान रेस्तरां, बार, मॉल, क्लबहॉउस और दुकानें खोली जा सकेगी।
'महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा'
हरियाणा सरकार ने 'महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा' के तहत लॉकडाउन को छह सितंबर के लिए बढ़ा दिया है। रविवार को हरियाणा सरकार द्वारा जारी किए गए नोटिस में राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को विश्वविद्यालयों को फिर से खोलने की योजना बनाने के लिए भी कहा गया है। गोवा में भी 30 अगस्त तक के लिए कोरोना कर्फ्यू को बढ़ा दिया है। इस दौरान कैसीनो, सभागार, सामुदायिक हॉल, वाटर पार्क, स्पा, मसाज पार्लर नहीं खोले जा सकेंगे। सिनेमा हॉल को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा बार और रेस्तरां को भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ही खोला जा सकेगा। हालांकि यातायात के साधनों जैसे जरुरी सेवाओं पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
तमिलनाडु में भी 6 सितंबर तक बढ़ा लॉकडाउन
तमिलनाडु सरकार ने भी राज्य में लॉकडाउन 6 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद लॉकडाउन को अतिरिक्त छूटों के साथ और दो सप्ताह तक यानी 6 सितंबर शाम छह बजे तक बढ़ाने की घोषणा की। साथ ही यहां आज से सिनेमाघरों और एक सितंबर से शैक्षणिक संस्थानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। मिजोरम सरकार ने भी आइजोल और राज्य के अन्य हिस्सों में लॉकडाउन को 4 सितंबर तक बढ़ा दिया है। हालांकि, इसमें कुछ ढील भी दी गई है।