Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

घर से उठाकर युवती के साथ गैंगरेप, गांव के ही 8 लोगों ने दिया वारदात को अंजाम

देश में रेप की घटना बढ़ती (incidence of rape cases in india) ही जा रही है। रोजाना देश के अलग-अलग राज्यों से दुष्कर्म की खबरें सामने आती रहती है। ताजा मामला झारखंड के साहिबगंज जिले का है, जहां के बरहरवा थाना क्षेत्र में एक युवती को घर से निकालकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी  अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।



पुलिस के मुताबिक यह घटना बीते शनिवार की है। पीड़िता अपनी मां की मौत के बाद नाना के घर रहती थी। शनिवार को युवती घर में खाना खा कर सो रही थी उसी दौरान घर में अकेला देखकर दो दरिंदे सोमेन हेम्ब्रम और अजय टुडू पहुंचे। इसके बाद युवती के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उसे उठाकर तालाब के पास एक खेत में ले गए। जहां पहले से गांव के ही रवि, दुर्जन, नीलकमल सहित अन्य तीन युवक मौजूद थे।


7 आरोपी गिरफ्तार, 1 अभी भी फरार


 सभी आरोपियों ने मिलकर बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस बीच बरहरवा थाना की पेट्रोलिंग वाहन गुजर रही थी। युवती के चिल्लाने की आवाज पर पुलिस वहां पहुंची। इस दौरान पुलिस को देख दुष्कर्मी फरार हो गए। पुलिस रात में ही युवती को लेकर थाने चली आई। सुबह उसके परिजन को सूचना देकर बुलाया गया। परिजन के सामने युवती ने इस मामले में बरहरवा थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।


 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज


इधर, बरहरवा थाने की पुलिस ने पीड़ित युवती के बयान पर 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी फरार है। इस मामले में DSP यज्ञ नारायण तिवारी और DSP अरविंद कुमार ने कहा कि किसी को बख्सा नहीं जाएगा। युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। जल्द ही फरार आरोपी को भी पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।


लगातार बढ़ रहे दुष्कर्म के मामले


बता दें कि देश में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ती ही जा रही है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की ओर से जारी किए आंकड़ों के मुताबिक भारत में 2019 में हर दिन बलात्कार के 88 मामले दर्ज किए गए। साल 2019 में देश में बलात्कार के कुल 32 हजार 033 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 11 फीसदी पीड़ित दलित समुदाय से हैं। NCRB की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा बलात्कार के मामले राजस्थान और उत्तर प्रदेश से दर्ज हुए। 2019 में राजस्थान में करीब 6,000 और उत्तर प्रदेश में 3,065 बलात्कार के मामले सामने आए। NCRB के आंकड़ों से पता चलता है कि बीते 10 सालों में महिलाओं के बलात्कार का खतरा 44 फीसदी तक बढ़ गया है। संस्था के आंकड़ों के मुताबिक 2010 से 2019 के बीच पूरे भारत में कुल 3 लाख 13 हजार 289 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.