Media24Media.com: Ukraine

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label Ukraine. Show all posts
Showing posts with label Ukraine. Show all posts

यूक्रेन का अहम फैसला - यूक्रेन से भारत लौटे मेडिकल छात्र अपने देश से ही दे सकेंगे फाइनल एग्जाम

No comments Document Thumbnail

 नई दिल्ली: यूक्रेन युद्ध के बाद वहां से निकाले गए भारतीय मेडिकल छात्रों के लिए अच्छी खबर है। यूक्रेन ने भारत को सूचित किया है कि पिछले साल रूसी आक्रमण के कारण निकाले गए हजारों मेडिकल छात्र अब भारत में ही अपना फाइनल या क्वालिफिकेशन एग्जाम दे सकेंगे। युद्ध के बाद हजारों मेडिकल छात्रों की पढ़ाई ठप्प हो गई है। भारत यात्रा पर आईं यूक्रेन की प्रथम उप विदेश मंत्री एमिन जापारोवा और विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा के बीच बातचीत में भारतीय छात्रों के भविष्य का मुद्दा उठा था।


विदेश मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया, “भारतीय मेडिकल छात्रों के मुद्दे पर, (जापरोवा] ने बताया कि यूक्रेन विदेशी मेडिकल छात्रों को उनके ही देश से यूनिफाइड स्टेट क्वालिफिकेशन एग्जाम (USQE) देने की अनुमति देगा।” यानी अब युद्ध के बीच ऑपेरशन गंगा के तहत भारत लौटे छात्रों को अपनी मुख्य परीक्षा देने के लिए यूक्रेन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

जापरोवा ने अपनी तीन दिवसीय नई दिल्ली यात्रा के दौरान छात्रों को लेकर यह खबर दी। जापरोवा ने एक इंटरव्यू में एचटी को बताया कि लगभग 14,000 भारतीय छात्रों को यूक्रेन की इस शैक्षणिक पहल से लाभ होगा। उन्होंने कहा कि ये छात्र ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल हो सकते हैं और सुरक्षा चिंताओं के कारण यूक्रेन वापस जाए बिना भारत में ही क्वालिफिकेशन या फाइनल एग्जाम दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि लगभग 2,000 भारतीय छात्र यूक्रेन लौट आए हैं और उनमें से ज्यादातर देश के पश्चिमी हिस्से में स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं। पिछले साल 20,000 से अधिक भारतीय छात्रों की वापसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि युद्ध के समाधान के बाद हमारे यहां और अधिक छात्र आएंगे, लेकिन हमने यूक्रेन से छात्रों को सुरक्षित तरीके से निकालने के लिए सच में अपनी पूरी कोशिश की।”

यूक्रेन की प्रथम उप विदेश मंत्री जापारोवा की तीन दिवसीय यात्रा बुधवार को समाप्त हो गई। पिछले वर्ष 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन से किसी नेता की यह पहली भारत यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन ने दवाओं, चिकित्सा उपकरणों सहित अतिरिक्त मानवीय आपूर्ति का आग्रह किया है।

वहीं, विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा के साथ बैठक के दौरान यू्क्रेन की प्रथम उप विदेश मंत्री ने प्रस्ताव किया कि यूक्रेन में आधारभूत ढांचे का पुनर्निर्माण भारतीय कंपनियों के लिए एक अवसर हो सकता है। मंत्रालय के बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान जापारोवा ने भारत के साथ मजबूत और करीबी संबंध बनाने की यूक्रेन की इच्छा को रेखांकित किया।

 

राज्यपाल की पहल से छत्तीसगढ़ के 2 छात्रों की सकुशल वतन वापसी, अब तक लौट चुके हैं 69 छात्र

No comments Document Thumbnail

राज्यपाल अनुसुइया उइके ने यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे तनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ के छात्रों की सकुशल वापसी के लिए पहल करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखा था। राज्यपाल उइके ने पत्र में जगदलपुर के रहने वाले शेर सिंह तोमर के निवेदन पर उनकी बेटी दीप्ति और बेटे निहाल के यूक्रेन में फंसे होने का उल्लेख किया था, जिनकी सकुशल वतन वापसी हुई है और दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने राज्यपाल उइके को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है।

यूक्रेन में फंसे छत्तीसगढ़ के 30 छात्र गुरुवार को नई दिल्ली लौटे हैं। अब तक प्रदेश के 69 छात्रों की यूक्रेन से सकुशल वापसी हो चुकी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सतत मार्गदर्शन और निर्देश पर यूक्रेन से वापस आने वाले प्रदेश के छात्रों के लिए नई दिल्ली में व्यवस्था बनाई गई है। साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वहां से उनके गृहनगर जाने के लिए सुविधाएं दी जा रही हैं। आवासीय आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को 30 छात्र यूक्रेन से नई दिल्ली वापस लौटे हैं। दल्लीराजहरा के हेमंत कुमार साहू, महासमुंद के कमलेश साहू, आकाश तिवारी, रायगढ़ के ओमप्रकाश पटेल, समीर कुमार भोई, अभिषेक सिंह, रायपुर के अफसार अंसारी, अमल पिल्लई, आद्यशा मोहंती, बोइदी आयुश्री, साक्षी अग्रवाल, जगदीश साहू, भुवन रायकवार, अपूर्वा वर्मा, अभिजीत वानी और राजनांदगांव की ऋषिका घोष नई दिल्ली लौटी हैं।

अब तक 69 की सकुशल वतन वापसी

इसी तरह संजना श्रीवास्तव, दुर्ग के दिव्यान्श दुबे, चिरमिरी के संदीप कुमार डेविड, अभिषेक कुमार पटेल, प्रांजल तिवारी, अम्बिकापुर के शिवम सिंह, बिलासपुर की रिया अदिति, जांजगीर के चंद्र प्रकाश राठौर, तुषार गिरी गोस्वामी, शुभम कुमार, निहारिका गवेल, धर्मजयगढ़ की शिफा खुर्शीद और कोरबा के अयान चक्रवर्ती गुरुवार को नई दिल्ली लौटे हैं। सभी छात्र छत्तीसगढ़ भवन में कुछ देर ठहरने के बाद फ्लाइट से रायपुर के लिए रवाना हो गए। जानकारी के मुताबिक छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ भवन में सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। इन छात्रों को वाहन, आवास और भोजन की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके अलावा, छात्रों को उनके गृहनगर वापस लाने के लिए हवाई टिकट समेत सभी जरूरी व्यवस्था की गई है।

शिक्षा मंडल की हेल्पलाइन पर शंकाओं का समाधान 

इधर, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की हेल्पलाइन नंबर 18002334363 पर रोजाना लगातार फोन आ रहे हैं। छात्रों और उनके अभिभावकों की समस्याओं का मंडल के अधिकारी निराकरण कर रहे हैं। रायपुर, महासमुंद, कांकेर, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायगढ़, बिलासपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, सूरजपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा और मुंगेली जिले से हेल्पलाइन नंबर पर प्रश्न पूछे गए, जिनका निराकरण विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।

हेल्पलाइन में विषय विशेषज्ञ पापिया बेनर्जी, गीता तानवानी, अंशु गुलाटी और उज्जवला अम्बास्था अंग्रेजी विषय संबंधित समस्याओं का निराकरण किया गया। साथ ही मंडल के उपसचिव जे.के. अग्रवाल और हेल्पलाइन समन्वयक प्रदीप कुमार साहू, अर्चना वर्मा, अलका दानी सहायक प्राध्यापक ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए समस्याओं का समाधान किया। 3 मार्च को कक्षा 12वीं के अंग्रेजी विषय की समस्या समाधान के लिए 87 फोन कॉल हेल्पलाइन नंबर पर आएं।

इन सवालों के पूछे गए जवाब

छात्रों ने अंग्रेजी विषय से संबंधित आर्टिकल राइटिंग, समरी राइटिंग, प्रश्न-उत्तर, नोट-मेकिंग, अंग्रेजी याद करने के तरीके अंग्रेजी पेपर कैसा आएगा, कौन-कौन सा लेटर आएगा, मॉडल प्रश्न पत्र से प्रश्न पूछा जाएगा, ब्लूप्रिंट के अनुसार प्रश्न-पत्र आयेगा क्या? मार्केट में उपलब्ध प्रश्न बैंक में क्या डिफरेंस है? नोट मेकिंग के टॉपिक क्या होंगे? जैसे प्रश्न विद्यार्थियों ने किए।

यूक्रेन से सुरक्षित लौटे छात्रों से CM बघेल ने की मुलाकात, 'ऑपरेशन गंगा' के तहत अब तक 1156 भारतीयों की घर वापसी

No comments Document Thumbnail

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। इसी बीच 'ऑपरेशन गंगा' के तहत यूक्रेन से भारतीय नागरिकों और छात्रों को निकालने का काम भी लगातार चल रहा है। रविवार को छत्तीसगढ़ से यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई के लिए गए 6 छात्रों की एयर इंडिया की फ्लाइट से नई दिल्ली वापसी हुई है। छात्रों के ठहरने के लिए छत्तीसगढ़ सदन में व्यवस्था की गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने इन छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें छत्तीसगढ़ में उनके घरों तक सकुशल वापसी का आश्वासन दिया।

यू्क्रेन के कई शहरों से आ रहे छत्तीसगढ़ के छात्रों की वापसी का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार देर रात इसकी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि यूक्रेन से अपने निजी खर्चें से प्रदेश लौटने वाले छात्रों और नागरिकों के खर्च का वहन छत्तीसगढ़ सरकार करेगी।

अब तक 1156 भारतीयों की घर वापसी

249 भारतीय नागरिकों के साथ सोमवार सुबह एअर इंडिया की पांचवीं निकासी उड़ान रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से दिल्ली पहुंची। एअर इंडिया की 1942A फ्लाइट ने बुखारेस्ट से 12:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे फ्लाइट दिल्ली पहुंच गई। तीन दिनों में अब तक 1156 भारतीय यूक्रेन से सकुशल वापसी कर चुके हैं।

27 फरवरी को सबसे ज्यादा लोगों की स्वदेश वापसी

बता दें कि 26 फरवरी को एयर इंडिया की फ्लाइट 219 लोगों को लेकर बुखारेस्ट से मुंबई पहुंची। इसके बाद 27 फरवरी को एयर इंडिया की 3 अलग-अलग फ्लाइट बुखारेस्ट से दिल्ली पहुंची, जिसमें कुल 688 लोगों की वतन वापसी हुई। इसी तरह 28 फरवरी यानी आज भी एयर इंडिया की फ्लाइट 249 लोगों को लेकर बुखारेस्ट से दिल्ली पहुंची। हालांकि भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन का कहना है भारत ने यूक्रेन से अपने करीब 2 हजार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। उनमें से 1 हजार लोगों को हंगरी और रोमानिया के रास्ते चार्टर्ड विमानों से घर लाया जा चुका है।

PM मोदी ने रविवार को की उच्चस्तरीय बैठक

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार की शाम यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकालकर लाए जाने में प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की थी। इससे पहले गुरुवार को मोदी ने दिल्ली में सुरक्षा पर एक कैबिनेट कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता भारतीय नागरिकों की सुरक्षा है।

भारतीय नागरिकों को सलाह

केंद्र सरकार ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे पश्चिमी यूक्रेन में उजहोरोड, स्लोवाकिया की सीमा पर और हंगरी के साथ सीमा के पास पश्चिम की ओर बढ़ें और वहां से वे रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट तक पहुंचने के लिए एक ट्रेन ले सकते हैं और वहां से उन्हें एयरलिफ्ट किया जाएगा। इससे पहले विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने हंगरी के समकक्ष पीटर सिज्जाटरे से बात की और हंगरी-यूक्रेनी सीमा से भारतीयों को निकालने में अब तक सहायता प्रदान करने के लिए आभार प्रकट किया।

यूक्रेन में मौजूद छत्तीसगढ़ के लोगों की मदद के लिए दिल्ली में हेल्प सेंटर स्थापित

No comments Document Thumbnail

यूक्रेन में मौजूद छत्तीसगढ़ राज्य के नागरिकों और छात्रों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर दिल्ली में हेल्प सेंटर गठित किया गया है। यूक्रेन में उत्पन्न संकट को ध्यान में रखते हुए वहां प्रवासित छत्तीसगढ़ के लोगों की सहायता और समन्वय के लिए छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली आवासीय आयुक्त कार्यालय के संपर्क अधिकारी गणेश मिश्र को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मिश्र के फोन नंबर-011-46156000, मोबाइल नंबर 99970-60999 और फेक्स नंबर-011-46156030 से संपर्क कर छत्तीसगढ़ के नागरिक इस के लिए सहयोग प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यूक्रेन का वर्तमान संकट चिंता का विषय है। यूक्रेन में 20 हजार विद्यार्थी फंसे हुए हैं, उसमें छत्तीसगढ़ राज्य के भी हैं। उनकी मदद के लिए दिल्ली में हमने हेल्प सेंटर शुरू किया है, वहां लोग लगातार संपर्क कर रहे हैं। हम हर स्तर पर मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत सरकार और विदेशी दूतावास से लगातार संपर्क में हैं कि हम अपने विद्यार्थियों को कैसे छत्तीसगढ़ वापस ला सकें। कूटनयिक चर्चा तो भारत सरकार को करनी होगी। राज्य शासन की ओर से हमने इसके लिए अधिकारी नियुक्त किया है और लगातार संपर्क में हैं।

इन्हें दी गई जिम्मेदारी

संयुक्त आवासीय आयुक्त छत्तीसगढ़ भवन नई दिल्ली संजय अवस्थी ने बताया कि 22 फरवरी को छत्तीसगढ़ हेल्प सेंटर के नई दिल्ली के नोडल अधिकारी से यूक्रेन रह रहे सर्वश्री उपेंद्र गुप्ता, अंकित कुमार, जीवनदास रात्रे, राजेश मोदी, मेदनी दुबे, धनेश देवांगन, संत कुमार साहू, अनिल जायसवाल, बीएस, भूपेन्द्र सिंह, गनेश यादव, संजय, देवेन्द्र कौशिक, नजीब जंग, राजेश सिंह, शिव कुमार पांडे, सुहैल अंसारी, दीपक तामकर, एम कुमार राव, सुकवंत कौर, बीएस बनाटर, शिवांशु सिंह, कृष्णा खंडेलवाल, टीकेश चन्द्राकर ने संपर्क किया, जिनकी जानकारी संधारित की गई है।

इन्होंने किया संपर्क

इसी तरह 23 फरवरी को सर्वश्री शेरसिंह तोमर, जीजी मंडल, रियाज अंसारी, अंजु, गीता शास्त्री, गौरव शास्त्री, संविता घोषाल, एसपी द्विवेदी, दिनेश कुमार श्रीवास, विरेन्द्र कुमार तिवारी, राकेश कुमार, नीरा जैन, आयुषश्री बोइदी, इमानुएलजय मस्से ने  संपर्क किया। इसी तरह 24 फरवरी को रीतु त्रिवेदी, राजेश कुमार, डीके सिंह, रानी खंडेलवाल, शर्मा, राहुल कुमार श्रीवास, विकास पुरी, खुर्शीद खान, कृष्णा खंडेलवाल, प्रदीप नारायण खंडेलवाल, सीमा लदेव, फरदीन, रविकांत साव, सजन परिहार, अविनश पटेल, मयंक पाल, रिजवराम भगत, इन्द्रिश कुरैशी, विश्वकुमार देवांगन, धनेश देवांगन ने संपर्क किया।

मंत्रालय के सहयोग और समन्वय के बिना संभव नहीं

वहीं गजभिये, योगेन्द्र पटेल, शिव प्रसाद, अनिल वर्मा, मनोहर भोय, अजय कुमार लाद, रविकांत साव, राजेन्द्र चंद्राकर, सौरभ सिंह, धनेश्वर सरदाल, ओम प्रकाश सिंह, शिव कुमार पांडेय, संतोष शुक्ला, गेनलाल साहू, राहुल मिश्रा, सनत कुमार साहू, मनोज खलहार और रघु चैन ठाकुर ने भी संपर्क किया है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा केंद्र शासन से भी समन्वय बनाकर छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं। यह कार्य भारतीय विदेश मंत्रालय के सहयोग और समन्वय के बिना संभव नहीं है। फिलहाल केंद्र सरकार द्वारा यूक्रेन में मौजूद भारतीय नागरिकों को अपने-अपने स्थानों में सुरक्षित रूप से बने रहने की सलाह दी गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.