Media24Media.com: राष्ट्रपिता

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label राष्ट्रपिता. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रपिता. Show all posts

गांधी जयंती के अवसर पर मुख्य न्यायाधीश ने महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय भवन में मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ। इस मौके पर उच्च न्यायालय के सभी न्यायाधीशगण, महाधिवक्ता, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, भारत के डिप्टी सॉलिसिटर जनरल, वरिष्ठ अधिवक्तागण, अधिकारी एवं कर्मचारीगण की गरिमामय उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

महात्मा गांधी के 154वें जयंती के अवसर पर मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने आगंतुको को संबोंधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, जिन्हें प्यार से बापू के नाम से जाना जाता है, वह न केवल एक नाम है, बल्कि एक अद्वितीय प्रतिष्ठा की संस्था हैं, जो जाति, धर्म व राष्ट्र की सीमा से परे है। उन्होंने उच्च न्यायालय को न्यायिक व्यवस्था का उच्चतम संस्थान बताते हुए न्याय एवं निष्पक्षता का केन्द्र बताया। महात्मा गांधी के आदर्शाे को सम्मान देने हेतु यूनाइटेड नेशन जनरल असेम्बली द्वारा आज के दिन को विश्व अंहिसा दिवस घोषित किया गया है। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने आज के दिन आत्मावलोकन करने एवं बापू के आदर्शाे से प्रेरणा लेते हुए देश को साफ-सुथरा, प्रतिष्ठित एवं शांति बढ़ाने हेतु कार्य करने की आवश्यकता बतायी।

इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जंयती के अवसर पर याद करते हुए व्यक्त किया कि उनकी सादगी एवं निर्णायकता के लिए उन्हें देश भर में सराहा जाता है। कार्यक्रम को महाधिवक्ता सतीश चन्द्र वर्मा, छ.ग. उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्दुल वहाब खान तथा भारत के डिप्टी सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा द्वारा भी संबोधित किया गया।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला कार्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा में पुष्प अर्पित करते हुए किया नमन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में शामिल होने के पूर्व कलेक्टर कार्यालय परिसर रायगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। उन्होंने यहां स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण किया, साथ ही रीपा के कार्यों का  अवलोकन कर इससे जुड़े समूहों के कार्यों को सराहा।

मुख्यमंत्री इस मौके पर रायगढ़ जिले को 465 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दिया। जिनमें 258 करोड़ 74 लाख 26 हजार रुपये की लागत वाले 59 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास तथा  207 करोड़ 4 लाख 49 हजार रुपये की लागत से निर्मित 53 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री बघेल दूरस्थ अंचलों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से धरमजयगढ़ एवं पुसौर विकासखण्ड में 58 लाख रुपये से अधिक लागत के 2 हमर लैब का लोकार्पण किया।

जिला चिकित्सालय रायगढ़ में सस्ती दवा दुकान धन्वंतरी मेडिकल का भी शुभारंभ किया। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के मार्गदर्शन और उन्हें तैयारी के अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घरघोड़ा स्थित मुख्यमंत्री युवा केन्द्र में सुविधाओं का विस्तार किया गया है, यहां के उन्नयन कार्यों का भी लोकार्पण भी मुख्यमंत्री ने किया। रायगढ़ में संचालित जिला ग्रन्थालय का उन्नयन करते हुए हाईटेक बनाया गया है और छात्रों के लिए आवश्यक सुविधाएं बढ़ायी गयी है। इसका लोकार्पण भी मुख्यमंत्री के हाथों हुआ।

इसी तरह अन्य लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास के तहत निर्माण विभागों के 186 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से 62 कार्य शामिल है। जिसमें सड़कों, स्कूल भवन व अन्य भवनों के निर्माण और जीर्णाद्धार/उन्नयन कार्य शामिल है। नगर पालिक निगम रायगढ़ अंतर्गत 14 करोड़ 39 लाख 71 हजार रुपये की लागत के सड़क सुधार कार्य, वार्डाे में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शामिल है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत 38 करोड़ 24 लाख 70 हजार रुपये की लागत के कार्य शामिल है।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत 107 करोड़ 68 लाख 20 हजार रूपये की लागत से 27 समूह नलजल, सोलर आधारित नलजल कार्य शामिल है। परिवहन विभाग अंतर्गत 95 लाख 95 हजार रुपये की लागत से जिला परिवहन कार्यालय का भूमिपूजन कार्य शामिल है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग अंतर्गत 4 करोड़ 58 लाख 63 हजार रुपये की लागत से 12 कार्य शामिल है। आदिवासी विकास विभाग अंतर्गत 4 करोड़ 68 लाख 70 हजार रुपये की लागत से 3 जगहों पर 50 सीटर प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास तथा लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग अंतर्गत 108 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से 5 पुल का निर्माण कार्य भी शामिल है

नरेन्द्र नाथ को स्वामी विवेकानंद बनाने में सबसे बड़ा योगदान रायपुर और छत्तीसगढ़ का : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि स्वामी विवेकानंद की स्मृतियों को चिरस्थाई बनाने के लिए उनसे जुड़े रायपुर के प्राचीन डे भवन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्मारक के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आज युवा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद स्मारक डे-भवनके जीर्णाेंद्धार कार्याें का शिलान्यास करने के बाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए इस आशय के विचार प्रकट किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युग पुरूष और युग निर्माता थे, जिन्होंने पूरी दुनिया को मानवता की सेवा की राह दिखाई। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र नाथ को स्वामी विवेकानंद बनाने में सबसे बड़ा योगदान रायपुर और छत्तीसगढ़ का है। कोई भी व्यक्ति किशोरावस्था में जो सीखता है वह जीवन भर काम आता है। स्वामी विवेकानंद ने अपनी 12 वर्ष से 14 वर्ष किशोरवस्था का समय रायपुर में बिताया। निश्चित रूप से स्वामी विवेकानंद जी के जीवन में छत्तीसगढ़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने इसके पहले डे भवन का अवलोकन भी किया। 

गांधी मैदान पहंुचने पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। गौरतलब है कि स्वामी विवेकानंद ने कोलकाता के बाद अपने जीवन का सर्वाधिक समय रायपुर में बिताया था। रायपुर प्रवास के दौरान वे अपने माता-पिता के साथ रायपुर के डे-भवन में रहे थे। शिलान्यास के साथ डे-भवन के मूल स्वरूप में जीर्णोंद्धार कार्य का आज शुभारंभ हुआ। डे-भवन का जीर्णोद्धार लगभग 4.50 करोड़ रूपए की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 21 जिलों के 7718 राजीव युवा मितान क्लबों को 19 करोड़ 14 लाख 25 हजार रुपए की राशि अंतरित की।

इसे मिलाकर राजीव युवा मितान क्लबों को अब तक 52.40 करोड़ रुपए की राशि दी गई है। मुख्यमंत्री ने युवा दिवस के अवसर पर युवाओं के लिए पुलिस सब इंस्पेक्टर पद पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। इसके माध्यम से सब इंस्पेक्टर के 971 पदों पर भर्ती की जाएगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान, बेलूर पश्चिम बंगाल के कुलपति स्वामी सर्वाेत्तमानंद जी महाराज ने की। 

खाद्य और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, भूतनाथ डे चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. एच.एस. उपाध्याय, विधायकगण सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप जुनेजा, नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वामी आत्मानंद, स्वामी सत्यरूपानंद, स्वामी निखिलात्मानंद जी का डे भवन को स्मारक के रूप में विकसित करने का जो सपना अधूरा रह गया था, आज साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस भवन में संचालित स्कूल को लगभग ढ़ाई करोड़ रूपए की लागत से निर्मित नये भवन में स्थानांतरित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को उठो, जागो और लक्ष्य को हासिल करो का संदेश दिया था। युवाओं को रूकना, थकना नही है, निरंतर आगे चलना है, जिससे लक्ष्य हासिल हो सके। वे क्रांतिकारी विचारक थे। उन्होंने कहा था कि युवाओं को धर्म की घुट्टी पिलाने की जगह मैं उन्हें फुटबाल के मैदान में देखना पसंद करूंगा। तत्कालीन भारत में अशिक्षा और भुखमरी का बोल बाला था। उनका कहना था कि लोगों को पहले शिक्षा, भोजन और रोजगार दिलाया जाए। उसके बाद धर्म और मोक्ष की बात हो। उन्होंने कहा था कि आधुनिक युग में वह नास्तिक है, जिसका खुद पर विश्वास नही है। उन्होंने शिव भाव से जीव की सेवा करने का संदेश दिया। मानव सेवा से ही ईश्वर की सेवा हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जो महापुरूष आए हैं उनसे जुड़े स्थानों को विकसित करने का प्रयास राज्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। हमने गुरू घासीदास धाम को विकसित करने का कार्य किया। उनसे जुड़े स्थानों को विकसित किया जा रहा है। गुरू नानकदेव जी से जुड़े गढ़फुलझर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय किया गया है। इसके साथ ही साथ भगवान राम से जुड़े स्थलों को राम वन गमन पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। सिरपुर स्थित बौद्ध परिसर को विकसित किया जा रहा है। नागार्जुन की तपोभूमि को भी विकसित किया जा रहा है। हमारी संस्कृति पांच हजार साल पुरानी है। यहां प्राचीन नाट्यशाला है।

रींवा और तरीघाट जैसे पुरातात्विक स्थल हैं, जिन्हें दुनिया के मानचित्र पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने राजीव युवा मितान क्लब का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को छत्तीसगढ़ की संस्कृति से जोड़ने, उनकी खेल प्रतिभा को विकसित करने और युवाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वामी सर्वाेत्तमानंद जी महाराज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने रायपुर में संगीत, पाककला, शतरंज सीखा, जितने वे कोलकाता के पुत्र रहे उतने वे रायपुर के भी पुत्र रहे। उन्होंने कहा कि हमारी विरासत हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण है। इसे बचाकर रखा जाना चाहिए। संग्राहालय की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत का क्रम हमारी स्मृतियों में बना रहता है। संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति, तीज त्यौहार और धरोहरों को सहेजने और सवारने का कार्य किया जा रहा है।

विवेकानंद विद्यापीठ के संचालक डॉ. ओमप्रकाश वर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए बड़ा हर्ष का विषय है कि स्वामी विवेकानंद रायपुर के जिस भवन में रहे उसका संरक्षण कार्य का शुभारंभ आज किया जा रहा है। सन् 1960 में स्वामी आत्मानंद रायपुर आये थे। तब उनकी यह इच्छा रही कि इस भवन में स्वामी विवेकानंद जी की स्मृति में एक स्मारक बनाया जाए। इस शुभ कार्य को संपन्न करने का अवसर आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मिला है। स्वामी विवेकानंद जी का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ। हम उन्हें युगाचार्य के नाम से जानते हैं। हम उन्हें युगाचार्य इसलिए कहते हैं क्योंकि जो युग के अनुकूल दर्शन का व्याख्यान करते हैं वो युगाचार्य कहलाते हैं। उन्होंने सोये हुए भारत को जगाने का काम किया, उसे नवीन दिशा दी। 

वे यद्यपि प्रत्यक्ष राजनीति में शामिल नहीं रहे, परन्तु उन्होंने देश को स्वतंत्र करने के लिए जो विचार दिए वह अनेक क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणास्त्रोत रहे। आधुनिक युग में जितने भी राष्ट्र निर्माता हुए सभी को उनके विचारों से प्रेरणा मिली। उनके दलितों और अस्पृश्यों के प्रति अप्रतिम करूणा गांधी जी के हरिजन सेवा के माध्यम से प्रकट हुई। उनके आत्मविश्वास ने गांधी जी के चरखे का रूप धारण किया। उनके तकनीकी शिक्षा के प्रचार की अदम्य अभिलाषा ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के आधुनिक औद्योगिक तीर्थों को साकार किया। उनका आध्यात्मिक संदेश महर्षि अरविन्द के माध्यम से मुखरित हुआ। उनकी देश की पराधीनता की बेड़ियों को काटने की प्रबल तमन्ना ने नेता जी सुभाष चंद्र बोस को जन्म दिया। इतना ही नही पाश्चात्य दार्शनिक मैक्समूलर भी स्वामी जी के विचारों से प्रभावित थे।

डॉ. वर्मा ने कहा कि साम्यवाद और समाजवाद, कल्याणकारी तत्वों के मूल स्वामी विवेकानंद के चिन्तन में मिलते हैं। विज्ञान को सही दिशा निर्देश स्वामी विवेकानंद देते हैं। जीवन में शिक्षा का वास्तविक स्वरूप क्या हो यह शिक्षा स्वामी विवेकानंद हमें बताते है। धर्म का वास्तविक स्वरूप क्या हो इसका भी उन्होंने आख्यान किया है। मनुष्य ही सबसे बड़ा ईश्वर है और मनुष्य की पूजा करना ही सबसे बड़ी ईश्वर की पूजा है। शिव भाव से जीव सेवा का सूत्र स्वामी विवेकानंद देते है। धर्म और विज्ञान में समन्वय स्वामी जी करते हैं और यह राष्ट्र हमारा ईश्वर है। हमें सबसे पहले इसकी पूजा करनी चाहिए। स्वामी जी कहा करते थे कि यदि कोई तुमसे पूछे कि तुम्हारा धर्म क्या है, तो तुम कहो कि तुम्हारा धर्म भारत है।

तुमसे पूछे कि तुम्हारा ईष्ट क्या है तो तुम कहो कि मेरा ईष्ट भारत माता है। इस प्रकार स्वामी जी ने जीवन के सभी पहलुओं को प्रभावित किया। इसलिए रामधारी सिंह दिनकर जी ने स्वामी विवेकानंद जी के बारे में एक बहुत संुदर बात लिखी है कि अभिनव भारत को जो कुछ भी कहना था, वह स्वामी विवेकानंद जी के मुख से उद्दीर्ण हुआ। अभिनव भारत को जिस दिशा की ओर जाना था, उसका स्पष्ट संकेत स्वामी जी ने दिया है। स्वामी विवेकानंद वह सेतु है, जिसमें प्राचीन और नवीन भारत प्रगाढ़ आलिंगन करते हैं। स्वामी विवेकानंद वह सेतु है, जिसमें धर्म और विज्ञान, राजनीति और धर्म सब एक साथ समाहित होते हैं।

हम सभी के लिए गौरव का विषय यह है कि ऐसे स्वामी विवेकांनद ने छत्तीसगढ़ में अपने किशोरावस्था के 2 वर्ष रायपुर में बिताये। यहां रहकर उन्होंने जो अनुभूतियां संचित की वह उनके जीवन में बहुत महत्वपूर्ण रही। नरेन्द्रनाथ दत्त को स्वामी विवेकानंद बनाने में रायपुर के अनुभव बड़े महत्वपूर्ण रहे। आज इस महत्वपूर्ण दिन में एक महत्वपूर्ण कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। हमें विश्वास है कि यह स्मारक एक अंतर्राष्ट्रीय केन्द्र के रूप में विकसित होगा। हम मुख्यमंत्री महोदय के आभारी हैं कि इस विषय में उन्होंने महत्वपूर्ण प्रयास किया और वर्षों से स्वामी विवेकानंद के अनुयायियों और सामान्य लोगों की जो लंबित इच्छा थी, वह आज पूरी हुई है।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शास्त्री जी को कृतज्ञ राष्ट्र का नमन

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली। देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अमृतकाल में गांधी जयंती का महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि हमें बापू के आदर्शों के अनुरुप रहना चाहिए। प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की है कि वे खादी के कपडे़ और खादी उत्पाद खरीदें। यही गांधीजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 



लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मोदी ने कहा कि शास्त्री जी की सादगी और निर्णय क्षमता सदैव स्मरणीय रहेगी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘‘महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना-रीपा‘‘ का शुभारंभ किया और विभिन्न जिलों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम में भी शामिल हुए। 

इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के चयनित गौठानों को आजीविका केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए वहां महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जा रहे हैं। प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में दो रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जाएंगे। बघेल ने कहा कि पहले चरण में तीन सौ रूरल इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जा रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संस्कृति और पुरातत्व विभाग द्वारा ‘‘गांधी, युवा और नये भारत की चुनौतियां‘‘ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। 

उन्होंने इस अवसर पर वाटर रिचार्जिंग के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले व्यक्ति और संस्था को ‘‘अनुपम मिश्र‘‘ पुरस्कार देने के साथ ही प्रसिद्ध रंगकर्मी ‘‘हबीब तनवीर‘‘ के नाम पर भी पुरस्कार देने की घोषणा की। छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित केंद्रीय कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने गांधी जी और शास्त्री जी के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर गांधी जी के प्रसिद्ध भजनों का गायन भी किया गया।

इस बीच, खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड गांधी भवन और केयूर भूषण स्मृति परिसर कंकाली पारा में आयोजित दो दिवसीय निबंध क्विज और तत्कालिक भाषण प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस अवसर पर खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि गांधी जी की जितनी आवश्यकता आजादी के पहले थी, उतनी आवश्यकता आज भी है। उन्होंने कहा कि खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा गांधीजी की विचारधारा और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

गांधी जयंती के मौके पर प्रदेश कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और ब्लॉकों में आज भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम कोंडागांव में निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। इससे पहले, रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और कार्यकर्ताओं ने बापू के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की शपथ ली।वहीं, आज रायपुर के महापौर एजाज ढेबर ने शास्त्री बाजार में नागरिकों को कपड़े की थैलियां बांटी और पॉलिथिन का दैनिक जीवन में त्याग करने की अपील की। 

उधर, बिलासपुर सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी प्रमुख स्टेशनों में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। साथ ही स्टेशनों और प्रमुख स्थानों पर रैली निकालकर गांधी जी के स्वच्छ भारत के संदेश को अपनाने की अपील की गई। अपर महाप्रबंधक विजय प्रताप सिंह और मंडल रेल प्रबंधक आलोक सहाय भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

सेवा ग्राम स्थित बापू कुटी का भ्रमण

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके ने अपने वर्धा प्रवास के दौरान आज सेवा ग्राम स्थित बापू कुटी का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सेवा ग्राम परिसर के साथ ही गांधीजी के जीवन दर्शन से जुड़े विभिन्न स्थानों का अवलोकन किया। राज्यपाल ने वहां उपस्थित लोगों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दी और सेवा ग्राम तथा गांधी जी विषय में अपने विचार साझा किए। उन्होंने बापू की कुटिया के भ्रमण को अपनी जीवन का महत्वपूर्ण और गौरवमयी दिन बताया। उन्होंने देशवासियों से गांधी जी के दर्शन और संदेश को अपनाने का आग्रह किया।

महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यम और स्वावलंबन को मिलेगा बढ़ावा : सीएम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘‘महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना‘‘ का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादूर शास्त्री एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश और मानव समाज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का सदैव ऋणी रहेगा।



मुख्यमंत्री बघेल ने महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना को छत्तीसगढ़ के ग्रामीण स्वावलंबन के लिए ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी योजना बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे गांव में रोजगार और उद्यम को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीण आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनेंगे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 10 गौठानों में महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण कार्य का वर्चुअल शिलान्यास भी किया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बलौदाबाजार विकासखंड के अंतर्गत ग्राम लटुवा के गौठान में बारदाना एवं मिट्टी के बर्तन बनानें वाली महिला स्व सहायता समूहों के सदस्यों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया एवं उनके कार्याे की प्रशंसा की।

इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, विद्याभूषण शुक्ला, जिला अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमन योगेश वर्मा, जिला पंचायत सदस्य रमेश धृतलहरे, जिला पंचायत सीईओ गोपाल वर्मा,अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ हरिशंकर चौहान, सरपंच महेश्वरी दीपक साहू अन्य जनप्रतिनिधिगण व सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में रीपा योजना के अंतर्गत पहले चरण में सभी पॉचों विकासखण्डों के 02-02 गौठान में 02-02 करोड़ रूपए की लागत से जिले में कुल 10 ग्रामीण औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने कहा कि भारत की आत्मा गॉव में बसती है। आज ‘‘महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना‘‘ के माध्यम से गॉव को आत्मनिर्भर बनाने की परिकल्पना साकार होने जा रही है। देवांगन ने ‘‘महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना‘‘ को राज्य शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए इसके उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी। 

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य बहुत ही दूरगामी एवं व्यापक है। देवांगन ने सभी जनप्रतिनिधियों को इस योजना को धरातल पर सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने जैविक खेती के बढ़ते प्रभाव के फायदे एवं स्वरोजगार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा ग्रामीणों को रोजगार दिलाकर हमारे गॉव को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने का अभिनव कार्य किया जा रहा है। 

इस अवसर पर कलेक्टर जिला पंचायत सीईओ गोपाल वर्मा ने महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना‘‘ के महत्व एवं उद्देश्य के संबंध में जानकारी देते हुए इसके सफल क्रियान्वयन हेतु व्यवहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी रीपा योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु अपना बहुमूल्य सुझाव दिए।

उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना का मूल उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का साधन बनाना है। प्रथम चरण में विकासखण्ड बलौदाबाजार के गौठान ग्राम लटुवा, पनगांव, भाटापारा में गुडेलिया, कडार सिमगा में रोहरा, केसली, कसडोल में देवरीकला, मटिया, पलारी में हरिनभट्टा एवं गिर्रा के गौठान में ग्रामीण औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जाएगा, जहां पर चयनित आयमूलक गतिविधियों को वृहद पैमाने पर शुरू किया जाएगा।

ग्राम सभाओं का महासम्मेलन और ग्राम-स्वराज रैली दो अक्टूबर को

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर दो अक्टूबर से प्रदेश के गांवों में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। ग्रामसभा में चर्चा के लिए पंद्रह बिन्दु निर्धारित किए गए हैं। इनमें से ग्यारह बिन्दुओं पर सभी ग्रामसभाओं में और अनुसूचित क्षेत्र की ग्राम सभाओं में अतिरिक्त चार बिन्दुओं पर विशेष चर्चा की जाएगी। इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 



ग्रामसभा में निर्धारित बिन्दुओं के अलावा कलेक्टर, जिला पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत द्वारा स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अन्य विषय-वस्तु को भी ग्रामसभा के एजेंडे में शामिल किया जा सकता है।



ग्रामसभा में गौठानों के प्रबंधन और संचालन के संबंध में चर्चा के साथ सुराजी ग्राम योजना के तहत नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की जाएगी।  वहीं, गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को सर्व आदिवासी समाज द्वारा राजधानी रायपुर में ‘‘रायपुर चलो गसी’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत ग्राम सभाओं का महासम्मेलन और ग्राम-स्वराज रैली निकाली जाएगी।

भाजपा की बैठक में सेवा पखवाड़ा पर जोर, रामलीला मैदान में कांग्रेस का ‘हल्ला बोल‘ रैली का आयोजन

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी दुर्ग संभाग की बैठक जिला भाजपा कार्यालय राजनांदगांव में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित गड़बड़ी और योजना के क्रियान्वयन में लेटलतीफी को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ अभियान चलाए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की रणनीति भी बनाई गई। साथ ही आगामी सत्रह सितंबर से दो अक्टूबर तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन को ‘‘सेवा पखवाड़े‘‘ के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया।


वहीं
, पच्चीस सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को शक्ति केन्द्र स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री शिव प्रकाश, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह, सांसद संतोष पांडेय और विजय बघेल के अलावा छह जिलों के पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

 रामलीला मैदान में हल्ला बोलरैली का आयोजन

देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज नई दिल्ली के रामलीला मैदान में हल्ला बोलरैली का आयोजन किया गया। इस रैली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के अलावा प्रदेश के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार की विफल आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि रैली के बाद सरकार इसे संज्ञान में लेगी और लोगों को महंगाई से राहत देगी।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस को महंगाई पर बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री जब तक केन्द्र सरकार के बराबर पेट्रेल-डीजल के दाम में कटौती नहीं कर देते, तब तक उनकी बातों का कोई औचित्य नहीं हैं। भाजपा के कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार को तत्काल पेट्रोल-डीजल के दाम में केन्द्र सरकार के बराबर कटौती करनी चाहिए।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.