Media24Media.com: कोरिया

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label कोरिया. Show all posts
Showing posts with label कोरिया. Show all posts

शिक्षकों का संतुलित पदस्थापना से मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। कोरिया जिले में शिक्षकों और स्कूलों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया से शिक्षा व्यवस्था को नया आयाम मिलने की उम्मीद है। जिला कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने 5 जून को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि यह प्रक्रिया शिक्षा में समानता, गुणवत्ता और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अरुण मरकाम एवं जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता भी मौजूद थे।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि नगरीय और ग्रामीण अंचलों में शिक्षकों के पदस्थापना में असंतुलन है। शहरी क्षेत्रों में शिक्षक अपेक्षाकृत अधिक हैं, जबकि दूरस्थ गांवों में शिक्षकों की भारी कमी से शिक्षण गुणवत्ता और छात्र प्रदर्शन पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। इस असंतुलन को दूर करने के लिए युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेंगे विषय विशेषज्ञ शिक्षक

कलेक्टर ने बताया कि अब गणित, भौतिकी, रसायन और जीवविज्ञान जैसे विषयों के विशेषज्ञ शिक्षक भी ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे छात्र-शिक्षक अनुपात संतुलित होगा और विद्यार्थियों को विषयवस्तु की बेहतर समझ मिलेगी। इन शिक्षकों का पुनः समायोजन कर जरूरतमंद विद्यालयों में पदस्थापना की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया किसी भी प्रकार की कटौती नहीं, बल्कि शिक्षा सुधार की दिशा में उठाया गया व्यावहारिक कदम है। यह समूचा प्रयास शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के दिशा-निर्देशों के अनुरूप है। कलेक्टर ने कहा कि यह परिवर्तन जिले के शैक्षिक और समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे इस पहल को सकारात्मक रूप में जनमानस तक पहुंचाएं, ताकि समाज में शिक्षा को लेकर विश्वास और जागरूकता बढ़ सके।

दो प्राथमिक शालाएं शिक्षकविहीन और 57 एकल शिक्षक स्कूल

जिले की स्थिति का विवरण देते हुए कलेक्टर ने बताया कि कोरिया जिले में 2 प्राथमिक शालाएं शिक्षकविहीन और 57 एकल शिक्षक स्कूल हैं। वहीं, 95 प्राथमिक और 75 पूर्व माध्यमिक शिक्षक जिले में अतिशेष हैं। इनका पुनः समायोजन कर शिक्षकविहीन और एकल शिक्षकीय शालाओं में पदस्थापना की जा रही है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया किसी भी प्रकार की कटौती नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शिक्षा में सुधार लाना है।

एक भी स्कूल का समायोजन नहीं

 जिले में 145 में से एक भी स्कूल का समायोजन नहीं किया गया है। राज्य में भी केवल 241 स्कूलों का समायोजन किया गया है, जबकि 10,297 स्कूल यथावत संचालित रहेंगे। युक्तियुक्तकरण के लाभों को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि इससे विद्यार्थियों को बेहतर भवन, प्रयोगशाला, लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी। साथ ही, बच्चों की ड्रॉपआउट दर में कमी, तीन बार प्रवेश प्रक्रिया से मुक्ति और पढ़ाई की निरंतरता सुनिश्चित होगी।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष लेख : निर्विरोध महिला पंच-सरपंच चुनकर रचा इतिहास, सशक्तीकरण की मिसाल

No comments Document Thumbnail

कोरिया। कोरिया जिले को प्रकृति ने भरपूर प्यार दिया है। यहाँ की वादियां खूबसूरत है और तन-मन को अपनी ओर आकर्षित करने की अदभुत क्षमता है। लेकिन आज हम जिले के एक ऐसे गांव के बारे में जिक्र करने जा रहे हैं, जो समाज व परिवार की सबसे महत्वपूर्ण हिस्से हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एक विशेष रिपोर्टिंग!

कोरिया जिले का ग्राम रनई इस बार के पंचायत चुनाव में एक नया इतिहास रचने में सफल रहा। यहां न केवल पंच-सरपंच निर्विरोध चुने गए, बल्कि खास बात यह रही कि ग्रामवासियों की सर्वसम्मति से पंचायत की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई। यह गांव महिला सशक्तीकरण की नई मिसाल पेश कर रहा है, जहां सरपंच सहित सभी 15 वार्डों की पंच महिलाएं हैं।

महिला नेतृत्व की ओर बढ़ता गांव

बैकुंठपुर विकासखंड से मात्र 15-16 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम रनई की आबादी करीब 1800-1900 है। वर्षों से चली आ रही निर्विरोध चुनाव की परंपरा को इस बार भी कायम रखते हुए इस बार ग्रामीणों ने सभी पदों पर महिलाओं को निर्विरोध चुना है। दसवीं तक शिक्षित गांव की नव-निर्वाचित सरपंच श्रीमती बबीता ठाकुरिया ने बताया कि वे गांव की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका पहला लक्ष्य महिलाओं के लिए स्नानघर और शौचालय का निर्माण कराना है, ताकि स्वच्छता और सुविधा को बढ़ावा दिया जा सके।

महिलाओं की प्राथमिकताएं और संकल्प

वार्ड पंच श्रीमती गीता शुक्ला और श्रीमती आशा दुबे ने बताया कि गांव में सार्वजनिक महिला शौचालय का निर्माण कराया जाएगा और पीने के पानी की समस्या को हल करने की दिशा में काम किया जाएगा। भूजल स्तर काफी नीचे होने के कारण बोरवेल से पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिसके लिए पंचायत समुचित समाधान निकालेगी।

इसके अलावा, निर्विरोध चुनी गईं अन्य महिला पंच श्रीमती सोनकुंवर, श्रीमती शशि, श्रीमती उपासना, श्रीमती श्यामबती, श्रीमती लीला, श्रीमती राधा साहू, श्रीमती लता, श्रीमती सुमित्रा पटेल, श्रीमती वेदमती, श्रीमती ज्योति,  श्रीमती हीरामनी, श्रीमती चन्द्रमणि ने संकल्प लिया है कि वे गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगी और वार्डवासियों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी।

शराब और नशे के खिलाफ मुहिम

गांव की महिलाओं ने एक और क्रांतिकारी निर्णय लेने की बात कही। पंचायत की सभी महिलाएं एकजुट होकर शराब और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों को लेकर जन-जागरूकता फैलाएंगी, जिससे समाज को इस बुराई से बचाया जा सके।

महिला शक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण

ग्राम रनई का यह ऐतिहासिक निर्णय न केवल महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह पूरे जिले और प्रदेश के अन्य गांवों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनेगा। जब महिलाएं स्वयं निर्णय लेती हैं और नेतृत्व की जिम्मेदारी उठाती हैं, तो बदलाव की राह स्वतः प्रशस्त होती है।

महिलाओं का सम्मान और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें

कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने कहा कि ग्राम रनई की यह उपलब्धि समस्त समाज को यह संदेश देती है कि महिलाएं जब ठान लें, तो हर बाधा को पार कर एक नए युग की शुरुआत कर सकती हैं, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जो महिलाएं नहीं कर सकती। इसलिए महिलाओं को अवसर की दरकार है और हम सबकी जिम्मेदारी है कि प्रत्येक महिलाओं का सम्मान करें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।  (एल.डी. मानिकपुरी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी, कोरिया)

कोरिया में बाघ की मृत्यु की घटना पर मुख्यमंत्री के कड़े तेवर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया जिले में बाघ की मौत की घटना को गंभीरता से लेते हुए इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव को दिए थे। इन निर्देशों के परिपालन में कोरिया वनमंडल बैकुण्ठपुर अंतर्गत परिक्षेत्र सोनहत के रामगढ़ सर्किल के वनरक्षक पिताम्बर लाल राजवाड़े और वनपाल रामप्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

इसी तारतम्य में परिक्षेत्राधिकारी सोनहत के वन क्षेत्रपाल विनय कुमार सिंह से टाईगर की मृत्यु के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से वनों की रक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए मुस्तैदी से कर्तव्यों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी लापरवाही पर संबंधितों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

कोरिया जिले में बाघ के मृत होने की सूचना पर वन विभाग सतर्क

No comments Document Thumbnail

रायपुर। कोरिया जिले में एक बाघ की मौत की खबर ने वन विभाग को सतर्क कर दिया है। आज गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के संचालक एवं वनमण्डलाधिकारी बैकुंठपुर ने इस सम्बंध में जानकारी दी है कि 8 नवम्बर 2024 को दोपहर एक बजे ग्रामीणों से परिसर रक्षक गरनई को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कटवार के पास खनखोपड़ नाला के किनारे एक बाघ की मृत्यु हुई है।

घटना स्थल बीट गरनई, सर्किल रामगढ़, परिक्षेत्र सोनहत, कोरिया वनमण्डल के असीमांकित वनक्षेत्र के समीप है। संबंधित वनरक्षक के द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। तत्काल वन मण्डलाधिकारी कोरिया, संचालक गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान बैकुन्ठपुर, उप वनमण्डलाधिकारी उत्तर बैकुन्ठपुर, मुख्य वन संरक्षक सरगुजा वन वृत्त अम्बिकापुर, वन संरक्षक (वन्यप्राणी) सरगुजा मौके पर पहुंचे। वन विभाग के कर्मचारियों की टीम के द्वारा घटना स्थल के आसपास डेढ़ से दो किलोमीटर परिधि में तलाशी की गई।

प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि बाघ का शव दो-तीन दिन पुराना था। 9 नवम्बर को वन विभाग, पुलिस, एनटीसीए प्रतिनिधि और ग्रामीणों की उपस्थिति में चार सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा बाघ का पोस्टमार्टम किया गया। जांच में यह भी पाया गया कि बाघ के स्किन, नाखून, दाँत और अन्य सभी अंग सुरक्षित थे, किसी भी प्रकार का अंग-भंग नहीं हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद बाघ का दाह संस्कार कर दिया गया और उसके महत्वपूर्ण अंगों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए संरक्षित किया गया। इस मामले में गोमर्दा अभ्यारण्य के डॉग स्क्वायड और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई। सम्पूर्ण कार्यवाही के दौरान अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) रायपुर उपस्थित रहे एवं समस्त वन अधिकारियों/कर्मचारियों को अपराधियों की पतासाजी करने एवं वाइल्ड लाइफ क्राइम की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

17 एवं 18 जनवरी को जिले की संस्कृति, पर्यटन और खूबसूरती को प्रदर्शित करता पहला झुमका जल महोत्सव

No comments Document Thumbnail

कोरिया। जिले की संस्कृति, पर्यटन और खूबसूरती को प्रदर्शित करने जिला प्रसाशन द्वारा झुमका जल महोत्सव के दो दिवसीय कार्यक्रम का आगाज़ 17 जनवरी को होगा। महोत्सव का समापन 18 जनवरी को होगा। महोत्सव में रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ विभागीय प्रदर्शनी के द्वारा जिले की उपलब्धियों से लोग अवगत होंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ 17 जनवरी को छत्तीसगढ़ शासन खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, योजना, आर्थिक सांख्यिकीय एवं संस्कृति विभाग मंत्री अमरजीत भगत करेंगे। 18 जनवरी को छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण, गृह, जेल, पर्यटन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।

जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की पूरी टीम कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए तैयारियों में जुटी है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री लंगेह ने आज कार्यक्रम स्थल का जायज़ा लिया तथा सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने सम्बन्धी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महोत्सव में इन कलाकारों द्वारा दी जाएंगी प्रस्तुतियां-

दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन 17 जनवरी को महोत्सव के शुभारंभ पर दोपहर 1रू00 बजे अतिथियों के स्वागत तथा उद्बोधन पश्चात विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया जाएगा। जिसके पश्चात अतिथियों द्वारा झुमका आइलैण्ड में काइट फेस्टिवल एवं पेंटिंग एग्जीबिशन का अवलोकन किया जाएगा। दोपहर 2:50 बजे छत्तीसगढ़ी कलाकार सुश्री आरु साहू द्वारा सुमधुर गीतों की प्रस्तुति, 3:40 बजे स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम 5:00 बजे छत्तीसगढ़ी कलाकार सुनील मानिकपुरी द्वारा तथा 6:00 बजे ओडिसी नृत्यांगना श्रीमती पूर्णाश्री राउत द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं छतीसगढ़ी कलाकार अनुज शर्मा द्वारा शाम  7:00 बजे तथा बॉलीवुड कलाकार विनोद राठौर की शाम 8:00 बजे मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी।

झुमका जल महोत्सव के दूसरे दिन 18 जनवरी को दोपहर 1:00 बजे अतिथियों के स्वागत तथा उद्बोधन के पश्चात दोपहर 2:00 बजे स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति, 4:00 बजे छत्तीसगढ़ी कलाकार संजय सुरीला द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। शाम 5:30 बजे सूफी कलाकार नासिर निन्दर द्वारा तथा 6:45 बजे अन्य कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शाम 6:55 बजे छत्तीसगढ़ी कलाकर सुनील सोनी तथा बॉलीवुड कलाकार सुखबीर सिंह द्वारा महोत्सव में प्रस्तुतियों से समां बंधेगा।

मुख्यमंत्री ने रमदहा जलप्रपात में हुए हादसे पर दुःख व्यक्त किया

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रमदहा जलप्रपात में हुए हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है साथ ही मुख्यमंत्री ने कोरिया कलेक्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। ज्ञातव्य है कि रमदहा जलप्रपात के बाहर बोर्ड में स्पष्ट चेतावनी लिखी है कि यहां नहाना सख्त मना है। इसके बाद भी परिवार वहां नहाने गया था। इन लोगों के द्वारा चेतावनी बोर्ड का पालन नहीं किया गया था।



उल्लेखनीय है कि आज रमदहा जलप्रपात में बैकुंठपुर मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर में एक दुखद हादसा हुआ है, जिसमें मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के 7 लोग पानी में डूब गए, जिसमें से 2 को बाहर निकाल लिया गया है, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है, जिसमें से एक की मृत्यु हो गयी है। दूसरे की हालत अभी सही है। शेष 5 लोगों की तलाश जारी है। सभी मध्यप्रदेश के निवासी हैं। पुलिस प्रशासन की टीम लगातार सर्चिंग कर रही है। इन लोगों के परिवार से भी सम्पर्क कर लिया है।

रमदहा जलप्रपात में सात लोग डूबे, तीन का शव बरामद, तलाश जारी

No comments Document Thumbnail

कोरिया। कोरिया जिले के रमदहा जलप्रपात में सात लोगों के डूबने की खबर है। इनमें से दो लोगों का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, एक युवती को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाल लिया गया है, जिसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। जबकि, चार अन्य लोगों की तलाश अभी भी जारी है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के भरतपुर विकासखंड स्थित रमदहा जलप्रपात में आज सात लोग पिकनिक मनाने गए हुए थे। इसी दौरान नहाते समय पानी के तेज बहाव में ये लोग डूब गए। सूचना मिलने के बाद कोटाडोल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।



वहीं, एसडीआरएफ की टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है। बताया जाता है कि ये सभी मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न के निवासी हैं। कोरिया जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि इस जलप्रपात में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, इसलिए इसे डेंजर जोन घोषित कर यहां नहाने की मनाही की गई है। उन्होंने लोगों से डैम में नहाने के लिए नहीं जाने की अपील की। इस बीच, क्षेत्रीय विधायक गुलाब कमरो ने मामले की जानकारी लेकर जिला प्रशासन को बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रमदहा जलप्रपात में हुए हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कलेक्टर को रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। 
इधर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पथर्री गांव में आज एक ही परिवार के तीन बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि इन बच्चों के माता-पिता खेत में काम करने गए हुए थे। बच्चे घर में अकेले थे और तीनों एक साथ तालाब में नहाने चले गए, तभी यह हादसा हो गया।

छत्तीसगढ़ में भूकंप के झटके, नागरिक चिंतित

No comments Document Thumbnail

 

कोरिया। जिले के चरचा कालरी क्षेत्र में बीती रात करीब एक बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। मौसम विज्ञान के भूकंप अनुभाग ने रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता चार दशमलव छह बताई है। भूकंप के इस झटके से एसईसीएल के चरचा ईस्ट खदान के एक सौ एक नंबर पैनल में एयर ब्लास्ट हुआ। इस घटना में वहां काम कर रहे तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है। इन सभी श्रमिकों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बीती रात आए भूकंप का केन्द्र भू-सतह से लगभग सोलह किलोमीटर जमीन के भीतर बताया गया है। यह भूकंप मोडरेट श्रेणी का था, जिससे कच्चे मकान और भू-सतह पर बने कमजोर बनावट को क्षति पहुंच सकती थी। गौरतलब है कि बीते ग्यारह जुलाई को भी कोरिया जिला मुख्यालय के पास चार दशमलव तीन रिक्टर तीव्रता वाला भूकंप का झटका महसूस किया गया था।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भूकंप की घटना में घायल कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।



 

 

 

 

 

किसान परिवार के घर सीएम भूपेश बघेल ने किया भोजन

No comments Document Thumbnail

कोरिया. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भेंट मुलाकात कार्यक्रम में ग्राम पटना पहुंचे. वे यहां दोपहर के खाने के लिए पटना के एक आदिवासी किसान अनिरुद्ध प्रताप सिंह के घर पहुंचे. उनकी माता राधादेवी और परिवार के सदस्यों ने अक्षत तिलक लगाकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अगुवानी की. यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पारंपरिक रूप से सरई पान के दोने और पत्तल में भोजन किया. परिवार के सदस्यों ने उन्हें खाने में मुनगा भाजी, सरसों भाजी, लकड़ा की चटनी, उड़द बड़ा, पुआ, इढ़र,चौसेला और पताल की चटनी परोसा.

राधादेवी ने मुख्यमंत्री के आगमन की ख़ुशी को बयां करते हुए कहा कि "हमर बर अबड़ खुशी के दिन है जे प्रदेश के मुखिया पहुना बन के हमर घर आइस हे" मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका हाल जाना और सभी को उपहार भी भेंट किए.

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.