Media24Media.com: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label कलेक्ट्रेट सभाकक्ष. Show all posts
Showing posts with label कलेक्ट्रेट सभाकक्ष. Show all posts

भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार हो अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों की रूपरेखा- वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर ; वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने रायगढ़ के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि अधोसंरचना विकास को लेकर जो भी प्रोजेक्ट बनाए जा रहे हैं उनका प्रस्ताव भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करें। सड़क, पुल पुलिया, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्कूल कॉलेज तथा अन्य दूसरे विभागों से जुड़े के कामों की रूपरेखा आने वाले 20 सालों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बनाए जाएं। ये प्रोजेक्ट ऐसे हों जो लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आएं। वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय काम काज की गहन समीक्षा की।


वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग अंतर्गत चल रहे कार्यों और आगे की कार्ययोजना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, सेतु, पीएमजीएसवाय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन, नगर निगम, केलो परियोजना, ग्रामीण यांत्रिकी विभागों के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ करने और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ इन विभागों में आगे के प्रस्तावित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर विभाग प्रमुखों को भेजें। जिससे इन्हें बजट में शामिल किया जा सके।

वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए। जितने भी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं अधिकारी इनका नियमित निरीक्षण करें। क्वालिटी मॉनिटरिंग पर सभी का फोकस होना चाहिए। समय-सीमा में काम पूरा हो इसका ध्यान रखें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, डीएफओ सुश्री स्टाइलो मंडावी, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

महासमुंद : जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में खरीफ फसल सिंचाई हेतु पानी देने सहमति, विधायक सिन्हा ने अतिशीघ्र पानी छोड़ने के दिए निर्देश

No comments Document Thumbnail

 महासमुंद : आज यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक हुई। बैठक में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की विशेष उपस्थिति में खरीफ फसल के लिए खेतों में पानी देने पर निर्णय लिया गया। विधायक सिन्हा ने कहा कि किसानों की मांग और मौसम को देखते हुए किसानों को पानी देना आवश्यक है। अतः आज शाम से ही खेतों में पानी दिया जाए।


इसके लिए जिले के कोडार जलाशय परियोजना, केशवा जलाशय सहित लघु सिंचाई जलाशयों से भी पानी दिया जाएगा। इसके लिए कोटवार के माध्यम से मुनादी करके किसानों तक जानकारी पहुंचाई जाए। अंतिम छोर तक पानी पहुंचे इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए।

विधायक सिन्हा ने जिले के वृहद, मध्यम एवं लघु सिंचाई जलाशयों से खरीफ फसल सिंचाई हेतु आवश्यक जल प्रदान करने के संबंध में समीक्षा की। बैठक में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि किसानों की मांग और जलभराव के आधार पर खरीफ फसल सिंचाई हेतु किसानों को जल प्रदाय किया जाए। उन्होंने कहा कि नहर में जल प्रवाह के दौरान किसी तरह नहर के तटों को काटकर पानी के उपयोग पर पाबंदी लगाया जाए। यदि कोई तट काटकर पानी ले जाने की कोशिश करते है तो उन पर भी कार्यवाही की जाए। कोशिश हो कि अंतिम छोर तक पानी खेतों तक पहुंचे।

बैठक में जिले के सभी जलाशयों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही उन्होंने कहा कि नदी के संरक्षण के लिए इसके तट पर बनने वाले किसी भी निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए। इसके लिए जल संसाधन विभाग, राजस्व विभाग के साथ मिलकर आवश्यक कार्यवाही करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री अजय खरे, समस्त अनुविभागीय अधिकारी, कृषि उप संचालक एफ.आर. कश्यप तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।

जल संसाधन के मुख्य कार्यपालन अभियंता अजय कुमार खरे ने बताया कि कोडार वृहद परियोजना में जल भराव की क्षमता 149 मि.घ.मी. है। वर्तमान में 63.02 मि.घ.मी. पानी संग्रहित है। जलाशय से प्रथम सिंचाई हेतु 41.12 मि.घ.मी. का उपयोग किया जा सकता है। इससे बायीं व दायी तट नहर से लगभग 49 गांव के 16754 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसी तरह केशवा जलाशय में वर्तमान में 8.36 मि.घ.मी. पानी है। जिसमें से प्रथम सिंचाई हेतु 4.36 मि.घ.मी. जलभराव का उपयोग किया जा सकता है। इससे मुख्य नहर से अनुबंधित 2700 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

कलेक्टर डॉ सिद्दीकी ने टॉपर बच्चों से मुलाकात कर प्रोत्साहित किया

No comments Document Thumbnail

सारंगढ़ बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के दसवीं और बारहवीं के टॉपर बच्चों से मुलाकात कर उनको शुभकामनाएं दी। सभी बच्चों को मिठाई खिलाया गया। जिला शिक्षा विभाग की ओर से टॉपर बच्चों का परिचय दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि आपकी वजह से हमारा जिला गौरवान्वित हुआ है।इस जिले में आप जैसे उत्कृष्ट बच्चे हैं। इस सफलता में अकेले बच्चे के साथ माता पिता और शिक्षक का भी योगदान होता है। मैं ईश्वर को धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मुझे आईएएस बनाया।

इस पद में आप भी आ सकते हैं। आप दृढ़ संकल्पित हो तो आपके लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कोई बाधा रोक नहीं सकता। आप केवल दसवीं बारहवीं को ही बेस बनाकर लक्ष्य निर्धारण ना करें। अपने लक्ष्य के प्रति संकल्पित होकर चलिए असफलता मिलेगी लेकिन कोशिश करने वालों की हार नहीं होती। विषम परिस्थिति में भी अपने लक्ष्य को बहुत लोगों ने प्राप्त किया है। मैंने अपने कैरियर की शुरुआत विवाह के बाद शुरू की है। हम जो पढ़ते हैं और उसी अनुरूप हमारा रिजल्ट भी आता है तो मन को एक विलक्षण खुशी मिलती है।

वर्तमान में जो आप लोगों की उम्र है, अभी आपका समय बहुत ही निर्णायक है। चार-पांच साल जिस भी क्षेत्र में अपने समय का योगदान करेंगे वही आपके जीवन का निर्धारण करेगा। हम जिस बैकग्राउंड से आते हैं उसमें हमारा संघर्ष और मेहनत ही हमारे मुकाम तक पहुंचाता है। जिला प्रशासन द्वारा कोचिंग को शुरू की जा रही है। आप लोग दो प्रकार की प्लान बनाएं। एक सफल होने पर और दूसरा सफल नहीं होने पर, दोनों में से कोई एक के आधार पर अपना जीवन यापन करेंगे। अपने पालकों का नाम रोशन करें। मेरे पिताजी को कोई पूछते हैं कि आपकी बिटिया कलेक्टर है तो पिताजी की आंखों में खुशी से आंसू आ जाते हैं।

आप अपने पालकों की शान रहे आप अच्छे इंसान बने। हम में और आप में संवेदनशीलता होनी चाहिए। हम दूसरों की मदद करते हैं तो जितनी संसाधन जरूरत होती है उसके बाद भी और संसाधन अपने आप चले आता है। अपने लक्ष्य के लिए इतना मेहनत करो की मेहनत भी शरमा जाए। कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि मैं फिल्म ओम शांति ओम के डायलॉग "इतनी शिद्दत से मैंने तुम्हें पाने की कोशिश की है... कि हर जर्रे ने मुझे तुमसे मिलाने की साजिश की है।" से मैं बहुत प्रभावित हूं। इसी शिद्दत से हमारे लक्ष्य को पाने के लिए हमारी कोशिश होनी चाहिए। सभाकक्ष में बच्चों ने भी अपने अपने लक्ष्य के बारे में बताया। 

सभी बच्चों ने कलेक्टर डॉ सिद्दीकी के साथ फोटो खिंचवाया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी डेज़ी रानी जांगड़े, बच्चों के माता-पिता, शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। इस समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाताडीह, शांभवी पब्लिक स्कूल भटगांव, हैप्पी हायर सेकेंडरी स्कूल पेंड्रावन सरसीवा, मॉडर्न पब्लिक स्कूल गाताडीह, सागर हायर सेकेंडरी स्कूल भटगांव,लोटस पब्लिक स्कूल भटगांव, भारत माता स्कूल सहित अन्य स्कूल के बच्चे शामिल थे। सभाकक्ष में श्रद्धांशी अग्रवाल, चिराग, तुर्यगा साहू, कनक रजक, ऐश्वर्या मानिकपुरी, यशस्वी हिरवानी,  करुणा साहू, तुषार केशरवानी, यश चंद्राकर, पीयूष साहू, शुभम मानिकपुरी, नित्यानंद मानिकपुरी, मोहनिश कुमार साहू,  आरती जायसवाल, नीरज कठौतिया, कुमकुम टांडेल, दीपांशु निराला, वैशाली साहू, साक्षी निराला, पूजा जायसवाल, रितिका साहू, सुष्मिता मनहर, रोशनी साहू, अभिषेक जायसवाल आदि शामिल थे।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.