Media24Media.com: #mahasamund top news

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #mahasamund top news. Show all posts
Showing posts with label #mahasamund top news. Show all posts

सहजानंदी चातुर्मास के अंतर्गत भगवान नेमीनाथ के जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में अनेक कार्यक्रम आयोजित

No comments Document Thumbnail

महासमुंद- महासमुंद में पूज्य विवेकसागर जी मसा एवं शासनरत्नसागर जी मसा की निश्रा में जैनों के बाईसवें तीर्थंकर भगवान नेमीनाथ के जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए ! प्रात: व्याख्यान के समय पूज्य विवेकसागर जी ने नेमिनाथ भगवान के जन्म की जैसे ही उद्घोषणा की सभी श्रावकों और श्राविकाओं ने थाली बजाकर पूरे हॉल को गुंजायमान कर दिया । मंच पर झांकी की स्थापना की गई थी जिसमे परदा खुलते ही अंदर माता शिवादेवी और नेमिनाथ भगवान के रूप में कलाकारो ने बहुत सुंदर प्रस्तुति दी । माता का अभिनय श्रीमती रुचि पारख, नेमिनाथ भगवान के बचपन का अभिनय प्रार्थना बरडिया एवं प्रियंवदा दासी का अभिनय भक्ति गोलछा ने निभाया । आज भगवान नेमीनाथ के जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में सामूहिक एकासना आयोजित किया गया था । सभी आराधकों के एकासना की व्यवस्था श्री शांतिनाथ भवन में रखी गई थी । आज दोपहर को नेमीनाथ पंचकल्याणक की पूजा जैन मंदिर में रखी गई थी । रविवार को अखिल भारतीय खरतरगच्छ महिला परिषद के द्वारा संगीतमय स्नात्र पूजा मेरू शिखर नवरावे का आयोजन किया गया था । इस स्नात्र महोत्सव में श्रावक और श्राविकाएं इंद्र और डिककुमारी बनकर पधारे थे । इस आयोजन में पहली बार स्नात्र पूजा के साथ नाट्य प्रस्तुति भी दी गई, जिसमे माता के चौदह स्वप्नों को पाठशाला के बच्चों द्वारा नृत्य के माध्यम से विस्तार पूर्वक प्रदर्शित किया गया । स्नात्र पूजा के पश्चात परमात्मा की आरती, मंगलदीपक और शांति कलश किया गया । जिसका लाभ श्री राणुलाल जी इन्द्रकुमार जी लुनिया, खरतरगच्छ महिला परिषद एवं राजिम से पधारे श्री संजय जी बंगानी परिवार ने लिया । उक्त जानकारी जैन श्री संघ से श्रीमती ललिता बरडिया ने दी ।

जैन समाज द्वारा वृक्षारोपण किया गया

आगे जानकारी देते हुए संघ के सचिव सीए रितेश गोलछा ने बताया कि श्रावण सुदी पांचम के दिन भगवान नेमिनाथ के जन्मकल्याणक एवं पूज्य यति श्री यतनलाल जी की आगामी 4 अगस्त को पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में संघ के अध्यक्ष राजेश लूनिया के नेतृत्व में सरस्वती शिशु मंदिर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया था । इस कार्यक्रम में जैन समाज से प्रदीप झाबक, दिलीप मालू, संजय मालू, अनिल मालू, नीरज कोचर, विकास चोपड़ा, अमित चोपड़ा, सरस्वती शिशु मंदिर के पदाधिकारी घनश्याम सोनी, श्रीमति संध्या शर्मा, प्रधानाचार्य   देवराज वर्मा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे । चातुर्मास में प्रतिदिन प्रात: व्याख्यान दोपहर को स्वाध्याय एवं रात्रि को धर्म चर्चा आयोजित है । जैन श्री संघ नगर के सभी धर्मावलंबियों से इन कार्यक्रमों में शामिल होने का अनुरोध करता है ।


आंगनबाड़ी केंद्रों की बदली तस्वीर : खेलते-खिलखिलाते नन्हे कदमों से संवर रहा भविष्य

No comments Document Thumbnail

महासमुंद । नन्हे कदमों से गूंजते आंगन, दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग्स, कविताएं गुनगुनाते बच्चे और खेल-खेल में सीखने की ललक कुछ ऐसी ही सजीव और संजीव छवि अब जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की बन गई है। महासमुंद शहरी सेक्टर-1 स्थित संजय नगर-2, दलदली रोड और विश्वकर्मा वार्ड के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र इसकी सजीव मिसाल हैं, जहां आंगनबाड़ी अब केवल पोषण और देखभाल का केन्द्र नहीं, बल्कि बच्चों के संपूर्ण विकास की पाठशाला बन चुकी हैं। इन केन्द्रों की सजावट किसी प्ले स्कूल से कम नहीं है। दीवारों पर उकेरी गई रंगीन चित्रकारी और शैक्षणिक चार्ट नन्हे मन को पढ़ाई की ओर आकर्षित कर रहे हैं। अक्षर ज्ञान, गिनती, कविताएं और व्यवहारिक जानकारियां बच्चों को सहज और रोचक तरीके से दी जा रही हैं।


संदेशों के माध्यम से सामाजिक बदलाव की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं। जितनी अच्छी वजन की रेखा, उतना अच्छा बच्चा देखा, लड़का-लड़की एक समान जैसे संदेश दीवारों पर उकेरे गए हैं, जो बाल देखभाल के साथ सामाजिक चेतना का संचार भी कर रहे हैं। यहां न केवल बच्चे बल्कि गर्भवती माताएं और किशोरी बालिकाएं भी लाभान्वित हो रही हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए गर्म पौष्टिक भोजन की नियमित व्यवस्था है, साथ ही सुपोषण चौपाल जैसे आयोजनों के माध्यम से टीकाकरण व स्वास्थ्य परामर्श दिया जाता है। किशोरियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती शीला प्रधान बताती हैं कि यहां मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, नोनी सुरक्षा, महतारी वंदन, सुकन्या समृद्धि योजना जैसे कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के ज़रिए बालिकाओं और माताओं के स्वास्थ्य एवं अधिकारों की रक्षा की जा रही है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित साफ-सफाई की जा रही है। आरओ वाटर प्योरीफायर, स्वच्छ किचन रूम और पर्याप्त खेल सामग्री यहां की विशेषता बन चुके हैं। बच्चों के लिए खेल घर उपलब्ध है और अर्ली चाइल्डहुड केयर के तहत भाषा, गणित आदि विषयों की बुनियादी जानकारी रोचक तरीकों से दी जा रही है। यहां पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रूपा भारती और अंजू चंद्राकर बताती हैं कि यहां बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार से लेकर किशोरी बालिकाओं तक के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम होते हैं। महतारी समिति की बैठकें भी नियमित होती हैं, जिससे माताओं की सहभागिता भी सुनिश्चित होती है।


श्री रामलला दर्शन के लिए विधायक ने शुभकामनाओं के साथ तीर्थयात्रियों को किया रवाना

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना श्री रामलला दर्शन योजना के तहत मंगलवार को महासमुंद से यात्रियों का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपने निवास स्थान से उन्हें भगवा झंडा दिखाकर रवाना किया। साथ ही उनकी यात्रा मंगलमय हो इसके लिए शुभकामनाएं भी दी। जय श्री राम के उद्घोष के साथ यात्री बस से रायपुर के लिए प्रस्थान किए। रायपुर से उन्हें विशेष ट्रेन के माध्यम से अयोध्या ले जाया जाएगा।

यात्रियों का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना

इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि  छत्तीसगढ़ के लोगों को अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर के दर्शन कराने की मोदी की गारंटी को पूरा करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री बनने के 100 दिन में ही कदम उठाया था। उसी के फलस्वरुप प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं ने श्री रामलला दर्शन का पुण्यलाभ लिया है। आगे भी इस योजना के माध्यम से प्रदेश की जनता अयोध्या धाम के दर्शन करेंगी। आगे कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलता है, जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां रहने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी। इस ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा। सभी श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के यात्रा करते हुए अयोध्या पहुंचेंगे और दर्शन कर वापस लौटेंगे।


Sirpur Tour Day : पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने सिरपुर सायकिल यात्रा

No comments Document Thumbnail

महासमुंद।  26 मार्च को आयोजित टूर डे सिरपुर यात्रा के लिए महासमुंद जिले से 100 से ज्यादा सायकल यात्रियों के ऑनलाईन आवेदन प्राप्त हुए है। सायकल यात्रा की ऑनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि गुरूवार 24 मार्च है। यह सायकल यात्रा जिले में पर्यटन और प्रकृति को बढ़ावा देने एवं जिले की पुरातात्विक एवं संस्कृति से रूबरू होने के लिए आयोजित की जा रही है। कलेक्टर  निलेशकुमार क्षीरसागर ने टूर डे सिरपुर सायकल यात्रा के सफल एवं सुव्यवस्थित तरीके से आयोजन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे है। कलेक्टर द्वारा जारी 22 मार्च के आदेश में वनमण्डलाधिकारी पंकज राजपूत वन चेतना केंद्र कोडार की व्यवस्था में समन्वय का दायित्व सौंपा है। राजेश देवांगन अनुविभागीय अधिकारी (यातायात) महासमुंद को सुरक्षा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भागवत जायसवाल को सायकल रेस के नोडल अधिकारी बनाया है। वहीं इसी प्रकार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. बंजारे को आरंग कोडार हाईड्रेशन प्वाइंट तथा एम्बुलेंस अन्य स्वास्थ्य व्यवस्था का दायित्व दिया गया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशीष तिवारी को टूर डे सिरपुर में आवश्यक साफ-सफाई की व्यवस्था देखेंगे।



वहीं उमेश साहू डिप्टी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सरायपाली राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों की लाईजनिंग का कार्य करेंगे। जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार धृतलहरे महासमुंद में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों की लाईजनिंग कार्य देखेंगे। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गजेन्द्र ध्रुव को सिरपुर भ्रमण एवं प्रतिभागियों की व्यवस्था एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के नोडल होंगे। जिला नेहरू युवा केन्द्र अधिकारी अदनान पाल टूर डे सिरपुर आयोजन के रजिस्ट्रेशन आदि संधारित करेंगे। प्रचार-प्रसार का जिम्मा सहायक संचालक शशिरत्न पाराशर को सौंपा गया है। टूर डे सिरपुर का आयोजन शनिवार 26 मार्च को महासमुंद से होगा। यह सायकल यात्रा सुविधानुसार सायकल सवार इस यात्रा में शामिल हो सकते है। महासमुंद से सिरपुर के लिए सायकल यात्रा तीस किलोमीटर की होगी। सायकल यात्रा शनिवार 26 मार्च को सबेरे 7ः00 बजे वन विद्यालय महासमुंद से रवाना होगी। जिसमें सिरपुर तक तीन स्टॉपेज होंगे। पहला स्टॉपेज बेमचा, दूसरा वन चेतना केंद्र कोडार और तीसरा सिरपुर लक्ष्मण मंदिर परिसर होगा। 

यहां करें ऑनलाईन आवेदन


महासमुंद जिले के सायकल यात्रियों के लिए रजिस्ट्रेशन निःशुल्क है। ऑनलाईन आवेदन के लिए https://bit.ly/TDS-mahasamund में जाकर आवेदन गुरूवार 24 मार्च तक कर सकते है। अधिक जानकारी के लिए मोबाईल नम्बर 96175-00148 और 82197-84154 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि महासमुंद जिले के सायकल यात्रियों के लिए प्रवेश निःशुल्क दिया जाएगा। अन्य जिले के प्रतिभागियों के लिए पंजीयन शुल्क 3000 होगा। जिसमें उन्हें किट पहनने एवं खाने की व्यवस्था दी जाएगी। यदि प्रतिभागी ठहरने एवं खाने की व्यवस्था नहीं चाहता है तो उसे पंजीयन शुल्क के रूप में मात्र एक हजार रुपए देना होगा। इसमें उन्हें किट प्रदान की जाएगी। राजधानी रायपुर से और महासमुंद से निकलने वाली सायकल यात्रा का मिलन वन चेतना केंद्र महासमुंद में होगा। सायकल यात्रा समापन पश्चात सिरपुर भ्रमण तथा शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि सायकल यात्रा में सिरपुर में ठहरने वाले प्रतिभागी रविवार 27 मार्च को प्रातः वापस होंगे।
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.