Media24Media.com: #Baheradih

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #Baheradih. Show all posts
Showing posts with label #Baheradih. Show all posts

बहेराडीह के किसानों को बड़ी राहत: चार साल बाद सिवनी लौटा धान खरीदी केंद्र, किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव की पहल लाई रंग

No comments Document Thumbnail

जांजगीर-चांपा- बहेराडीह गांव के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। चार साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बहेराडीह के किसानों का धान खरीदी केंद्र पुनः सिवनी में निर्धारित कर दिया गया है। अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए कोसमंदा नहीं जाना पड़ेगा। इस फैसले से किसानों को परिवहन की अतिरिक्त परेशानी और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी।

चार साल पहले बदला गया था खरीदी केंद्र

जानकारी के अनुसार, चार साल पहले तक बहेराडीह गांव के किसानों की धान खरीदी सिवनी धान खरीदी केंद्र में होती थी। लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के चलते बहेराडीह के किसानों का खरीदी केंद्र सिवनी से हटाकर कोसमंदा कर दिया गया था। इसके बाद से किसानों को अपनी धान की उपज बेचने के लिए कोसमंदा जाना पड़ रहा था। इससे उन्हें परिवहन सहित कई तरह की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

किसान स्कूल के संचालक की पहल लाई रंग

बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल, वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव ने किसानों की इस समस्या को गंभीरता से उठाया। उन्होंने लगातार किसानों की आवाज को जिला प्रशासन तक पहुंचाया। इस संबंध में कलेक्टर से लेकर मुख्यमंत्री तक किसानों की समस्या और उनकी मांग को प्रमुखता से रखा तथा बहेराडीह के किसानों का धान खरीदी केंद्र पुनः सिवनी में बहाल करने की मांग की।

दीनदयाल यादव के निरंतर प्रयासों और किसानों की मांग के बाद अब धान खरीदी केंद्र को पुनः सिवनी में निर्धारित कर दिया गया है।

किसानों को मिलेगी बड़ी सहूलियत

चार साल बाद पुराना खरीदी केंद्र वापस मिलने से बहेराडीह के किसानों में खुशी का माहौल है। अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित कोसमंदा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नजदीकी खरीदी केंद्र मिलने से परिवहन खर्च, समय और मेहनत की बचत होगी।

किसानों ने इस निर्णय को राहत भरा कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि आगामी धान खरीदी सीजन में उन्हें पहले की तरह सिवनी केंद्र में ही अपनी उपज बेचने की सुविधा मिलेगी।

लगातार प्रयास, जनहित की मांग और किसानों की समस्या के समाधान की दिशा में मिली यह सफलता क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

किसान स्कूल बहेराडीह में विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘सीड बॉल अभियान’ का शुभारंभ

No comments Document Thumbnail

जांजगीर-चांपा- पौधरोपण और हरित आवरण बढ़ाने के लिए सीड बॉल एक सरल, सस्ता और प्रभावी माध्यम है। केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर सीड बॉल निर्माण और वितरण के माध्यम से अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने का प्रयास किया जाना चाहिए। यह बात चांपा एसडीएम पवन कोसमा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल, बहेराडीह में आयोजित ‘सीड बॉल अभियान’ के शुभारंभ कार्यक्रम में कही।

उन्होंने कहा कि सीड बॉल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल है, जो कम लागत और कम श्रम में अधिक पौधारोपण को संभव बनाती है। इस अवसर पर तहसीलदार प्रशांत पटेल ने कहा कि वर्ष 1973 से विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जा रहा है और बहेराडीह स्थित देश के पहले किसान स्कूल में इसे ‘सीड बॉल अभियान’ से जोड़कर अनोखे तरीके से मनाया गया है।

बलौदा जनपद पंचायत के संचार एवं संकर्म सभापति चूड़ामणि राठौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। बढ़ती जनसंख्या, वनों की कटाई, जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण के कारण प्रकृति का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। वहीं, सिवनी संकुल के शैक्षिक समन्वयक एवं शिक्षक अशोक तिवारी ने 100 से अधिक पौधों के रोपण का अपना अनुभव साझा करते हुए लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।

सीड बॉल लेकर किसान स्कूल पहुंचे प्रकृति प्रेमी

अभियान में सिवनी की रुखमणि पाण्डेय, शर्मीला गोस्वामी, धुरकोट की धनबाई राजन, आरसेटी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बिहान की कृषि सखियां एवं पशु सखियां, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में प्रकृति प्रेमी सीड बॉल लेकर किसान स्कूल पहुंचे।

किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव एवं रामाधार देवांगन ने बताया कि जिले में पहली बार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किसान स्कूल के माध्यम से लोगों को सीड बॉल वितरित किए गए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने की शपथ भी दिलाई गई।

आरसेटी के अरुण पाण्डेय ने सीड बॉल की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह मिट्टी, गोबर अथवा कम्पोस्ट और बीजों से तैयार की गई छोटी गोल गेंद होती है। इन्हें बंजर भूमि, पहाड़ी क्षेत्रों, जंगलों के किनारों और खाली स्थानों पर फेंका जा सकता है। वर्षा होने पर इनमें मौजूद बीज अंकुरित होकर पौधों का रूप ले लेते हैं। इस प्रक्रिया में गड्ढा खोदने या विशेष देखभाल की आवश्यकता बहुत कम होती है।

कार्यक्रम के दौरान वुशू खिलाड़ी संघ सिवनी की टीम ने किसान स्कूल को ब्रह्म कमल का पौधा भेंट किया। इस टीम में महासचिव गुलाबचंद यादव, अध्यक्ष प्रीतम दास महंत, व्यवस्थापक अविनाश मांझी, संस्थापक रीता धीवर, उपाध्यक्ष रितिका सिंह, सह सचिव ममता देवांगन सहित अन्य खिलाड़ी शामिल थे।

इस अवसर पर मितानिन रामबाई यादव, लक्ष्मीन यादव, भगवती यादव, सक्रिय महिला ललिता यादव, पशु सखी पुष्पा यादव, आरबीके साधना यादव, कृषि सखी अंजू साहू, बीना यादव, धनबाई राजन, रुखमणि पाण्डेय, शर्मीला गोस्वामी सहित सक्ती एवं जांजगीर-चांपा जिले की कृषि सखियां, पशु सखियां, मितानिन, क्रेडर्स तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

चेच और अमारी भाजी के रेशे से बने नवाचार उत्पादों ने छात्रों को किया प्रभावित

No comments Document Thumbnail

जांजगीर-चाम्पा- जय भारत इंग्लिश मिडियम स्कूल बलौदा के छात्रों और शिक्षकों ने बहेराडीह गांव में स्थित देश के पहले किसान स्कूल बहेराडीह का भ्रमण किया, जहां पर वे पहली बार चेच भाजी और अमारी भाजी के रेशे से बनाई गई रंग-बिरंगी राखियां और कपड़े को देखकर खूब प्रभावित हुए.

जय भारत इंग्लिश मिडियम स्कूल बलौदा की शिक्षका रूबी दास, आरती विश्वकर्मा और शरद राजपूत ने बताया कि जिले के जैविक क़ृषि ग्राम बहेराडीह में स्थित वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल का अपने स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ भ्रमण किया, जहां पर किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव, केंद्रीय रेशम बोर्ड, तसर अनुसन्धान केंद्र, वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के सलाहकार रामाधार देवांगन, पार्वती देवांगन, पशु सखी पुष्पा यादव व उनकी टीम द्वारा बनाई गई चेच भाजी व अमारी भाजी के रेशे से रंग बिरंगी राखियां, कपड़ा को देखकर खूब प्रभावित हुए, वहीं किसान स्कूल परिसर में प्राकृतिक खेती तकनीक का बारीकी से अवलोकन किया। स्कूल के छात्र वीर प्रताप सोनी ईशान श्रीवास, शिवम सिंह और हरि गुप्ता ने बताया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ की 36 भाजी एक साथ कभी नहीं देखा था, मगर यहां पर 56 प्रकार की भाजियों का संरक्षण और संवर्धन पहली बार देखा। छात्र हेमंत भार्गव, कुश अग्रवाल, प्रशांत गोयल और गौरी अग्रवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों के किसानों के सहयोग से विलुप्त चीजों का बड़े पैमाने पर संरक्षित सामग्री की संग्रहालय जो कि अपने आप में सराहनीय है, जिसे धरोहर का स्वरूप दिया गया है। छात्र सिमरन अग्रवाल माहि सोनी, सोना बैनर्जी तनीषा साहू और आशिता खान ने बताया कि यहां पर क़ृषि क्षेत्र में कई प्रकार की नवाचार का काम हो रही है, जिसमें केला, अलसी, भिंडी, चेच भाजी तथा अमारी भाजी के रेशे से रंग बिरंगी आकर्षक राखियों समेत कपड़ा बनाने के साथ वर्मीवाश बनाने का काम हो रहा है।



Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.