Media24Media.com: #छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस. Show all posts
Showing posts with label #छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस. Show all posts

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का मानवीय संदेश - तीजन बाई और विनोद कुमार शुक्ल से की भावनात्मक बातचीत

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संवेदनशील और मानवीय स्वभाव का परिचय दिया। राजधानी रायपुर पहुंचते ही उन्होंने प्रदेश की दो महान विभूतियों — लोक गायिका तीजन बाई और साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल — से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना।


पंडवानी की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार तीजन बाई पिछले डेढ़ वर्ष से अस्वस्थ हैं और उनका इलाज जारी है। वहीं, ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता कवि विनोद कुमार शुक्ल भी हाल ही में सांस की तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती हुए हैं। प्रधानमंत्री ने दोनों से बातचीत में कहा — “किसी भी जरूरत पर सीधे मुझसे संपर्क करें।”

विनोद कुमार शुक्ल बोले — “बस घर जाना चाहता हूं और लिखना चाहता हूं”

विनोद कुमार शुक्ल के बेटे शाश्वत गोपाल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 9 बजे प्रधानमंत्री का फोन आया था। मोदी जी ने कवि से सीधे बात करते हुए पूछा — “स्वास्थ्य कैसा है?”
इस पर शुक्ल ने जवाब दिया — “अब पहले से बेहतर महसूस कर रहा हूं।”
जब प्रधानमंत्री ने पूछा — “आप क्या चाहते हैं?” तो शुक्ल भावुक हो गए और बोले — “बस घर जाना चाहता हूं और लिखना चाहता हूं, क्योंकि लिखना मेरे लिए सांस की तरह है।”
प्रधानमंत्री ने स्नेहपूर्वक कहा — “अगर इलाज या किसी और चीज की जरूरत हो, तो बताइएगा।”

छत्तीसगढ़ को मिला पहला ज्ञानपीठ पुरस्कार

राजनांदगांव में 1937 में जन्मे विनोद कुमार शुक्ल हिंदी साहित्य की दुनिया के प्रतिष्ठित नाम हैं। उन्हें इस वर्ष ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है — यह सम्मान पाने वाले वे छत्तीसगढ़ के पहले साहित्यकार हैं।
उनकी प्रसिद्ध कृतियों में ‘नौकर की कमीज़’, ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ और ‘खिलेगा तो देखेंगे’ जैसे उपन्यास शामिल हैं।

तीजन बाई के स्वास्थ्य पर प्रधानमंत्री की चिंता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीजन बाई के स्वास्थ्य की जानकारी के लिए उनकी बहू वेणू देशमुख से भी फोन पर बात की।
मोदी जी ने स्वयं परिचय देते हुए कहा — “नमस्कार वेणू जी, मैं देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोल रहा हूं। तीजन बाई जी की तबीयत कैसी है?”
वेणू ने बताया — “मम्मी की तबीयत ठीक नहीं है, वे बहुत कमजोर हो गई हैं।”
इस पर प्रधानमंत्री ने कहा — “उनका ध्यान रखिए, और अगर किसी चीज की जरूरत हो तो सीधे मुझसे संपर्क कीजिए।”

वेणू देशमुख ने बताया कि यह कॉल करीब 1 मिनट 18 सेकंड तक चला। पहले तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री खुद फोन पर हैं, लेकिन जैसे ही उन्होंने कहा — “मैं देश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोल रहा हूं”, वे भावुक हो गईं।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा के प्रति सम्मान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “तीजन बाई छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की धरोहर हैं। उन्होंने पंडवानी कला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। वे सिर्फ छत्तीसगढ़ की नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान हैं।”

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस आज- रायपुर में 6 घंटे रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ आज अपने स्थापना दिवस का जश्न मना रहा है, और इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य की राजधानी रायपुर के एकदिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 7:35 बजे दिल्ली से रवाना हुए और सुबह 9:45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।


एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं - आम नागरिकों के लिए केवल ड्रॉप सुविधा दी गई है, जबकि आसपास के गांवों में सशस्त्र जवानों का सुरक्षा घेरा बनाया गया है।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 6 घंटे 45 मिनट रायपुर में रहेंगे और राज्य के विकास, संस्कृति और आध्यात्मिकता से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, 7 डोम तैयार

नवा रायपुर में आयोजित मुख्य राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर 7 विशाल डोम बनाए गए हैं। SPG ने सुरक्षा की अंतिम रिहर्सल पूरी कर ली है, वहीं एयरपोर्ट से नवा रायपुर तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा की मॉनिटरिंग आईजी नवनीत मेहता स्वयं कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर 10 पारंपरिक नृत्य दल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जिनके साथ करीब 27 हजार हितग्राही मौजूद रहेंगे।

‘दिल की बात’ — 2,500 बच्चों से करेंगे संवाद

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे की शुरुआत श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल से करेंगे। यहां वे हार्ट सर्जरी से स्वस्थ हुए 2,500 बच्चों से “दिल की बात” करेंगे। ये सभी बच्चे नि:शुल्क हृदय सर्जरी के बाद पूरी तरह स्वस्थ हुए हैं।

श्री सत्य साईं हेल्थ एंड हेल्थ ट्रस्ट के चेयरमैन सी. श्रीनिवास ने बताया कि कार्यक्रम में भारत के अलावा बांग्लादेश, नेपाल और भूटान से भी परिवार शामिल होंगे। अब तक अस्पताल में 37,000 से अधिक बच्चों के हृदय की सफल सर्जरी की जा चुकी है, और यहां “कोई बिल काउंटर नहीं है” — सब कुछ निशुल्क किया जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि रायपुर में जल्द ही देश का सबसे बड़ा नेशनल हेल्थकेयर स्किल सेंटर भी शुरू होगा।

 ब्रह्मकुमारी ‘शांति शिखर’ का लोकार्पण

प्रधानमंत्री मोदी नवा रायपुर के सेक्टर-20 में ब्रह्मकुमारी संस्थान के नव-निर्मित मेडिटेशन सेंटर “शांति शिखर — एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड” का उद्घाटन करेंगे। इसे दान के पैसों से राजस्थानी महल की शैली में बनाया गया है।

भवन में LED स्क्रीन युक्त ऑडिटोरियम, मेडिटेशन हॉल, लाइब्रेरी, सेमिनार हॉल और अतिथियों के ठहरने के लिए कमरे तथा डायनिंग हॉल भी हैं। निर्माण में 150 से अधिक ट्रकों में जोधपुर से लाए गए पिंक स्टोन का इस्तेमाल हुआ है। इसकी शुरुआत 15 जनवरी 2018 को हुई थी और 2023 में यह तैयार हुआ।

नवा रायपुर का नया विधानसभा भवन बनेगा छत्तीसगढ़ की नई पहचान

प्रधानमंत्री मोदी आज नवा रायपुर के सेक्टर-19 में बने नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। इसकी नींव 28 अगस्त 2020 को रखी गई थी, और लगभग 5 साल बाद यह तैयार हुआ है।

भवन 20.78 हेक्टेयर में फैला है और पूरी तरह इको-फ्रेंडली डिज़ाइन पर आधारित है। इसका स्थापत्य राष्ट्रपति भवन से प्रेरित है — विशाल गुम्बद और पारंपरिक महलनुमा डिज़ाइन इसकी खासियत हैं।

यहां अभी 90 विधायकों के लिए बैठक व्यवस्था है, लेकिन भविष्य को देखते हुए 120 सीटों की क्षमता बनाई गई है।
भवन परिसर में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की गई है।

नई बिल्डिंग में विधानसभा सचिवालय, तीन मीटिंग हॉल, सेंट्रल हॉल, मीडिया लाउंज, आर्ट गैलरी, दर्शक दीर्घा, कैंटीन, और ट्रांसजेंडर सहित सभी के लिए पृथक टॉयलेट व्यवस्था है। यहां तीन मिनी हॉस्पिटल्स की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

राज्योत्सव में करेंगे जनसंपर्क और रोड शो

प्रधानमंत्री मोदी राज्योत्सव के मुख्य कार्यक्रम में जनता को संबोधित करेंगे और कई नई विकास परियोजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं। इसके साथ ही नवा रायपुर में रोड शो भी करेंगे, जिसमें हजारों नागरिक शामिल होंगे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.