Media24Media.com: ट्रंप को मारने की सनक! व्हाइट हाउस के पास हथियारों से लैस युवक गिरफ्तार

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

ट्रंप को मारने की सनक! व्हाइट हाउस के पास हथियारों से लैस युवक गिरफ्तार

Document Thumbnail

 वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। व्हाइट हाउस के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों को उसकी कार से तीन हथियार और दर्जनों कारतूस मिले हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसके दिमाग में कुछ आवाजें आती थीं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने के लिए उकसाती थीं।


अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के मुताबिक, यह कार्रवाई गुरुवार रात वॉशिंगटन डीसी में कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू के पास की गई। सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने एक खड़ी कार में मौजूद व्यक्ति की गतिविधियों को संदिग्ध पाया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसकी गाड़ी से एक पिस्तौल, दो राइफल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए।

कार में सोते मिला संदिग्ध, गूगल ट्रांसलेट से हुई पूछताछ

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजकर 42 मिनट पर वह नीले रंग की फोर्ड F-150 पिकअप गाड़ी में सोता हुआ मिला था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की।

NBC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने अधिकारियों से बातचीत करने के लिए गूगल ट्रांसलेट का इस्तेमाल किया। इसी दौरान उसने कथित तौर पर बताया कि उसके सिर में आवाजें सुनाई देती हैं, जो उसे राष्ट्रपति ट्रंप को मारने के लिए कहती हैं। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी वर्ष 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था।

आरोपी ने किया चौंकाने वाला दावा, कार से मिले तीन हथियार

पूछताछ के दौरान क्रिनोस ने अधिकारियों को बताया कि कुछ लोग उसे मारना चाहते थे और उसने उन्हीं में से एक व्यक्ति से बंदूक छीन ली थी। उसका दावा था कि यह हथियार कार में रखे भूरे रंग के बैग में मौजूद है।

आरोपी ने यह भी बताया कि उसने करीब एक महीने पहले कुछ हथियार खरीदे थे और वह चोरी की गाड़ी में रह रहा था। उसने अधिकारियों से कहा कि वह अपने हथियार सरकार को सौंपना चाहता है।

इसके बाद अधिकारियों ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी में एक पिस्तौल, दो राइफल और कई कारतूस बरामद किए गए। हथियारों की बरामदगी के बाद मामला और गंभीर हो गया और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

हथियार रखने और चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने के आरोप

क्रिनोस पर बिना वैध अनुमति हथियार रखने और उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा बिना पंजीकरण के राइफल और पिस्तौल रखने तथा कारतूस से जुड़े तीन अलग-अलग आरोप भी दर्ज किए गए हैं।

आरोपी पर बिना अनुमति वाहन का इस्तेमाल करने, चोरी और चोरी की संपत्ति अपने पास रखने से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं। उसे सोमवार को फेडरल कोर्ट में पेश किया जाना है।

ट्रंप पर पहले भी हो चुके हैं तीन जानलेवा हमले

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई बार जानलेवा हमलों और हत्या की कोशिशों का सामना कर चुके हैं। उनके खिलाफ अब तक तीन बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

1. 13 जुलाई 2024: पेंसिल्वेनिया के बटलर में हमला

ट्रंप एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान 20 वर्षीय थॉमस मैथ्यू क्रूक्स ने दूर स्थित एक इमारत की छत से उन पर गोलियां चलाईं। एक गोली ट्रंप के दाहिने कान को छूकर निकल गई। इस हमले में रैली में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। सीक्रेट सर्विस के स्नाइपर ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया।

2. 15 सितंबर 2024: फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में साजिश

ट्रंप अपने गोल्फ क्लब में मौजूद थे। इसी दौरान 58 वर्षीय रयान वेस्ली रॉथ झाड़ियों में राइफल लेकर छिपा हुआ मिला। सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने उसकी संदिग्ध गतिविधि देखकर गोली चलाई, जिसके बाद वह भाग निकला। पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। सितंबर 2025 में अदालत ने उसे ट्रंप की हत्या की कोशिश के मामले में दोषी ठहराया।

3. 25 अप्रैल 2026: वॉशिंगटन डीसी के होटल में गोलीबारी

ट्रंप व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में शामिल होने के लिए वॉशिंगटन हिल्टन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन शॉटगन लेकर सुरक्षा जांच वाले क्षेत्र में घुस गया और बॉलरूम की तरफ बढ़ने लगा। उसने सुरक्षाकर्मियों पर गोली चलाई, जिसमें सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी घायल हो गया। बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण अधिकारी की जान बच गई। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया और ट्रंप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अमेरिकी न्याय विभाग ने एलन पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया।

व्हाइट हाउस के पास हथियारों के साथ संदिग्ध की ताजा गिरफ्तारी ने एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था और संभावित खतरों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.