रायपुर। राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां एक बेटे ने कथित तौर पर अपनी ही मां की हत्या कर दी और करीब तीन साल तक वारदात को सामान्य मौत बताकर छिपाता रहा। मामला वर्ष 2023 में दर्ज मर्ग की दोबारा जांच के बाद सामने आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिले अहम सुराग, गवाहों के बयान और पारिवारिक विवाद की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने 44 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
2023 में मां की मौत के बाद दर्ज हुआ था मर्ग
मामला खमतराई थाना क्षेत्र के धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी का है। यहां रहने वाली श्यामा गोस्वामी की मौत के बाद वर्ष 2023 में खमतराई थाने में मर्ग क्रमांक 72/2023 दर्ज किया गया था। शुरुआती जांच के दौरान मृतका के सिर पर चोट और गले में रस्सी के निशान मिलने से पुलिस को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ था।
हालांकि, उस समय मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आ सकी। बाद में मामले की दोबारा जांच शुरू हुई तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट का बारीकी से परीक्षण किया गया। परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ में मिले तथ्यों ने पुलिस को हत्या की आशंका की ओर पहुंचा दिया।
पत्नी और बच्चों को घर लाने की बात पर हुआ था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि श्यामा गोस्वामी का अपने बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर वापस लाना चाहता था। इसी बात को लेकर 5 जुलाई 2023 को मां-बेटे के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार की ओर धक्का दिया, जिससे उनके सिर में चोट लगी। इसके बाद घायल अवस्था में दर्द से कराह रही मां के सिर के पीछे आरोपी ने पास रखे सिलबट्टे के लोहे से वार कर दिया। इसके बाद पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
गुलाल और गमछे से छिपाने की कोशिश की वारदात
हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर साक्ष्य छिपाने के लिए कई तरीके अपनाए। पुलिस के अनुसार, उसने मृतका के सिर पर गमछा बांध दिया और माथे व सिर पर गुलाल लगा दिया, ताकि चोट के निशान किसी की नजर में न आएं। इतना ही नहीं, उसने अपनी मां की मौत की असली वजह बहनों और पुलिस को भी नहीं बताई।
आसपास के लोगों को भी मौत सामान्य परिस्थितियों में होने की बात बताता रहा। इस बीच मृतका की बेटी संगीता गोस्वामी को मां की मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। इसी संदेह के आधार पर पुराने मर्ग की जांच दोबारा आगे बढ़ी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में खुला हत्या का राज
दोबारा जांच के दौरान पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और पारिवारिक विवाद से जुड़े तथ्यों का मिलान किया। जांच में बेटे की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
44 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, 19 नवंबर को हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44 वर्ष), पिता स्वर्गीय अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 दर्ज कर 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तारी की।
इस कार्रवाई में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन तथा डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक रजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम शामिल रही।

.gif)