सक्ती। जिले में जुआ खेलने के दौरान पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव में जुआ खेल रहे ग्रामीणों के बीच पुलिस की दबिश पड़ते ही अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान पुलिस से बचने के लिए एक ग्रामीण ने तालाब में छलांग लगा दी। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह ग्रामीण का शव तालाब से बरामद किया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हसौद थाना पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान गांव के निवासी महेश राम केंवट ने बचने के लिए पास के तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद वह लापता हो गया।
ग्रामीण के तालाब में डूबने की आशंका को देखते हुए उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी खोजबीन के बाद सोमवार सुबह उसका शव तालाब में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने महेश राम केंवट के साथ मारपीट की थी। इसी से बचने के लिए वह तालाब में कूद गया, जहां डूबने से उसकी जान चली गई। परिजनों ने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ASP बोले- शिकायत की जांच कर होगी कार्रवाई
मामले में सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुम इंसान का मामला दर्ज किया गया था। परिजनों की ओर से पुलिस पर लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

.gif)