Media24Media.com: 8 राज्यों तक फैला नवजात खरीद-फरोख्त का नेटवर्क? दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने 30 दिन का नोटिस

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

8 राज्यों तक फैला नवजात खरीद-फरोख्त का नेटवर्क? दिवाकर अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने 30 दिन का नोटिस

Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की कथित खरीद-फरोख्त के मामले ने अब बड़ा प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में अस्पताल से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने गोगांव स्थित दिवाकर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गौरव सिंह ने अस्पताल प्रबंधन को 30 दिन का पूर्व नोटिस जारी कर लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रबंधन से सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर जवाब मांगा गया है।


अस्पताल के लेटरहेड और सील के दुरुपयोग का आरोप

प्रशासन की यह कार्रवाई पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई है। आरोप है कि नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के लिए अस्पताल के लेटरहेड, सील, पंजीयन और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। जांच में कथित तौर पर फर्जी मेमो और डिस्चार्ज टिकट तैयार करने की बात भी सामने आई है। बताया गया है कि इन दस्तावेजों में ऐसे नवजातों के जन्म और अस्पताल से छुट्टी का रिकॉर्ड दर्शाया गया, जिनका प्रसव दिवाकर अस्पताल में हुआ ही नहीं था।

फर्जी दस्तावेजों से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की कोशिश

जिला प्रशासन के नोटिस में उल्लेख किया गया है कि नवजात खरीदने वाले दंपतियों के आधार कार्ड लेकर अस्पताल के कथित फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से नगर निगम में आवेदन किए गए। आरोप है कि इस तरीके से अवैध रूप से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का प्रयास किया गया।

प्रशासन ने इन गतिविधियों को चिकित्सा संस्थान के पंजीयन और संसाधनों के दुरुपयोग का गंभीर मामला माना है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010, नियम 2013 और चिकित्सा आचार संहिता के संभावित उल्लंघन का हवाला देते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

डॉक्टर समेत अस्पताल से जुड़े तीन आरोपी जेल में

नवजात खरीद-फरोख्त मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अस्पताल से जुड़े चिकित्सक डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा भी शामिल हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल की सील का कथित दुरुपयोग कर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार किए जाते थे। इन दस्तावेजों के जरिए नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को संचालित करने में मदद मिलती थी।

जांच के दौरान नवजात बच्ची को खरीदने के आरोप में जितेंद्र खेतान को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बच्ची को दस्तयाब कर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया और उसकी सुरक्षा के लिए मातृछाया में रखा है।

मुफ्त इलाज का भरोसा देकर गर्भवती महिला को बुलाया था रायपुर

इस पूरे मामले की शुरुआत ओडिशा की एक गर्भवती महिला की शिकायत से हुई। शिकायत के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान महिला का संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और इलाज का भरोसा देकर रायपुर बुलाया। यहां उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई।

महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए नवजात बच्चे को निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम मिलने का लालच दिया। महिला के इनकार करने पर उसे कथित तौर पर डराया-धमकाया गया।

प्रसव के बाद नवजात के साथ बंधक बनाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला को नवजात बच्चे के साथ दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसे बच्चे समेत बंधक बना लिया गया और प्रसव में हुए खर्च की भरपाई नवजात को बेचकर करने की बात कही गई। महिला की सहमति के बिना बच्चे को बेचने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है।

महिला की शिकायत पर आजाद चौक थाने में BNS की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया। आगे की जांच में अस्पताल से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आने पर अन्य गिरफ्तारियां की गईं।

आठ राज्यों तक नेटवर्क फैले होने के संकेत

पुलिस की जांच में नवजात शिशुओं की कथित खरीद-फरोख्त का नेटवर्क आठ राज्यों तक फैले होने के संकेत मिले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक कितने नवजातों की खरीद-फरोख्त की गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेजों के जरिए जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामलों की भी जांच की जा रही है।

इधर, जिला प्रशासन के 30 दिन के नोटिस के बाद अस्पताल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है। जवाब और जांच के निष्कर्षों के आधार पर अस्पताल के लाइसेंस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। वहीं, पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement



Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.