रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की कथित खरीद-फरोख्त की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली एक गर्भवती महिला को मुफ्त प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को निःसंतान दंपती को बेचने के लिए दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर महिला को उसके बच्चे के साथ कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया। मामले में आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
मुफ्त इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने महिला को नि:शुल्क प्रसव और बेहतर इलाज की सुविधा दिलाने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर महिला रायपुर पहुंच गई। यहां उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या नामदेव के घर पर ठहराया गया।
प्रसव के बाद नवजात को बेचने का बनाया दबाव
पुलिस के मुताबिक, तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपती को बेचने का प्रस्ताव दिया। इसके बदले मोटी रकम मिलने का लालच भी दिया गया। हालांकि, महिला ने अपने बच्चे को बेचने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसे डराया-धमकाया जाने लगा।
बताया गया कि 4 नवंबर 2026 को महिला ने बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद उसे नवजात के साथ फिर से अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां कथित रूप से उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने प्रसव के दौरान हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर करने की बात कहते हुए उस पर लगातार दबाव बनाया।
शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं को किया गिरफ्तार
आरोपियों की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आजाद चौक पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृतिका साहू (34 वर्ष), अहिल्या नामदेव (40 वर्ष) और गीतिका नाग (36 वर्ष) के रूप में हुई है।
क्या नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है?
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों के अन्य नवजात शिशुओं की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आने की बात कही गई है। इस पहलू को लेकर पुलिस अब गंभीरता से जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे मामले में कोई संगठित गिरोह काम कर रहा था या नहीं। आरोपियों के संपर्क में रहने वाले लोगों, संभावित खरीदारों और पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल तीनों गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े कुछ और अहम खुलासे हो सकते हैं।

.gif)