Media24Media.com: जीजा के घर चोरी करने वाला सगा साला गिरफ्तार, ऑनलाइन जुए की लत में बना चोर; 37 लाख के जेवर बरामद

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

जीजा के घर चोरी करने वाला सगा साला गिरफ्तार, ऑनलाइन जुए की लत में बना चोर; 37 लाख के जेवर बरामद

Document Thumbnail

दो दिन तक जीजा के घर रुककर बनाई थी चोरी की साजिश, ग्राइंडर से तोड़ा ताला और अलमारी का लॉकर; CCTV फुटेज से खुला रिश्ते में छिपे चोर का राज


रायपुर। ऑनलाइन जुए की लत और कर्ज चुकाने की मजबूरी ने एक युवक को ऐसा अपराधी बना दिया कि उसने अपने ही रिश्तेदार के घर को निशाना बना लिया। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए पीड़ित के सगे साले को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जीजा के सूने मकान से सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी चोरी की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 37 लाख रुपये बताई गई है।

दो दिन जीजा के घर रुककर बनाई चोरी की योजना

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उनके मकान में परिवार के अन्य सदस्य अलग-अलग मंजिलों पर रहते हैं।

घटना से कुछ दिन पहले आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय अपनी बहन और प्रार्थी की पत्नी के साथ जीजा के घर दो दिन तक रुका था। इसी दौरान उसे घर की अलमारी में सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी रखे होने की जानकारी मिल गई। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव लौट चुकी है और मकान सूना है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने चोरी की साजिश रची।

ग्राइंडर से तोड़ा ताला, अलमारी का लॉकर भी काटा

प्रार्थी के अनुसार, 28 अक्टूबर को मकान की सफाई करने वाली महिला सफाई के बाद ताला लगाकर चाबी उनकी मां सुमित्रा शर्मा को सौंपकर गई थी। 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने और घर में चोरी होने की जानकारी दी।

रायपुर पहुंचने पर अनिल शर्मा ने देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे में रखी अलमारी और उसका लॉकर भी क्षतिग्रस्त था। अलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी गायब थी।

शिकायत के आधार पर टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 1004/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

CCTV फुटेज ने खोला रिश्तेदार का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करते और सीढ़ियों के रास्ते तीसरी मंजिल तक जाते दिखाई दिया।

जांच के दौरान संदिग्ध की पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा और चोरी में शामिल होने से इनकार करता रहा। हालांकि, साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

ऑनलाइन जुए में डूबा कर्ज, जीजा के घर को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी। इस वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई।

वारदात के दिन आरोपी दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुआ। इसके बाद छोटे ग्राइंडर की मदद से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़कर अंदर पहुंचा। फिर अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी चोरी कर ली।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी के बाद कुछ आभूषण घर में ही छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित तरीके से अलमारी में रख दिया था, ताकि तत्काल किसी को उस पर संदेह न हो।

37 लाख के सोने के जेवर बरामद, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 25 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त जेवरों की अनुमानित कीमत 37 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी मूल रूप से वार्ड क्रमांक 13, पंजाबीपारा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद का निवासी है। वर्तमान में वह प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा रायपुर में रह रहा था। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

रिश्तों का भरोसा तोड़कर की गई इस चोरी का खुलासा होने के बाद इलाके में भी चर्चा है। ऑनलाइन जुए की लत के चलते युवक ने न केवल कर्ज का बोझ बढ़ाया, बल्कि अपने ही जीजा के घर चोरी कर रिश्तों को भी दांव पर लगा दिया।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Next Story Older Post Home
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.